Thursday, October 4, 2018

फार्माकोविजिलेंस में करियर

बचपन से मेडिसीन की पढ़ाई का सपना था पर सफलता नहीं मिलने की वजह से मेडिकल कॉलेज में एडमिशन नहीं ले पाए तो निराश होने की कोई बात नहीं. अब आपके पास एक ऐसा ऑप्‍शन है जो आपके अधूरे सपने को पूरा कर सकता है. हालांकि इस कोर्स को करने के बाद आप एमबीबीएस की डिग्री तो नहीं पा सकेंगे लेकिन एक डॉक्टर का फर्ज जरूर निभा सकेंगे.
हम यहां जिस कोर्स की बात कर रहे हैं उसका नाम है- फार्माकोविजिलेंस. दरअसल, दवाइयों से होने वाले किसी भी प्रकार के साइड इफेक्ट की पहचान, आकलन और बचाव के लिए फार्माकोलॉजिकल साइंस की मदद ली जाती है ताकि दवाइयों को ज्यादा सुरक्षित और उपयोगी बनाया जा सके. 

अगर आपकी रुचि मेडिकल के क्षेत्र में है तो यह कोर्स आपके लिए ठीक रहेगा. इसके अलावा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग और सुरक्षित रखने की भावना रखने वाले लोगों के लिए यह एक बेहतर करियर ऑप्शन है.
फार्माकोविजिलेंस का संबंध दवाइयों की उपलब्धता, डिस्ट्रीब्यूशन, पहुंच, इस्तेमाल और इससे जुड़ी दूसरी समस्‍याओं से भी है. इस फील्‍ड में विदेशों में भी नौकरियों की संभावनाएं हैं.
कोर्सेज:
सर्टिफिकेट इन फार्माकोविजिलेंस 
डिप्लोमा इन फार्माकोविजिलेंस
विषय:
बेसिक प्रिंसिपल ऑफ फार्माकोविजिलेंस
रेगुलेशन इन फार्माकोविजिलेंस
फार्माकोविजिलेंस इन क्लिनिकल रिसर्च
ड्रग रिएक्शन
मैनेजमेंट ऑफ फार्माकोविजिलेंस डाटा
रिस्क मैनेजमेंट इन फार्माकोविजिलेंस
फार्माकोइपिडेमियोलॉजी
योग्यता: 
कम से कम 50 फीसदी अंकों के साथ केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, जेनेटिक्स और बायोटेक से ग्रेजुएट या पोस्ट ग्रेजुएट या फार्मेसी और मेडिसिन में ग्रेजुएट या पोस्ट ग्रेजुएट.
चयन प्रक्रिया:
छात्रों का चयन एंट्रेंस टेस्ट, पर्सनल इंटरव्यू और स्क्रीनिंग टेस्ट पर आधारित होता है.
कहां मिलेगी नौकरी:
फार्माकोविजिलेंस से संबंधित कोर्स करने के बाद ग्लैक्सो, सन फार्मा, फाइजर, सिप्ला, निकोलस पिरामल जैसी फार्मास्युटिकल कंपनियों में नौकरी मिल सकती है. विदेशी फार्मा कंपनियां भी इस कोर्स को करने वाले भारतीय छात्रों को अच्छा पैकेज ऑफर करते हैं.
वेतन:
इस फील्ड में शुरुआत में 15 से 20 हजार रुपये मिलते हैं. वहीं, कुछ साल का अनुभव हासिल करने के बाद 30 से 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक मिल सकते हैं
कहां से करें कोर्स:
इंस्टीट्यूट ऑफ क्लीनिकल रिसर्च, नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, अहमदाबाद, हैदराबाद
वेबसाइट: www.icriindia.com
आईसीबीआईओ क्लीनिकल रिसर्च, बेंगलुरू
वेबसाइट: www.icbio.org
एम्पावर स्कूल ऑफ हेल्थ, दिल्ली
वेबसाइट: www.empower.net.in
आईडीडीसीआर, हैदराबाद
वेबसाइट: www.iddcr.com
जीआईटीएस एकेडमी, बेंगलुरू
वेबसाइट: www.gitsacademy.com
एकेडमी ऑफ क्लीनिकल रिसर्च एंड फार्मास्युटिकल मैनेजमेंट, कोलकाता
महाराजा इंस्टीट्यूट मेडिकल साइंसेज, आंध्रप्रदेश
वेबसाइट: www.mimsvzm.org

सिमोजेन इंडिया
वेबसाइट: www.symogen.net

Monday, October 1, 2018

डाटा साइंस में बनाएं करियर

देश-दुनिया में डाटा साइंस प्रोफेशनल्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। जितनी इनकी डिमांड है, उस हिसाब से प्रोफेशनल्स नहीं मिल पा रहे हैं। आउटबाउंड हायरिंग स्टार्टअप बिलॉन्ग की टैलेंट सप्लाई इंडेक्स 2018 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में चार गुना तेजी से डाटा साइंटिस्ट्स की मांग बढ़ी है। पिछले एक साल में डाटा साइंटिस्ट्स की मांग में 417 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। आइए, जानते हैं कैसे इस ग्रोइंग फील्ड में करियर बनाया जा सकता है?
टेक्नोलॉजी की दुनिया तेजी से बदल रही है। आज तकरीबन हर फील्ड में इसका इस्तेमाल होने लगा है। जिसकी वजह से जॉब्स के नए-नए अवसर भी सामने आ रहे हैं। इस फील्ड में खासकर डाटा साइंटिस्ट प्रोफेशनल्स की डिमांड पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है।
इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मुताबिक, 2018 में देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तहत डाटा साइंटिस्ट सहित डाटा से जुड़े करीब पांच लाख विशेषज्ञों की मांग है, जो 2021 तक बढ़कर 7.5 लाख से ज्यादा हो जाएगी। आईटी मंत्रालय के मुताबिक, एआई के तहत डाटा साइंटिस्ट के अलावा, डाटा आर्किटेक्ट और सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मांग भी बढ़ रही है।
सबसे ज्यादा डिमांड डाटा साइंटिस्ट की है, जो खोए हुए डाटा खोजने, गड़बड़ियों को दूर करने और तमाम खामियों से बचाव करने में मददगार होते हैं। फिलहाल सर्विस प्रोवाइडर के बीच 2.5 लाख, स्टार्टअप में 25 हजार, आईटी कंपनियों में 26 हजार, अन्य क्षेत्र की कंपनियों को 1.40 लाख और विदेशी कंपनियों में 92 हजार डाटा साइंटिस्ट्स की जरूरत है।
  
डिमांड है भरपूर
रिपोर्ट के मुताबिक, अगले तीन साल में करीब पांच लाख से ज्यादा डाटा साइंटिस्ट की जरूरत होगी। कंपनियों, संस्थानों और हेल्थकेयर क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में इसकी डिमांड बढ़ी है। आने वाले दिनों में डिजिटल क्षेत्र में भारत दुनिया में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
डाटा साइंटिस्ट गायब हुए डाटा को खोजने में मुख्य भूमिका निभाता है। साथ ही, यह तकनीक का इस्तेमाल करके डाटा का अध्ययन और उस पर निर्णय लेता है। वैसे देखा जाए, तो कुल 5.11 लाख डाटा साइंटिस्ट की मांग की तुलना में देश में महज 1.44 लाख कुशल प्रोफेशनल्स मौजूद हैं।
नेचर ऑफ वर्क
डाटा साइंटिस्ट, डाटा से जुड़ी स्टडी करते हैं। इसके तहत डाटा को जुटाकर उनके अध्ययन और एनालिसिस के माध्यम से भविष्य की योजना बनाई जा सकती है। साथ ही, डाटा साइंटिस्ट अपनी कंपनी के लिए डाटा एनालिसिस करते हैं, जिससे उसे बिजनेस में फायदा हो। डाटा साइंस में आंकड़े के विश्लेषण को तीन भागों में बांटा जाता है।
पहले डाटा को जुटाया जाता है और उनको स्टोर किया जाता है। उसके बाद डाटा की पैकेजिंग यानी विभिन्न श्रेणियों के हिसाब से उनकी छंटाई की जाती है और अंत में डाटा की डिलिवरी की जाती है। डाटा साइंटिस्ट के पास प्रोग्रामिंग, स्टेटिस्टिक्स, मैथमेटिक्स और कंप्यूटर की अच्छी जानकारी होती है।
वे डाटा को जमा करके उनका बहुत ही बारीकी से विश्लेषण करते हैं। इसके लिए वे स्टेटिस्टिक्स और मैथ्स के टूल्स का उपयोग करते हैं। इसको वे पॉवर प्वाइंट, एक्सल, गूगल विजुअलाइजेशन के जरिए प्रस्तुत करते हैं। इनके पास किसी भी तरह के डाटा को बेहतर तरीके से विजुअलाइज करने की क्षमता होती है।
साथ ही, विभिन्न सेक्टरों द्वारा दिए गए उलझाऊ और जटिल डाटा में से अहम जानकारियों को बारीकी से खंगालते हैं। वे यह भी पता लगाते हैं कि किस वजह से कंपनी की स्थिति में गिरावट आ रही है या कंपनी के लिए कौन-सा नया उद्यम ज्यादा फायदेमंद होगा।
क्वालिफिकेशन
डाटा साइंटिस्ट बनने के लिए कैंडिडेट के पास मैथ्स, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, अप्लाइड साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एमटेक और एमएस की डिग्री होना जरूरी है। यही नहीं कैंडिडेट्स को सांख्यिकी मॉडलिंग, प्रॉबेबिलिटी की नॉलेज होना बहुत जरूरी है।
इसके अलावा, पाइथन, जावा, आर, एसएएस जैसी प्रोग्रामिंग लैंग्वेज की समझ होना भी बेहद जरूरी है। एडवांस्ड सर्टिफिकेट और एडवांस्ड प्रोग्राम जैसे कुछ प्रोग्राम के लिए इंजीनियरिंग या मैथ्स या स्टेटिस्टिक्स में बैचलर डिग्री या मास्टर डिग्री होने के साथ-साथ दो वर्ष का अनुभव भी चाहिए। 
मेन कोर्सेस
डाटा साइंटिस्ट की पढ़ाई के लिए देश में कई संस्थानों द्वारा बिजनेस एनालिटिक्स स्पेशलाइजेशन में शॉर्ट टर्म कोर्स कराए जा रहे हैं। आईआईएम कोलकाता, आईएसआई कोलकाता और आईआईटी खड़गपुर ने मिल कर दो वर्षीय फुलटाइम पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन बिजनेस एनालिटिक्स प्रोग्राम की शुरुआत की है।
इसके अलावा, एडवांस्ड सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन बिजनेस एनालिटिक्स, एग्जिक्युटिव प्रोग्राम इन बिजनेस एनालिटिक्स, एडवांस्ड बिजनेस एनालिटिक्स एंड बिजनेस ऑप्टिमाइजेशन प्रोग्राम, मास्टर्स इन मैनेजमेंट, पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन मार्केट रिसर्च एंड डाटा एनालिटिक्स, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन बिजनेस एनालिटिक्स जैसे कोर्स किए जा सकते हैं।
  
जॉब्स ऑप्शन
इस फील्ड में आप डाटा साइंटिस्ट, डाटा एनालिस्ट, सीनियर इंफॉर्मेशन एनालिस्ट, इंफॉर्मेशन ऑफिसर, डाटा ऑफिसर, सॉफ्टवेयर टेस्टर, सपोर्ट एनालिस्ट और बिजनेस एनालिस्ट के तौर पर करियर बना सकते हैं। इस फील्ड में सरकारी और प्राइवेट दोनों क्षेत्रों में जॉब के बहुत मौके हैं।
अगर प्राइवेट सेक्टर की बात करें, तो आइटी, बैंक्स, इंश्योरेंस, फाइनेंस, टेलीकॉम, ई-कॉमर्स, रिटेल और आउटसोर्सिंग कंपनीज में ऐसे प्रोफेशनल्स की बहुत डिमांड है। इसके अलावा, युवाओं के लिए कंस्ट्रक्शन, यूटिलिटी, ऑयल/गैस/माइनिंग, हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर, ट्रांसपोर्टेशन, कंसल्टिंग और मैन्युफेक्चरिंग कंपनीज में भी काफी संभावनाएं हैं।
अगर चाहें तो कॉलेज या यूनिवर्सिटीज के रिसर्च विंग से भी जुड़ सकते हैं। डाटा प्रोफेशनल्स की डिमांड अमेरिका और यूरोप जैसे देशों में भी बहुत है। कई बड़ी कंपनियों जैसे गूगल, अमेजॉन, माइक्रोसॉफ्ट, ईबे, लिंक्डइन, फेसबुक और ट्विटर जैसी कंपनीज को भी डाटा साइंटिस्ट्स की जरूरत पड़ती है।
सैलरी
डाटा साइंटिस्ट्स की सैलरी उसके अनुभव पर भी निर्भर करती है। लेकिन यह काफी हाई-पेइंग जॉब है। अगर एवरेज सैलरी की बात की जाए, तो डाटा साइंटिस्ट्स को करीब 70-80 लाख रुपए सालाना तक मिल सकता है। हालांकि शुरुआती दौर में प्रोफेशनल्स को 8 से 10 लाख रुपए का सालाना पैकेज आसानी से मिल जाता है। 
प्रमुख संस्थान
आईएसआई, कोलकाता 
वेबसाइट: www.isical.ac.in 
आईआईएम, कोलकाता, लखनऊ
वेबसाइट: www.iimcal/l.ac.in 
आईआईटी, खड़गपुर
वेबसाइट: www,iitkgp.ac.in 
एमआईसीए, अहमदाबाद
वेबसाइट: www.mica.ac.in 
-आईआईएससी, बेंगलुरु 
वेबसाइट: www,iisc.ernet.in 

Sunday, September 30, 2018

भौतिकी से संवारें करियर

भौतिकी में प्राकृत जगत और उसकी भीतरी क्रियाओं का अध्ययन किया जाता है। स्थान, काल, गति, द्रव्य, विद्युत, प्रकाश, ऊष्मा तथा ध्वनि इत्यादि अनेक विषय इसकी परिधि में आते हैं। यह विज्ञान का एक प्रमुख विभाग है…
यह विज्ञान का एक प्रमुख विभाग है। इसके सिद्धांत समूचे विज्ञान में मान्य हैं और विज्ञान के प्रत्येक अंग में लागू होते हैं। इसका क्षेत्र विस्तृत है और इसकी सीमा निर्धारित करना अति दुष्कर है। सभी वैज्ञानिक विषय अल्पाधिक मात्रा में इसके अंतर्गत आ जाते हैं। विज्ञान की अन्य शाखाएं या तो सीधे ही भौतिक पर आधारित हैं अथवा इनके तथ्यों को इसके मूल सिद्धांतों से संबद्ध करने का प्रयत्न किया जाता है। भौतिकी का मुख्य सिद्धांत ऊर्जा संरक्षण का नियम है। इसके अनुसार किसी भी द्रव्य समुदाय की ऊर्जा की मात्रा स्थिर होती है। समुदाय की आंतरिक क्रियाओं द्वारा इस मात्रा को घटाना या बढ़ाना संभव नहीं। ऊर्जा के अनेक रूप होते हैं और उसका रूपांतरण हो सकता है, किंतु उसकी मात्रा में किसी प्रकार परिवर्तन करना संभव नहीं हो सकता। आइंस्टाइन के सापेक्षिकता सिद्धांत के अनुसार द्रव्यमान भी ऊर्जा में बदला जा सकता है। इस प्रकार ऊर्जा संरक्षण और द्रव्यमान संरक्षण दोनों सिद्धांतों का समन्वय हो जाता है और इस सिद्धांत के द्वारा भौतिकी और रसायन एक दूसरे से संबद्ध हो जाते हैं।
भौतिक विज्ञान की शाखाएं
भौतिक विज्ञान का विस्तृत अध्ययन करने के लिए इसे विभिन्न शाखाओं में विभाजित किया गया है। इसमें कुछ मुख्य शाखाएं हैं- यांत्रिकी, ऊष्मा, ध्वनि, प्रकाश, चुंबकत्व, विद्युत, आधुनिक भौतिकी, परमाणु भौतिकी, नाभिकीय भौतिकी, विकिरण भौतिकी, ऊर्जा भौतिकी, ठोस अवस्था भौतिकी आदि।
करियर क्षेत्र
*  मैन्यूफेक्चरिंग इंडस्ट्री
*  एजुकेशन
*  रिसर्च
*  इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन
*  डिफेंस
* एटॉमिक रिसर्च आर्गेनाइजेशंस
*  न्यूक्लियर इंस्टॉलेशंस
*  कंस्ट्रक्शन फ र्म्स
*  एविएशन इंडस्ट्री
प्रमुख शिक्षण संस्थान
*  हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला, हिमाचल प्रदेश
*  सेंट्रल युनिवर्सिटी धर्मशाला, हिप्र
*  सेंट जेवियर्स कालेज, मुंबई
*  प्रेजिडेंसी कालेज, कोलकाता
*  लॉयला कॉलेज, चेन्नई
*  कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र
*  राजकीय पोस्ट ग्रेजुएट कालेज धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश)
*  राजकीय पोस्ट ग्रेजुएट कालेज बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)
*  जम्मू यूनिवर्सिटी, जम्मू
*  जेएल नेहरू यूनिवर्सिटी, दिल्ली
*  फिजिक्स के कोसेर्ज
ग्रेजुएशन स्तर पर
*  बीएसी ऑनर्स
*  बीएसी इन अप्लाइड फिजिक्स
*  बीएसी इन फिजिकल साइंस
*  मेकेनिकल इंजीनियरिंग
*  इंजीनियरिंग इन इलेक्ट्रॉनिक्स आदि
ग्रेजुएशन के बाद
*  एमएसी इन फिजिक्स
*  एमएसी इन मेडिकल फिजिक्स
*  एमफिल इन फिजिक्स और एमफिल इन अप्लाइड फिजिक्स
*  पीएचडी एन फिजिक्स और पीएचडी इन न्यूक्लियर फिजिक्स
वेतनमान
भौतिकी के क्षेत्र में वेतनमान इस बात पर निर्भर करता है कि आप ने किस स्तर का जॉब ज्वाइन किया है। अगर आप सरकारी क्षेत्र में अध्यापन के क्षेत्र में लगे हैं, तो आरंभिक आय 30 से 40 हजार से शुरू होगी।शोध के क्षेत्र में काफी अच्छा पैकेज मिलता है।
क्या है भौतिकी
‘भौतिक विज्ञान’ विज्ञान की वह शाखा है, जिसमें ऊर्जा के विभिन्न स्वरूपों तथा द्रव्य से उसकी अन्योन्य क्रियाओं का अध्ययन किया जाता है। सतत वैज्ञानिक अध्ययनों से अब यह साबित हो चुका है कि ब्रह्मांड द्रव्य और ऊर्जा से मिलकर बना है तथा वह प्रत्येक वस्तु जो स्थान घेरती है, द्रव्य कहलाती है। कुर्सी, लोटा, बाल्टी आदि वस्तुएं क्रमशः लकड़ी, पीतल, लोहे की बनी होती है, द्रव्य कहलाती है। इनमें भार होता है और स्थान घेरती हैं। वायु, जिसे हम न तो देख सकते हैं और न ही छू सकते हैं, किन्तु यह स्थान घेरती है और इसमें भार होता है, उनमें द्रव्यमान होता है। किसी वस्तु में उपस्थित पदार्थ की मात्रा को द्रव्यमान जबकि किसी वस्तु पर पृथ्वी के लगाने वाले आकर्षण बल को भार कहते हैं।
भौतिकी एवं मानवता
आज का मानव प्रगतिशील है। वह दिन- प्रतिदन विकास के नए-नए स्रोतों की ओर अग्रसर है। इन सभी विकास आयामों में भौतिकी का अत्यन्त महत्त्वपूर्ण स्थान है। आंखों में नजर के चश्मे, कैलकुलेटर आदि भौतिकी की ही देन हैं। अन्य जीवनोपयोगी महत्त्वपूर्ण आविष्कार जैसे रेडियो, रंगीन टेलीविजन,विद्युत इंजन, टेलीफोन,कृत्रिम उपग्रह, रंगीन फोटोग्राफी, सिनेमा, मौसम की पूर्व में ही भविष्यवाणी, सौर चूल्हा, सौर बैटरी, चंद्रमा व मंगल ग्रह की यात्रा, लेसर किरणों द्वारा कैंसर का उपचार,कम्प्यूटर रोबोट आदि ने निश्चित रूप से मानव को विकास के शिखर पर पहुंचा दिया है। दूरसंचार के क्षेत्र में भी भौतिकी ने नई क्रांति ला दी है। आप्टिकल फाइबर व लेजर किरणों के उपयोग से हजारों व्यक्ति एक लाइन पर, एक साथ बात कर सकेंगे। होलोग्राफी के सिद्धान्त के उपयोग से अब त्रिविम चित्रों का प्रक्षेपण भी संभव साबित हुआ है।
भौतिकी का हो सदुपयोग
भौतिकी के रचनात्मक स्वरूप के साथ-साथ अब इसका बड़े पैमाने पर दुरुपयोग भी हो रहा है। भौतिकी की सहायता से मानव ने परमाणु बम, हाइड्रोजन बम, न्यूट्रॉन बम आदि घातक हथियार बना लिए हैं। जिनकी सहायता से वह मानवता को मिटा सकता है। अतः सभी वैज्ञानिकों का यही प्रथम प्रयास होना चाहिए कि भौतिकी का प्रयोग केवल मानव जाति को सुखी बनाने में ही किया जाए, उसको नष्ट करने में नहीं।
शैक्षणिक योग्यता
भौतिकी में करियर बनाने के लिए कम से कम शैक्षणिक योग्यता दस जमा दो में भौतिकी का विषय अवश्य होना चाहिए। उसके बाद भौतिकी के क्षेत्र में बीएससी, एमएससी और पीएचडी तक की डिग्री हासिल की जा सकती है।
महत्त्व और विकास
बहुत पहले इसको दर्शन शास्त्र का अंग मानकर नेचुरल फिलॉसफी या प्राकृ तिक दर्शनशास्त्र कहते थे, किंतु 1870 ई. के लगभग इसको वर्तमान नाम भौतिकी या फिजिक्स द्वारा संबोधित करने लगे। धीर-धीरे यह विज्ञान उन्नति करता गया और इस समय तो इसके विकास की तीव्र गति देखकर अग्रगण्य भौतिक विज्ञानियों को भी आश्चर्य हो रहा है। धीरे-धीरे इससे अनेक महत्त्वपूर्ण शाखाओं की उत्पत्ति हुई जैसे रासायनिक भौतिकी, तारा भौतिकी, जीव भौतिकी, भू-भौतिकी, नाभिकीय भौतिकी, आकाशीय भौतिकी इत्यादि।
क्या हों व्यक्तिगत गुण
साइंस का पार्ट होने के अलावा फिजिक्स काफी गंभीर सब्जेक्ट है। इसलिए वैसे स्टूडेंट्स को ही इसमें अपना करियर ढूंढने की कोशिश करनी चाहिए जो हमेशा कुछ नया करना चाहते हैं। इसके अलावा मैथ्स पर पकड़ बहुत जरूरी है क्योंकि बिना मैथ्स शायद ही फिजिक्स की कल्पना की जा सकती हो। कोई चीज जैसी है वैसी ही क्यों है? यानी हमेशा आउट ऑफ  दि बॉक्स थिंकिंग और दिमाग को खुला रखने की कसरत कुछ ऐसी बातें हैं जो फिजिक्स पढ़ने वालों के लिए जरूरी हैं।
फैक्ट्स बिना फिजिक्स नहीं
फिजिक्स को अगर कोई चीज सबसे खास बनाती है तो वह है फैक्ट्स। बिना फैक्ट्स के यहां कुछ नहीं है। अगर आप कुछ भी नया देते हैं या नया करते हैं तो उससे जुड़ा फैक्ट भी आपको देना होगा। मतलब यह कि आर्ट्स जहां सब्जेक्टिविटी पर चलता है वहीं साइंस और फिजिक्स फैक्ट पर।
जिज्ञासा का समाधान है फिजिक्स
पानी पर कोई चीज कैसे तैरती है या आसमान का रंग नीला क्यों होता है? कोई चीज ऊपर से नीचे ही क्यों गिरती है या फिर बस या गाड़ी के अचानक रुकने पर हमें झटका क्यों लगता है?
इन सब सवालों का जवाब है फिजिक्स के पास। अगर आप भी कभी अनसुलझे रहे इन सवालों की तरह दूसरी चीजों की गुत्थी सुलझाना चाहते हैं तो फिजिक्स आपका इंतजार कर रही है।
अनेकों आप्शन
दिमाग की बत्ती अगर हर छोटी-बड़ी चीज के बारे में जानने के लिए जल उठती हो और मैथ्स के समीकरणों का अच्छा ज्ञान हो तो फिजिक्स बतौर करियर एक हॉट सब्जेक्ट है। इसमें आपको कई ऑप्शन भी मिलेंगे। मसलन आप प्रोफेसर या टीचर बनकर दूसरों की ग्रेविटी बढ़ा सकते हैं तो रिसर्चर बनकर ब्रह्मांड और देश-दुनिया के अनसुलझे रहस्यों की गुत्थी सुलझा सकते हैं। इसमें इंडस्ट्री के फील्ड में भी काफी मौके हैं जिनमें ऑटोमोबाइल्स,कम्युनिकेशन आदि शामिल हैं।

Thursday, September 27, 2018

: लैइजर मैनेजमेंट में करियर

आमतौर पर लैइजर का अर्थ आराम से लगाया जाता है। जब इसके साथ मैनेजमेंट जुड़ जाता है तो इसका अर्थ यह कदापि नहीं होता कि सारा प्रबंधन आराम से किया जाए। वास्तव में यह प्रबंधन का ऐसा क्षेत्र है, जो ग्राहकों के आराम और मनोरंजन का ख्याल रखता है। इसलिए इसमें इवेंट मैनेजमेंट, रिसॉर्ट मैनेजमेंट, रेस्टॉरेंट मैनेजमेंट, डिस्क जोकिइंग जैसे करियर शामिल हैं। जिस तरह आम आदमी की क्रयशक्ति बढ़ी है और वह सप्ताहांत और छुट्टियाँ बिताने के नए-नए साधन ढूँढने लगा है, ऐसे में उसकी सुख-सुविधा का प्रबंध करने वाले लैइजर मैनेजमेंट में अवसर और राय दोनों खासे बढ़े हैं।

कठिन काम लेकिन अच्छे दाम
लैइजर मैनेजमेंट से जुड़े प्रोफेशनल्स को रोजाना उसी तरह भागदौड़ करते हुए काम करवाना पड़ता है, जैसे कि शादी के समय दुल्हन का पिता व्यवस्थाएँ जुटाता है। उन्हें लोगों को खुश करने तथा आराम पहुँचाने के नए-नए तरीकों की खोज करते रहना होता है। उन्हें कंट्री क्लब या रिसॉर्ट का प्रबंधन देखना होता है अथवा मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन उनके दैनिक कार्य का हिस्सा होता है। इसमें प्लानिंग से लेकर एक्जीक्यूशन और पोस्ट इवेंट कार्य भी शामिल होते हैं। इस काम में पैसा भी अच्छा है। लैइजर से करियर आरंभ करने वाले कई लोग तो इतने पारंगत हो जाते हैं कि वे स्वयं अपना व्यवसाय आरंभ कर सेवा प्रदान कर खासी आय अर्जित करने लगते हैं।

आमतौर पर लैइजर का अर्थ आराम से लगाया जाता है। जब इसके साथ मैनेजमेंट जुड़ जाता है तो इसका अर्थ यह कदापि नहीं होता कि सारा प्रबंधन आराम से किया जाए। वास्तव में यह प्रबंधन का ऐसा क्षेत्र है, जो ग्राहकों के आराम और मनोरंजन का ख्याल रखता है। इसलिए इसमें इवेंट मैनेजमेंट, रिसॉर्ट मैनेजमेंट, रेस्टॉरेंट मैनेजमेंट, डिस्क जोकिइंग जैसे करियर शामिल हैं। जिस तरह आम आदमी की क्रयशक्ति बढ़ी है और वह सप्ताहांत और छुट्टियाँ बिताने के नए-नए साधन ढूँढने लगा है, ऐसे में उसकी सुख-सुविधा का प्रबंध करने वाले लैइजर मैनेजमेंट में अवसर और राय दोनों खासे बढ़े हैं।

ब्रॉड रेंज है लैइजर मैनेजमेंट की
लैइजर मैनेजमेंट को एक ब्रॉड रेंज वाले करियर के रूप में लिया जाएगा, क्योंकि इसमें बहुत सारे उद्योग जुड़े हुए हैं। इसमें केवल आमोद-प्रमोद की गतिविधियाँ ही शामिल नहीं हैं बल्कि इवेंट मैनेजमेंट, रिसॉर्ट मैनेजमेंट, एम्यूजमेंट मैनेजमेंट जैसे नए-नए क्षेत्र भी शामिल हैं। टू टीयर शहरों में पनपती मॉल संस्कृति ने इसे पैर फैलाने का भरपूर अवसर प्रदान किया है।

क्या होता है लैइजर मैनेजमेंट में?
मूल रूप से लैइजर मैनेजमेंट में लोगों के आराम अथवा फुर्सत के समय का प्रबंधन करना शामिल है जिसमें कंट्री क्लब तथा रिसॉर्ट अथवा यहाँ तक कि जिम्नेशियम का प्रबंधन तक शामिल है। इसके अंतर्गत हॉलीडे पैकेजेस की डिजाइनिंग तथा ट्रेकिंग या राफ्टिंग एक्सरसंस अथवा एडवेंचर गेम्स के अन्य रूप के साथ-साथ फैशन शो या प्रदर्शनी, प्रॉडक्ट लांचिंग और सोशल फंक्शन भी आते हैं, जो इन दिनों एक हॉट करियर के रूप में माने जाते हैं।

लैइजर मैनेजमेंट में प्राइवेट पार्टियों, रोड शो, एक्जीबिशंस, कॉन्फ्रेंस, प्रमोशनल कैम्पेन, कांसर्ट्‌स, अवॉर्ड, नाइट्स जैसे आयोजन भी शामिल हैं। इसमें लाइव इवेंट्स की प्लानिंग से लेकर ऑर्गेनाइजेशन तथा एक्जीक्यूशन जैसे कार्य होते हैं, जो प्रॉडक्ट या ब्रांड लांचिंग से लेकर एक्जीबिशन, सेमिनार, प्रेस कॉन्फ्रेंस और यहाँ तक कि वर्कशॉप्स के आयोजन पर आधारित होते हैं। लैइजर मैनेजमेंट में अक्सर होटल मैनेजमेंट के कुछ पहलू भी जुड़े होते हैं, क्योंकि कई इवेंट तथा लैइजर एक्टीविटियों में खाना तथा ड्रिंक्स भी सर्व किया जाता है तथा गेस्ट्स को ठहराने की व्यवस्था भी करनी होती है।

इस क्षेत्र के प्रोफेशनल्स होटलों द्वारा ऑफर की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का प्रबंधन तथा संचालन करते हैं। इसके अंतर्गत होटल में आयोजित इवेंट के मैनेजमेंट से लेकर उसके प्रमोशन से लेकर पब्लिसिटी का दायित्व भी लैइजर मैनेजरों पर ही होता है। लैइजर मैनेजर ही मीनू तय करता है, स्टाफ का सुपरविजन करता है तथा ग्राहकों की शिकायतों को दूर करने का कार्य भी करता है।

खूब बढ़ रही है माँग
इन दिनों बड़े शहरों के बाहरी हिस्सों में विभिन्ना क्लब, रिसॉर्ट, जिम तेजी से निर्मित हो रहे हैं, जहाँ समृद्ध परिवार से लेकर आम आदमी अपने मित्रों तथा परिवारों के साथ अपने अवकाश को मौज-मस्ती के साथ बिताना चाहता है। वह इस काम पर पैसा भी खूब खर्च करता है और सुविधा भी अच्छी चाहता है। उसके इस काम में लैइजर सहयोग प्रदान करता है।

आज शहर के बाहर निर्मित रिसॉर्ट या क्लब सारी सुविधाओं तथा साधनों से सुसज्ज्ति हैं। वहाँ नए साल की पार्टियों, संगीत की महफिलों आदि का अपने सदस्यों के लिए आयोजन होता रहता है। लोग तनाव को दूर करने के लिए रोजमर्रा की जिंदगी से दूर यहाँ आकर सुकून की तलाश करते हैं और इस व्यवसाय से अच्छी आय को देखते हुए इस पर निवेश भी खूब बढ़ रहा है और करियर निर्माण के अवसर भी खूब मिल रहे हैं।

कौन-सा पाठ्यक्रम होगा उपयोगी
इस समय हमारे यहाँ लैइजर मैनेजमेंट के नाम से कोई विशेष पाठ्यक्रम संचालित नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे कोई डिग्री या डिप्लोमा कोर्स भी उपलब्ध नहीं हैं, जो लैइजर मैनेमजेंट या इंटरटेनमेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में प्रवेश की सुनिश्चितता प्रदान करते हों। लेकिन पब्लिक रिलेशंस, एडवरटाइजिंग, मॉस कम्युनिकेशंस, सेल्स एंड मार्केटिंग, होटल मैनेजमेंट अथवा बिजनेस मैनेजमेंट के पाठ्यक्रम निश्चित रूप से मदद प्रदान करते हैं।

विदेशों में लैइजर मैनेजमेंट के पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं जिसे देखते हुए कुछ निजी संस्थानों ने हमारे यह भी लैइजर मैनेजमेंट में प्रशिक्षण देना प्रारंभ कर दिया है। यदि आप चुनौती लेने के लिए तैयार हैं और आपको कठिन कार्य करने में दिलचस्पी है और आप कल्पनाशीलता, पहल करने के साथ-साथ अच्छी आयोजन क्षमता रखते हैं तो आपके लिए लैइजर मैनेजमेंट का क्षेत्र उस उर्वरा भूमि जैसा है, जो भरपूर आय और सेलिब्रिटियों के बीच रहने का अवसर प्रदान करता है।

प्रमुख संस्थान
हमारे यहाँ सभी आईआईएम तथा प्रमुख प्रबंधन संस्थानों में एमबीए का कोर्स संचालित किया जाता है। लैइजर मैनेजमेंट का क्षेत्र चुनने वालों के लिए निम्नलिखित संस्थानों द्वारा संचालित विभिन्न प्रबंधन कार्यक्रम उपयोगी हो सकते हैं :

जमनालाल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, मुंबई
एसपी जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च
वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, मुंबई
टाइम स्कूल ऑफ मैनेजमेंट दरियागंज, नई दिल्ली
लाला लाजपतराय इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, मुंबई

Tuesday, September 25, 2018

केमोइन्फॉर्मेटिक में करियर

विज्ञान में इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के समावेश से कई ऐसे क्षेत्र सामने आए हैं, जिनमें हाल के दिनों में करियर की अच्छी संभावनाएं देखी गई हैं। खासकर बायोटेक्नोलॉजी, बायोइंजीनियरिंग, बायोइन्फॉर्मेटिक आदि ऐसे क्षेत्र हैं, जिनमें देश में ही नहीं, बल्कि देश के बाहर भी करियर के अच्छे स्कोप हैं। अब इसमें एक और नया नाम जुड़ गया है केमोइन्फॉर्मेटिक्स का। यदि आप विज्ञान के क्षेत्र में कुछ नए की तलाश में हैं, तो केमोइन्फॉर्मेटिक्स आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।

क्या है केमोइन्फॉर्मेटिक?
केमिकल डाटा को कम्प्यूटर की सहायता से एक्सेस या चेंज करने का काम होता है केमोइन्फॉर्मेटिक्स में। पहले यही कार्य ढेर सारे बुक, जर्नल्स और पिरिडियोकल्स की सहायता से किए जाते थे। जाहिर है यह बेहद जटिल और समय खपाऊ काम रहा होग, लेकिन अब इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ने इस प्रक्रिया को बेहद आसान बना दिया है।
 
केमोइन्फॉर्मेटिक्स का प्रयोग ड्रग डिस्कवरी प्रक्रिया में होता है। इसमें शोधकर्ता अलग-अलग रसायनों का जैविक प्रभाव तलाशते हैं। किस रसायन का कैसा प्रभाव होगा, वह कितना खतरनाक या प्रभावी हो सकता है, इसके लिए केमिकल कंपोनेंट्स का असेसमेंट, रिप्लेसमेंट, डिजाइन आदि जरूरी होता है। एक खास सॉफ्टवेयर पर होने वाली इस पूरी प्रक्रिया के तहत शोधकर्ता केमिकल रिएक्शंस को देख भी सकते हैं। हालांकि केमोइन्फॉर्मेटिक्स का इस्तेमाल खासकर फॉर्मास्युटिकल कंपनियों में होता है, लेकिन इस खास टेक्निक का उपयोग फंक्शनल फूड बनाने के लिए न्यूट्रिशनल प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियां भी कर रही हैं। इससे न केवल दवा बनाने की प्रक्रिया तेज हुई है, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी काफी एडवांस होने लगी है।
 
कितने योग्य हैं आप?
केमोइन्फॉर्मेटिक्स एक एडवांस फील्ड है और इसमें खास विषय यानी केमिस्ट्री में रुचि रखने वाले कैंडिडेट्स अधिक बेहतर कर सकते हैं। चूंकि केमोइन्फॉर्मेटिक्स में कम्प्यूटर पर ही सारे कार्य होते हैं, इसलिए कम्प्यूटर की बेसिक समझ तो जरूर होनी चाहिए। यानी केमोइन्फॉर्मेटिक्स की फील्ड में आने के लिए साइंस बैकग्राउंड का होना जरूरी है।
 
स्टडी डेस्टिनेशन
इन दिनों ज्यादातर शिक्षण संस्थानों में साइंस की बायोइन्फॉर्मेटिक्स शाखा के तहत ही केमोइन्फॉर्मेटिक्स की पढ़ाई होती है। देश में कुछ खास शिक्षण संस्थान हैं, जहां इस विषय की पढ़ाई एक नए डिसिप्लीन के तौर पर हो रही है। मसलन, मालाबार क्रिश्चन कॉलेज, कोझिकोड, इंस्टीट्यूट ऑफ केमोइन्फॉर्मेटिक्स स्टडी, नोएडा, जामिया हमदर्द डीम्ड यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली, पुणे यूनिवर्सिटी आदि। और जो विदेश से केमोइन्फॉर्मेटिक्स की पढ़ाई करना चाहते हैं, तो उनके लिए भी कई विकल्प हैं। वे यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर, यूके, यूनिवर्सिटी ऑफ शेफिल्ड, यूके, यूनिवर्सिटी ऑफ शेफिल्ड, यूके जैसी यूनिवर्सिटी में इस कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं।
 
कोर्सेज की बात
ऊपर जिन संस्थानों की चर्चा है, इनसे आप डिप्लोमा और फूल टाइम दोनों तरह के कोर्स कर सकते हैं। दो वर्षीय एमएससी कोर्स पूरा होने के बाद इन्फॉर्मेटिक्स में रिसर्च का विकल्प खुलता है। कहीं-कहीं एक वर्षीय डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा भी कराए जाते हैं। केमोइन्फॉर्मेटिक्स में एमएससी के अंतर्गत विशेष रूप से डाटा बेस प्रोग्रामिंग, वेब टेक्नोलॉजी, डाटा माइनिंग, डाटा कलैक्शन, सैंपलिंग एवं कम्प्यूटर से ड्रग डिजाइनिंग की पढ़ाई होती है। इस फील्ड के कोर्स में प्रायोगिक प्रशिक्षण और प्रबंधन संबंधी कार्य काफी महत्वपूर्ण होते हैं।
 
अवसर ही अवसर
केमोइन्फॉर्मेटिक्स बेहतर दवा की खोज के लिए शोधकर्ताओं की क्षमता को कई गुना बढ़ा देता है, लेकिन आप सोच रहे हैं कि केवल फॉर्मा के क्षेत्र में ही विकल्प सीमित हो जाता है, तो ऐसा नहीं है। केमिकल, एग्रोकेमिकल, बायोटेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियां भी बेहतर कैंडिडेट की तलाश में रहती है। इसके अलावा, हॉस्पिटल्स, यूनिवर्सिटी रिसर्च में भी आप मौके तलाश सकते हैं।
 
एमएससी करने के बाद आपको कई तरह के पद ऑफर हो सकते हैं। लेकिन जो फ्रेश ग्रेजुएट्स हैं, उन्हें भी अच्छे पद मिल सकते हैं। वे विभिन्न कंपनियों में कम्प्यूटेशनल केमिस्ट, केमिकल डाटा साइंटिस्ट, रेगुलेट्री अफेयर्स ऑफिसर, सीनियर इन्फॉर्मेशन एनालिस्ट, डाटा ऑफिसर, ग्रेजएट आईटी ट्रेनी के रूप में नियुक्त हो सकते हैं। केमोइन्फॉर्मेटिक्स से जुड़े कैंडिडेट की मांग विदेशी कंपनियों में भी खूब हैं।

Saturday, September 22, 2018

कार्पोरेट लॉ में बनाएं करियर

कानून के क्षेत्र में लोगों को अब खूब नौकरियां मिल रही हैं। देश में अदालतें बेशक कम हों लेकिन मुकद्दमों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है इसीलिए दिन-ब-दिन वकीलों की मांग भी बढ़ रही है। देश का कानून इतना व्यापक है कि स्पैशलाइजेशन की जरूरत बढ़ जाती है, बिल्कुल मैडीकल फील्ड की तरह। आप अपनी रुचि के अनुसार किसी विशेष क्षेत्र के कानून के विशेषज्ञ के रूप में पहचान बना सकते हैं। यह क्षेत्र  एडमिनिस्ट्रेटिव लॉ, कॉन्सटिच्यूशन लॉ, फैमिली लॉ, इंटरनैशनल लॉ, साइबर लॉ, लेबर लॉ, पेटैंट लॉ, एन्वायरनमैंट लॉ, कार्पोरेट लॉ आदि में से कुछ भी हो सकता है।

कैसे बनें कार्पोरेट लॉयर
यह लीगल फील्ड का उभरता स्वरूप है। बड़े बिजनैस हाऊसेज और सरकारी विभागों को भी कई जटिल कानूनी मामलों का सामना करना पड़ता है। इन्हें हल करने के लिए कार्पोरेट लॉयर्स की मांग बड़ी तेजी से बढ़ रही है। इनका काम कम्पनी के संचालन में कानूनी नियमों का पालन सुनिश्चित करना कम्पनी से जुड़े मुकद्दमों की पैरवी करना, कम्पनी के लिए कॉन्ट्रैक्ट्स तैयार करना आदि होता है। कार्पोरेट कम्पनियों में मिलने वाले आकर्षक वेतन के चलते युवा इस तरफ आकर्षित हो रहे हैं।

कार्यक्षेत्र
समय से आगे चलने और दुनियां की भीड़ से कुछ अलग कर गुजरने की हिम्मत किसी-किसी में होती है। वैश्वीकरण के फलस्वरूप बाजार की वृहत्ता में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कम्पनियां एक साथ काम कर रही हैं जिनको प्राधिकृत करने के लिए सरकार ने नियमों की रचना की है। इसमें से कुछ नियम सरकार द्वारा तथा कुछ कम्पनियों द्वारा खुद ही तय किए जाते हैं। सरकारी नियमों के अलावा कम्पनियां कर्मियों, ग्राहकों या सहयोगियों के लिए अपने भी  नियम बनती हैं। ऐसे ही नियमों की गुत्थियों को समझने और उनकी प्राथमिकताओं को पूरा करने का भार कार्पोरेट लॉ के जानकारों का होता है। कार्पोरेट लॉ फर्म अपने ग्राहक की टैक्स प्लानिंग से लेकर, कर्मियों, सहयोगियों, शेयरधारकों यहां तक कि किरायों और समझौतों की संपूर्ण रूपरेखा बनाते हैं। कार्पोरेट लॉ फर्म किसी भी कंपनी की रीढ़ होती है, जिसके द्वारा किए गए काम से ही कंपनी की वार्षिक आमदनी और उपलब्धियों का आंकलन किया जाता है। नियमों में पारदर्शिता और स्थिरता कंपनी का भविष्य तय करती है।

कार्पोरेट लॉ का कार्यक्षेत्र
1 कम्पनी के टैक्सों का आंकलन और निष्पादन

2 नए संस्थानों के गठन की संरचना

3 लाइसैंस समझौता बनाना

4 बौद्धिक संपत्तियों को संरक्षित करना

5 शेयरधारकों के लिए नियम बनाना

6 विक्रय तथा वितरक समझौते की रूप-रेखा तैयार करना

7 ट्रेड मार्क और कॉपीराइट नियमों का निष्पादन करना

8 कर्मियों के लिए कम्पनी अधिनियमों के अनुरूप नियम बनाना

9 संयुक्त अथवा किसी भी प्रकार के उपक्रम या उद्यम की संरचना

10 नए व्यवसायों के लिए लाभ हानि की सलाह देना आदि।

कैसे मिलेगी एंट्री
ए.पी.जी. शिमला यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव डायरैक्टर प्रियंका गोयल के मुताबिक दसवीं के बाद लॉ की पढ़ाई शुरू की जा सकती है। कई यूनिवर्सिटीज और प्राइवेट कॉलेजों में पांच वर्षीय बी.ए. एल.एल.बी. कोर्स कराया जाता है। अगर आप ग्रैजुएट हैं, तो 3 वर्षीय एल.एल.बी. कोर्स के बाद इस क्षेत्र में करियर शुरू कर सकते हैं। एंट्रैंस एग्जाम में बैठने के लिए दसवीं में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिएं। देश के विभिन्न ‘नैशनल लॉ स्कूल्स’ में एडमिशन ’कॉमन लॉ एडमिशन टैस्ट (सी.एल.ए.टी.) के माध्यम से होता है। अन्य संस्थान लॉ कोर्सेज के लिए अलग-अलग एंट्रैंस एग्जाम्स आयोजित करते हैं। कॉमन लॉ एडमिशन टैस्ट में आमतौर पर इंगलिश, लॉजिकल रीजनिंग, लीगल रीजनिंग, मैथमैटिक्स और जनरल नॉलेज से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। अगर आप विदेश जाकर  लॉ की पढ़ाई करना चाहते हैं तो वहां एडमिशन की प्रक्रिया अलग हो सकती है।

प्रमुख लॉ संस्थान
1 नैशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी, बैंगलूर

2 डा. राम मनोहर लोहिया नैशनल लॉ यूनिवर्सिटी, लखनऊ

3 एपीजी शिमला यूनिवर्सिटी, हिमाचल प्रदेश

4 नैशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ, रांची

5 नैशनल लॉ यूनिवर्सिटी, जोधपुर

Wednesday, September 19, 2018

सॉइल साइंस में कॅरिअर

शिक्षण से लेकर रिसर्च और मिट्टी के संरक्षण से लेकर कंसल्टिंग जैसे कई अवसर कॅरिअर विकल्प के रूप में सॉइल साइंटिस्ट के लिए उपलब्ध हैं। एग्रीकल्चरल रिसर्च काउंसिल अपने सभी रिसर्च संस्थानों के साथ मृदा वैज्ञानिकों की सबसे बड़ी नियोक्ता है। इसके अलावा सॉइल साइंटिस्ट डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर, विश्वविद्यालयों, कृषि सहकारी समितियों, खाद निर्माताओं और रिसर्च संस्थानों के द्वारा नियुक्त किए जाते हैं। 

एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधन के रूप में मृदा एक अहम तत्व है। मृदा विज्ञान में मिट्टी का अध्ययन एक प्राकृतिक संसाधन के रूप में किया जाता है। इसके अंतर्गत मृदा निर्माण, मृदा का वर्गीकरण, मृदा के भौतिक, रासायनिक तथा जैविक गुणों और उर्वरकता का अध्ययन किया जाता है। बीते सालों में फसल उत्पादन, वन उत्पाद और कटाव नियंत्रण में मिट्टी के महत्व को देखते हुए मृदा विज्ञान के क्षेत्र में रोजगार के ढेरों अवसरों का सृजन हुआ है। अब देश भर में बड़ी संख्या में सॉइल टेस्टिंग व रिसर्च लैबोरेट्रीज स्थापित हो रही हैं। इनमें से हरेक को प्रशिक्षित पेशेवरों की जरूरत होती है, जो मिट्टी के मापदंडों का मूल्यांकन कर सकें ताकि उसकी गुणवत्ता को सुधारा जा सके। ऐसे में यह क्षेत्र रोजगार के अवसरों से भरपूर है।

क्या करते हैं सॉइल साइंटिस्ट


सॉइल साइंटिस्ट या मृदा वैज्ञानिक का प्राथमिक काम फसल की बेहतरीन उपज के लिए मृदा का विश्लेषण करना है। मृदा वैज्ञानिक मृदा प्रदूषण का विश्लेषण भी करते हैं, जो उर्वरकों और औद्योगिक अपशिष्ट से उत्पन्न होता है। इन अपशिष्टों को उत्पादक मृदा में परिवर्तित करने के लिए उपयुक्त तरीके और तकनीकियां भी वे विकसित करते हैं। इन पेशेवरों के वर्क प्रोफाइल में बायोमास प्रॉडक्शन के लिए तकनीकियों का इस्तेमाल शामिल है। वनस्पति पोषण, वृद्धि व पर्यावरण गुणवत्ता के लिए भी वे काम करते हैं। उर्वरकों का उपयोग सुझाने में भी मृदा वैज्ञानिक की भूमिका अहम होती है। सॉइल साइंस प्रोफेशनल मृदा प्रबंधन पर मार्गदर्शन करते हैं। चूंकि मृदा वैज्ञानिक रिसर्चर, डवलपर और एडवाइजर होते हैं, इसलिए वे अपने ज्ञान का इस्तेमाल बेहतरीन मृदा प्रबंधन के लिए करते हैं। मिट्टी की उर्वरकता और पानी के सही इस्तेमाल के लिए वे सलाह देते हैं। मिट्टी के अधिकतम सही उपयोग के लिए भी मृदा वैज्ञानिक जिम्मेदार होते हैं। मृदा क्षरण को वे रोकते हैं और यह भी सुनिश्चित करते हैं कि मिट्टी की उर्वरकता बरकरार और बेहतर रहे। मृदा वैज्ञानिक फील्ड के साथ-साथ लैबोरेट्री में काम करते हैं। वे डेटा बैंक, सिम्युलेशन मॉडल्स और कम्प्यूटर का उपयोग करते हैं।

क्या पढ़ना होगा


अध्ययन के मुख्य क्षेत्रों में सॉइल केमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, फिजिक्स, पेडोलॉजी, मिनरोलॉजी, बायोलॉजी, फर्टिलिटी, प्रदूषण, पोषण, बायोफर्टिलाइजर, अपशिष्ट उपयोगिता, सॉइल हेल्थ एनालिसिस शामिल हैं। छात्र सॉइल साइंस में बैचलर या मास्टर डिग्री ले सकते हैं। साथ ही वे सॉइल फॉर्मेशन (वह प्रक्रिया जिससे मिट्टी बनती है।), सॉइल क्लासिफिकेशन (गुणों के अनुसार मिट्टी का वर्गीकरण), सॉइल सर्वे (मिट्टी के प्रकारों का प्रतिचित्रण), सॉइल मिनरोलॉजी (मिट्टी की बनावट), सॉइल बायोलॉजी, केमिस्ट्री व फिजिक्स (मिट्टी के जैविक, रसायनिक व भौतिक गुण), मृदा उर्वरकता (मृदा में कितने पोषक तत्व है), मृदा क्षय जैसे क्षेत्रों में स्पेशलाइजेशन कर सकते हैं।

कॅरिअर के विकल्प


शिक्षण से लेकर रिसर्च और संरक्षण से लेकर कंसल्टिंग जैसे कई अवसर कॅरिअर विकल्प के रूप में मृदा वैज्ञानिकों के लिए उपलब्ध हैं। कृषि, वॉटर रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट्स, सॉइल एंड फर्टिलाइजर टेस्टिंग लैबोरेट्रीज, ट्रांसपोर्टेशन प्लानिंग, आर्कियोलॉजी, मृदा उत्पादकता, लैंडस्केप डवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में मृदा वैज्ञानिकों की खासी मांग है। क्रॉप एडवाइजर से लेकर संरक्षणकर्ता बनने तक सॉइल साइंस यानी मृदा विज्ञान में अनगिनत अवसर हैं। पर्यावरण और एग्रो-कंसल्टिंग फर्म्स में इस क्षेत्र के पेशेवरों की प्रबंधकीय और एग्जीक्यूटिव पदों पर खासी जरूरत है। ऐसा चलन न केवल भारत, बल्कि विदेशों में है। इस फील्ड में रिसर्च आपको आईसीएआर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंचता सकती है। इतना ही नहीं फसल उत्पादकता और मृदा स्वास्थ्य को बरकरार रखने के लिए आने वाले सालों में अधिक रोजगार उत्पन्न होगा।

अवसर


एग्रीकल्चरल रिसर्च काउंसिल अपने सभी रिसर्च संस्थानों के साथ मृदा वैज्ञानिक की सबसे बड़ी नियोक्ता है। इसके अलावा मृदा वैज्ञानिक डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर, विश्वविद्यालयों, कृषि सहकारी समितियों, खाद निर्माताओं और रिसर्च संस्थानों के द्वारा नियुक्त किए जाते हैं। मृदा वैज्ञानिक अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं। वे एनालिस्ट या मृदा सर्वेक्षक और डवलपमेंट कंसल्टेंट के रूप में काम कर सकते हैं। वे अपने सेवाएं एग्रीकल्चरल इंडस्ट्री, डवलपमेंट, कॉपरेटिव, कॉमर्शिलय बैंक के कृषि विभागों को दे सकते हैं।

यहां से करें कोर्स


इंडियन एग्रीकल्चरल रिसर्च इंस्टीट्यूट, पूसा
http://www.iari.res.in/

तमिलनाडु एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, कोयंबटूर
http://www.tnau.ac.in/

पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, लुधियाना
http://www.pau.edu/

यूनिवर्सिटी ऑफ कलकत्ता, कोलकाता
http://www.caluniv.ac.in/

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी, वाराणसी
http://www.bhu.ac.in/