Monday, August 10, 2015

भूकंप इंजीनियरिंग में सुनहरा भविष्य

बीसवीं सदी के दौरान भूकंप विज्ञान के क्षेत्र का विस्तारहुआ और इसके दायरे में धरती के आंतरिक भाग की जाँच को भी शामिल किया गया। भूकंप विज्ञान और भूकंप इंजीनियरी के अंतर्गत भूकंपों और धरती के भीतर से होकर गुजरने वाली तरंगों का वैज्ञानिक ढंग से अध्ययन किया जाता है। इस विषय के अंतर्गत समुद्री भूकंपों, ज्वालामुखियों तथा परत संरचनाओं आदि रूपांतरणों का अध्ययन भी शामिल है।
गौरतलब है कि भूकंप धरती की सतह में अचानक, कभी-कभी तीव्र हलचलों के कारण आता है जो धरती की पर्पटी में ऊर्जा जारी होने से पैदा होती हैं। भूकंपीय तरंगें धरती के भीतर चट्टानें टूटने से अकस्मात पैदा हुई ऊर्जा की तरंगें होती हैं। भूकंप एक विनाशकारी प्राकृतिक घटना है। 
भूकंप से होने वाले जोखिम का संबंध मृदा स्थितियों, भूवैज्ञानिक संरचना और संरचनात्मक गतिविधियों के साथ है, जिनका अध्ययन क्षेत्रीय आधार पर किया जाता है। 
भूकंप वैज्ञानिकों का काम भूकंपीय घटनाओं के स्रोत, स्वरूप और आकार का पता लगाना है जिससे विभिन्न एजेंसियों द्वारा उसका इस्तेमाल किया जा सके। भूकंप विज्ञान औरभूकंप इंजीनियरी इंटरडिसिप्लिनरी क्षेत्र है जिनमें भूकंप वैज्ञानिकों के साथ तकनीशियन एवं व्यवसायी भी शामिल होते हैं जो कंप्यूटरों, भौतिक विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिस, दूरसंचार और सिविल एवं संरचना इंजीनियरी जैसे विषयों में पारंगत होते हैं। 
भूकंप वैज्ञानिक और भूकंपों के दुष्प्रभाव से संरक्षण की अपेक्षा करने वाले लोगों के बीच हम भूकंप इंजीनियर को खड़ा पाते हैं जिसका यह दायित्व है कि वह नए भवनों के निर्माण में इस बात की पुख्ता व्यवस्था करेकि भवनों को भूकंप से नुकसान न हो। उसके काम का संबंध एक तरफ विश्व के विभिन्न भागों में भूकंपों के आकार और आवृत्ति के अनुमान के संदर्भ में भूकंप वैज्ञानिकों के साथ है तो दूसरी ओर वास्तुकारों, योजनाकारों और बीमा कंपनियों के साथ है। भूकंप विज्ञान और भूकंप इंजीनियरिंग संबंधी पाठ्यक्रम भूगोल और भौतिक विज्ञान विषयों से मिलकर बनते हैं। 
चूंकि यह एक वैज्ञानिक क्षेत्र है इसलिए इस क्षेत्र में कॅरिअर बनाने हेतु बारहवीं तक भौतिकी तथा गणित विषय होना आवश्यक है।
भूकंप विज्ञान और भूकंप इंजीनियरिंग के पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षाएं भी उत्तीर्ण करनी होती हैं। भूकंप विज्ञान और भूकंप इंजीनियरिंग का कोर्स करने के उपरांत सरकारी संगठनों, एजेंसियों, उद्योग क्षेत्र या विश्वविद्यालयों में अनुसंधान के अवसर हैं। 

इन संस्थानों के अंतर्गत राष्ट्रीय भू-भौतिक अनुसंधान संस्थान, तेल और प्राकृतिक गैस निगम, मौसम पूर्वानुमान विभाग, भारतीय भू सर्वेक्षण विभाग आदि शामिल हैं।

भूकंप विज्ञान और भूकंप इंजीनियरी का कोर्स कराने वाले देश के प्रमुख संस्थान इस प्रकार हैं

1. भूकंप इंजीनियरिंग विभाग, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की। 

2.  राष्ट्रीय भूकंप इंजीनियरिंग सूचना केंद्र, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर।

3. भू-भौतिकी विभाग, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी।

4. वाडिया हिमालयी भू-विज्ञान संस्थान, देहरादून।

5. मुंबई विश्वविद्यालय, मुंबई।

No comments:

Post a Comment