Wednesday, May 9, 2018

कॉफी क्वॉलिटी मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा

कॉफी दुनिया के सबसे लोकप्रिय पेय में एक हैं। इसकी लोकप्रियता को बनाए रखने के लिए इसकी गुणवत्ता पर काफी जोर दिया जाता है। ऐसे में कॉफी क्वॉलिटी के क्षेत्र में करियर बनाने के अच्छे मौके भी मिलते हैं।

कॉफी के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वालों के लिए भारत के कॉफी बोर्ड ने पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स लॉन्च किया है। इसके छात्रों को भारतीय कॉफी कंपनियों में अच्छी नौकरियों के अवसर मिलते हैं। 

कॉफी क्वॉलिटी मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (PGDCQM) कोर्स छात्रों को कॉफी टेस्टर्स  के रूप में उनकी क्षमता विकसित करने में मदद करता है। 

कोर्स की खास बातें
- यह 12 महीने का कोर्स है जो 3 ट्राइमेस्टर में होता है। 

- छात्रों को पहले ट्राइमेस्टर में सीसीआरआई, बलेहोनुर, चिकमंगलूर में रहने की सुविधा मिलती है। दूसरे और तीसरे ट्राइमेस्टर के लिए छात्रों के बेंगलुरु में अपने रहने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।

- दाखिले हर योग्य अभ्यर्थी के लिए खुले हैं। कॉफी इंडस्ट्री के लिए स्पॉन्सर्ड अभ्यर्थियों को भी दाखिले दिए जाएंगे। 

- दाखिले अकादमिक रिकॉर्ड, पर्सनल इंटरव्यू और सेंसरी इवैल्यूएशन टेस्ट के आधार पर होंगे। 

आखिरी तारीख 
आवेदन करने की आखिरी तारीख 16 अगस्त 2016 है। 

योग्यता
उम्मीदवारों को बॉटनी, जूलॉजी, केमिस्ट्री, बायोटेक्नोलॉजी, बायोसाइंस, फूड टेक्नोलॉजी, इन्वायरमेंटल साइंस में ग्रेजुएट या एग्रीकल्चर साइंस में ग्रेजुएट होना चाहिए। ऐसे छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी जिन्हें किसी एक्सपोर्ट कंपनी/क्यूरिंग संस्थान/कॉफी प्लांटेशन से स्पॉन्सरशिप हासिल हो। 

प्रक्रिया 
आवेदन वेबसाइट से डाउनलोड या कॉफी बोर्ड, बेंगलुरु से सीधे हासिल किए जा सकते हैं। पूरी तरह से भरा हुआ आवेदन 200 रुपये की डीडी ("कॉफी बोर्ड जनरल फंड नन प्लान अकाउंट" के नाम पर) और 9 इंच X 6 इंच के सेल्फ-एड्रेसेस्ड लिफाफे के साथ 16 अगस्त पहुंचने चाहिए।

इंटरव्यू और चयन की तारीख: 31 अगस्त 2016

कोर्स फी: 2,00,000 रुपये    

Tuesday, May 8, 2018

बायोटेक्नोलॉजिस्ट कोर्स

बायो और टेक्नोलॉजी के फ्यूजन से बनी बायोटेक स्ट्रीम पूरी तरह रिसर्च बेस्ड है। आने वाले समय में अनेक फील्ड्स में इसके एक्सपर्ट्स की भारी डिमांड रहने की उम्मीद है। ऐसे में इससे रिलेटेड कोर्स कर अपने फ्यूचर को संवारा जा सकता है।
आने वाले समय में जिस क्षेत्र में सबसे ज्यादा नौकरियों के विकास की उम्मीद है, वो ‘बायोटेक्नोलॉजी’ का ही फील्ड है। इसके जरिए इंसानों, जानवरों और पौधो में तरह-तरह के प्रयोग हो रहे हैं, जो भविष्य को एक नई दिशा देंगे। बायोटेक्नोलॉजी के विशाल क्षेत्र में कई विषय आते हैं। जिनमें जेनेटिक्स, बायोकेमेस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, इम्यूनोलॉजी, वायरोलॉजी, माल्यूकुलर इंजीनियरिंग आदि मुख्य हैं। इसके अलावा मेडिसिन, एग्रीकल्चर और एन्वॉयरमेंट में भी इसका दखल बढ़ रहा है।
 
मेन कोर्सेस 
पांच वर्षीय एमएससी/एम़ टेक. कोर्स 1964-65 में कोलकाता की जादवपुर युनिवर्सिटी, बायोटेक का फुल टाइम कोर्स शुरू करने वाली देश की पहली यूनिवर्सिटी थी। इन दिनों बायोटेक का बैचलर, मास्टर्स, रिसर्च प्रोग्राम चलाने वाले कॉलेजों की लिस्ट काफी लंबी है। आप बीएससी, बीटेक, एमएससी, एमटेक, एमफिल या पीएचडी करके इसमें आगे बढ़ सकते हैं। सभी कोर्सेस में एडमिशन के लिए क्राइटेरिया और प्रोसेस अलग-अलग हो सकते हैं। जैसे एमएससी के लिए आपका किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से बायोलॉजी या उससे जुडे अन्य विषय में बीएससी होना चाहिए। एमएससी में दाखिला पाने की मुख्य प्रवेश परीक्षाएं हैं ऑल इंडिया बायोटेक्नोलॉजी एंट्रेंस टेस्ट जिसे जेएनयू कराता है। इसे पास करने के बाद आप देश की 32 यूनिवर्सिटी में से किसी एक में दाखिला ले सकते हैं। इसके अलावा आईआईटी में प्रवेश लेने के लिए आपको ज्वाइंट एडमिशन टेस्ट देना होगा।

Wednesday, May 2, 2018

डिजास्टर मैनेजमेंट में करियर

इन दिनों पूरी दुनिया में प्राकृतिक आपदाओं का दौर जारी है। बाढ़ के कारण चीन और पाकिस्तान जैसे देशों में हजारों लोगों की जान चली गई। वहीं लेह में बादल फटने के सैंकड़ों लोग मारे गए। हालांकि सूखा, बाढ़, चक्रवाती तूफानों, भूकम्प, भूस्खलन, वनों में लगनेवाली आग, ओलावृष्टि और ज्वालामुखी फटने जैसी विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का पूर्वानुमान नहीं लगाया जा सकता है, न ही इन्हें रोका जा सकता है लेकिन इनके प्रभाव को एक सीमा तक जरूर कम किया जा सकता है, जिससे जान-माल का कम से कम नुकसान हो। प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में डिजॉस्टर मैनेजनेंट यानी आपदा प्रबंधन से जुड़े लोग माहिर होते हैं। प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए आने वाले समय में यह हॉट करियर ऑप्शन हो सकता है। 

डिजास्टर मैनेजमेंट की जरूरत क्यों?

हर साल प्राकृतिक आपदाओं के कारण दुनिया भर में हजारों-लाखों लोगों की जान चली जाती है। इस मामले में भारत भी काफी संवेदनशील देश है। देश के कई हिस्से में हर साल बाढ़ की समस्या आम है। भारत में बहुत से क्षेत्र प्राकृतिक आपदाओं के लिए अति संवेदनशील हैं। एक अनुमानित आंकडा बताता है कि पिछले बीस सालों में पूरे विश्व में जमीन खिसकने, भूकंप, बाढ, सुनामी, बर्फ की चट्टान सरकने और चक्रवात जैसी आपदाओं में लगभग तीस लाख से अधिक लोगों की जान चली गई। विश्व भर में आईं प्राकृतिक आपदाओं में लगभग 90 प्रतिशत विकासशील देशों के हिस्से पडीं। देश की 70 प्रतिशत खेतिहर जमीन सूखे की आशंका की जद में है। वहीं कुल जमीन का 60 फीसदी हिस्सा भूकंप के प्रति संवेदनशील है, 12 प्रतिशत बाढ और 8 प्रतिशत चक्रवात के लिए। जब प्राकृतिक आपदाओं का पैमाना इतना बड़ा हो तो आपदा प्रबंधन से जुड़े लोगों की जरूरत होती ही है, ताकि जान-मान का नुकसान कम से कम हो।

क्या करते हैं पेशेवर ?
आपदा प्रबंधन से जुड़े पेशेवर प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जीवन बहाल करने का कार्य करते हैं। यह प्रबंधक ऐसे विशेषज्ञ लोगों के समूह का मुखिया होता है, जिनकी सेवाएं आपदा के समय अनिवार्य होती है। जैसे-डॉक्टर, नर्स, सिविल इंजीनियर, दूरसंचार विशेषज्ञ, वास्तुशिल्प, इलेक्ट्रीशियन इत्यादि। आपदा प्रबंधन की सबसे बड़ी चुनौती आपदाग्रस्त सीमा-क्षेत्र और होनेवाली क्षति का आकलन करना है। इससे इस क्षेत्र का कार्य अत्यधिक वैज्ञानिक प्रक्रिया का रूप ले लेता है। आपदाग्रस्त क्षेत्रों की भौगोलिक एवं आर्थिक स्थितियों के कारण चुनौती और भी बढ़ जाती है।

प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के केंद्र सरकार और राज्य सरकारें आवश्यक धन उपलब्ध कराती हैं। इन सबमें मुख्य सरकारी एजेंसी के रूप में गृह मंत्रालय बडी भूमिका निभाता है। वह आपदा के समय डिजास्टर मैनेजमेंट का कार्य संभालता है। कृषि एवं सहकारिता मंत्रालय सूखे और अकाल के वक्त अपनी जिम्मेदारियां निभाता है। वहीं, अन्य विपदाओं के लिए दूसरे मंत्रालय भी जिम्मेदार होते हैं, जैसे- हवाई दुर्घटनाओं के लिए सिविल एविएशन मिनिस्ट्री, रेल दुर्घटनाओं के लिए रेल मंत्रालय, वन एवं पर्यावरण मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और परमाणु ऊर्जा मंत्रालय आदि भी विभिन्न प्रकार की विपदाओं के समय जिम्मेदारियां निभाते हैं। डिजास्टर मैनेजमेंट में प्रशिक्षित लोग आपदा के वक्त बहुमूल्य होते हैं।

कौन बन सकता है आपदा प्रबंधक?

कोई भी व्यक्ति यह कार्य कर सकता है। हममें से प्रत्येक व्यक्ति दिन-प्रतिदिन अपने-अपने स्तर पर आपदा प्रबंधन का कार्य करते हैं। यदि किसी व्यक्ति के मन में जनसेवा का भाव है और वह अत्यधिक दबाव तथा तनावपूर्ण स्थितियों में कार्य कर सकता है। उसका जोश बना रहता है तथा आपदा एवं भारी खतरे होने के बावजूद वह पूरे उत्साह से दिन भर कार्य कर सकता है, तो वह व्यक्ति प्रभावी आपदा प्रबंधक बन सकता है।

पहल सरकार की
भारत सरकार ने इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की। मानव संसाधन मंत्रालय ने दसवीं पंचवर्षीय परियोजना में डिजास्टर मैनेजमेंट को स्कूल और प्रोफेशनल एजुकेशन में शामिल किया था। वर्ष 2003 में पहली बार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने आठवीं कक्षा के सामाजिक विज्ञान विषय के पाठ्यक्रम में इसे जोडा। फिर आगे की कक्षाओं में और सरकारी व गैर सरकारी उच्च शैक्षणिक संस्थाओं में भी डिजास्टर मैनेजमेंट की पढ़ाई होनी लगी।

किस तरह के कोर्स

देश के कई प्रबंधन संस्थान डिजास्टर मैनेजमेंट में सर्टिफिकेट से लेकर पीजी डिप्लोमा लेवल के कोर्स संचालित करते हैं। वहीं कई विश्वविद्यालय डिग्री लेवल कोर्स भी ऑफर कर रहे हैं। डिजास्टर मैनेजमेंट के कोर्स रेगुलर और डिस्टेंस लर्निग के माध्यम से भी कर सकते हैं।
भारतीय पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण संस्थान, नई दिल्ली एक ऐसा ही संस्थान है। यहां आपदा प्रबंधन में दो वर्ष का स्नातकोत्तर दूरवर्ती अध्ययन शिक्षा कार्यक्रम चलाया चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए न्यूनतम योग्यता किसी भी विषय में स्नातक है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने आपदा प्रबंधन का प्रमाण-पत्र कार्यक्रम शुरू किया है। देश में आपदा की गहनता में वृद्धि तथा अंतराल में होनेवाली कमी को ध्यान में रखते हुए छह माह का पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। भोपाल गैस त्रासदी के बाद आपदा प्रबंधन संस्थान (डीएमआई) की स्थापना की गई। यहां खतरनाक तत्वों के प्रबंधन, जोखिम विश्लेषण, स्थल पर तथा स्थल से बाहर आपात स्थितियों की योजना बनाने एवं प्राकृतिक आपदाओं के प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम चलाए जाते हैं।

योग्यता

सर्टिफिकेट कोर्स के लिए न्यूनतम योग्यता बारहवीं पास है, जबकि मास्टर डिग्री या पीजी डिप्लोमा के लिए न्यूनतम योग्यता स्नातक है। इस कोर्स में एडमिशन लेने वालों में हर परिस्थिति में काम करने का जज्बा जरूर होना चाहिए। कुछ संस्थान प्रोफेशनल के लिए भी सर्टिफिकेट कोर्स चलाते हैं।

पाठ्यक्रम
डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत रिस्क असेसमेंट ऐंड प्रिवेंटिव स्ट्रैटेजीज, लेजिस्लेटिव स्ट्रक्चर्स फॉर कंट्रोल ऑफ डिजास्टर मिटिगेशन, ऐप्लिकेशन ऑफ जीआईएस इन डिजास्टर मैनेजमेंट, रेस्क्यू आदि विषय आते हैं। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में स्पेशलाइजेशन भी किया जा सकता है, जैसे- माइनिंग, केमिकल डिजास्टर और टेक्निकल डिजास्टर वगैरह।

करियर की संभावनाएं

डिजास्टर मैनेजमेंट के क्षेत्र में आम तौर पर सरकारी नौकरियों में, आपातकालीन सेवाओं में, लॉ इन्फोर्समेंट, लोकल अथॉरिटीज, रिलीफ एजेंसीज, गैर सरकारी प्रतिष्ठानों और यूनाइटेड नेशन जैसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों में नौकरियों की अच्छी संभावनाएं हैं। प्राइवेट सेक्टर में भी आपको जॉब मिल सकती है, जैसे केमिकल, माइनिंग, पेट्रोलियम जैसी रिस्क इंडस्ट्रीज में। आमतौर पर इन इंडस्ट्रीज में डिजास्टर मैनेजमेंट सेल होता है। अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं रेडक्रॉस और यूएन प्रतिष्ठान भी प्रशिक्षित पेशेवर को काम पर रखते हैं। अनुभव हासिल करने के बाद खुद की कंपनी या फिर एजेंसी भी खोली जा सकती है।

इंस्टीट्यूट वॉच

 इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू), नई दिल्ली

नॉर्थ बंगाल यूनिवर्सिटी, दार्जिलिंग

इंटरनेशनल सेंटर ऑफ मद्रास यूनिवर्सिटी, चेन्नई

 सिक्किम मनिपाल यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ, मेडिकल ऐंड टेक्नोलॉजिकल साइंसेज, गंगटोक

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इकोलॉजी ऐंड एनवायरनमेंट, नई दिल्ली

नेशनल सेंटर फॉर डिजास्टर मैनेजमेंट, इंद्रप्रस्थ एस्टेट, रिंग रोड, नई दिल्ली
सेंटर फॉर सिविल डिफेंस कॉलेज, नागपुर

एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन ट्रेनिंग ऐंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, हैदराबाद

डिजास्टर मिटिगेशन इंस्टीट्यूट, अहमदाबाद

एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन ट्रेनिंग ऐंड रिसर्च इंस्टीट्यूट हैदराबाद

सेंटर फॉर डिजास्टर मैनेजमेंट, पुणे

एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट, नोएडा

 नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी, पटना

 राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी, इलाहाबाद।

Tuesday, May 1, 2018

मॉडलिंग में करियर

इसमें अब नेम और फेम के साथ पैसा भी कम नहीं है। यही वजह है कि आज इस क्षेत्र में काफी युवा अपना करियर तलाश रहे हैं और सफल भी हो रहे हैं। लेकिन मॉडलिंग की दुनिया में कैसे कदम बढ़ाएं, इस बारे में एक्सपर्ट क्या कहते हैं,
क्या आपके दोस्त आपको ‘मॉडल’ कह कर हल्की-फुल्की छेड़छाड़ करते हैं? अगर हां तो उनकी इस प्यार-भरी छेड़छाड़ को गंभीरता से लीजिए। हो सकता है आप में एक सफल मॉडल बनने के तमाम गुण मौजूद हों और आप अपनी इस प्रतिभा से बेखबर हों। अगर ऐसा है तो मॉडलिंग के क्षेत्र में आप निश्चित ही सफलता पा सकते हैं, बशर्ते आप में कठिन परिश्रम के साथ एक दीवानापन भी हो। यह दीवानगी आपको दौलत के साथ-साथ शोहरत भी दिलवा सकती है। लेकिन मॉडलिंग एक दिन की कला नहीं है। अभ्यास से ही इसे निखारा जा सकता है। दरअसल यह फील्ड शुद्घ रूप से आपके व्यक्तित्व (पर्सनेलिटी) से ही जुड़ी हुई है। यहां आप अपने आपको कैसे पेश करते हैं, यह ज्यादा महत्त्वपूर्ण होता है।
क्या गुण होने चाहिए?
आपका चेहरा फोटोजेनिक होना चाहिये। प्रारम्भ में मॉडलों का चयन फोटो देख कर ही किया जाता है। उसके बाद रैम्प पर उतरने के पूर्व कई परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है। इसमें व्यक्तित्व को खास रूप से परखा जाता है। अच्छी हाइट, फिटनेस, फिगर एवं खूबसूरत चेहरा होने के साथ ही ‘प्लीजिंग’ एवं ‘स्माइलिंग पर्सनेलिटी’ भी इस क्षेत्र में लुभाने की क्षमता रखती है। मॉडलिंग में ‘बॉडी लेंग्वेज’ का भी खास महत्त्व होता है। आपकी हर अदा को मॉडलिंग के दौरान परखा जाता है।
शुरुआत कैसे करें?
स्कूल-कॉलेज में आयोजित मिस्टर फ्रेशर, मिस्टर कॉलेज, मिस कैम्पस जैसी छोटी-मोटी सौन्दर्य प्रतियोगिताओं से आप शुरुआत कर सकते हैं। यहां आपके व्यक्तित्व को बखूबी परखा जाता है। इसके लिये आपको हर क्षेत्र की पर्याप्त जानकारी भी होनी चाहिए। ‘प्रेजेन्स ऑफ माइंड’ भी यहां महत्त्वपूर्ण होता है। मॉडलिंग के लिए सबसे पहले एक पोर्टफोलियो की जरूरत पड़ती है। एक अच्छा फोटोग्राफर ऐसा फोलियो बना देता है। इस पर आने वाला खर्च लगभग 20 हजार रुपये हो सकता है। एक पेशेवर मॉडल बनने के लिए काफी पैसा खर्च होता है।
मॉडलिंग में स्थापित होने के लिए क्या करें?
मॉडलिंग एक कला है और किसी काल को किसी संस्था विशेष से नहीं सीखा जा सकता। वे मॉडल, जिनमें जन्मजात प्रतिभा होती है, उन्हें किसी खास ग्रूमिंग की जरूरत नहीं होती। हां, व्यावहारिक अनुभवों के साथ ही कई कोर्स इस दिशा में लाभ जरूरत पहुंचा सकते हैं। किसी कुशल कोरियोग्राफर का साथ एक मॉडल को उन्नति के शिखर पर पहुंचा सकता है। वही मुख्य रूप से गाइड करता है कि मॉडल की भूमिका क्या होगी। रैम्प पर चलने के लिए विशिष्ट वॉक (कैटवॉक) को निखारने की जिम्मेदारी भी उसकी होती है। मॉडलिंग के लिये आकर्षक फिगर के लिये जिम का सहारा लिया जा सकता है। ‘पर्सनेलिटी ग्रूमिंग’ एवं ‘ब्यूटी कल्चर’ का कोर्स भी इस क्षेत्र में सफलता का साधन बन सकता है। मॉडलिंग में कामयाब होने के लिए आपका सम्पर्क विज्ञापन-मॉडलिंग एजेन्सियों एवं मॉडल कोऑर्डिनेटरों से भी होना चाहिए। ‘ईवेन्ट मैनेजमेन्ट ग्रुप’ से आपका परिचय भी जरूरी है।
मॉडलिंग का भविष्य
मॉडलिंग इंडस्ट्री में सौन्दर्य प्रतियोगिताओं का खास स्थान है। पहले फैमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता होती थी, अब ग्रासिम मिस्टर इंडिया, ग्लैडरैग्स, मिसेज इंडिया, मेट्रोपॉलिटन टॉप मॉडल जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अलावा मिस वर्ल्ड, मिस यूनिवर्स, मिस इंडिया, एशिया पेसिफिक, ग्रासिम मिस्टर इंटरनेशनल जैसी अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हो रही हैं। मॉडलों के लिए अन्तरराष्ट्रीय बाजार में भी सुनहरे अवसर उपलब्ध कराने वाले अनेक दरवाजे खुले हैं।
फिल्म इंडस्ट्री की पुरानी मान्यता थी कि सफल मॉडल एक अच्छा एक्टर या एक्ट्रेस नहीं बन सकता, मगर सुपर मॉडलों ने इस मान्यता को तोड़ कर फिल्म इंडस्ट्री में भी अपने कदम जमा लिये।
ऐश्वर्या राय, सुष्मिता सेन, प्रियंका चोपड़ा, जॉन अब्राहम, अर्जुन रामपाल, डिनो मोरिया- इन सभी मॉडलों ने मॉडलिंग को एक नया आयाम प्रदान किया है, जिससे मॉडलिंग का भविष्य अब पहले की अपेक्षा ज्यादा सुरक्षित हो गया है।
प्रमुख संस्थान
कैटवॉक,
हौजखास एन्क्लेव, नई दिल्ली
द रैम्प
गुलमोहर पार्क,नई दिल्ली
प्लेटिनम मॉडल्स,
शिवालिक,नई दिल्ली
अदिति मॉडलिंग सर्विस
बेंग्लुरू
ओजोन मॉडल्स मैनेजमेंट
सान्ता क्रूज (पश्चिम), मुम्बई
वाईएसजी वर्ल्डवाइड मॉडल एण्ड प्रमोशन एजेंसी
मुम्बई
एजुकेशन लोन
आमतौर पर इसके लिए एजुकेशन लोन नहीं मिलता, पर कुछ निजी कंपनियां आपके टेलेंट को देख कर आपके साथ कॉन्ट्रेक्ट साइन कर सकती हैं।
कुछ कॉरपोरेट घराने न्यू कमर्स को प्रमोट करने के लिए मॉडलिंग सौन्दर्य प्रतियोगिता में विजयी लोगों को सपोर्ट भी करते हैं, लेकिन यह सपोर्ट विशुद्घ व्यावसायिक होती है।
संभावनाएं
मॉडलिंग एक अल्पकालीन पेशा है। एक निश्चित उम्र और समय तक ही आप मॉडलिंग कर सकते हैं, लेकिन अब धीरे-धीरे इसका विस्तार हो रहा है। एक मॉडल भविष्य में मॉडल कोऑर्डिनेटर बन कर इस इंडस्ट्री में जम सकता है और मॉडलिंग और फैशन से जुड़े इंस्टीट्यूट भी खोल सकता है, जहां भावी मॉडल्स को सफलता के नये-नये गुर सिखा कर अच्छी कमाई भी कर सकते हैं।
आय
कम समय में जितना ज्यादा फेम और पैसा मॉडलिंग पेशे में है, उतना किसी और लाइन में नहीं। पुराने स्थापित मॉडलों को चन्द मिनटों में ही ढाई लाख से अधिक रुपये मिलते हैं, जबकि तीन-चार साल पुराने जमे मॉडल भी एक लाख से भी अधिक कमा लेते हैं। जो बिल्कुल नये हैं, लेकिन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं, उन्हें भी 50-60 हजार मिल जाते हैं। कुल मिला कर आपकी प्रसिद्घि ही मॉडलिंग इंडस्ट्री में आपकी कीमत तय करती है।
एक्सपर्ट व्यू
शौकिया मॉडल्स की अब इंडस्ट्री को जरूरत नहीं
इस क्षेत्र का व्यापक विस्तार हो रहा है, इसलिये पूरी तैयारी के साथ इस फील्ड में आएं।
परवेज के., फैशन फोटोग्राफर और कोऑर्डिनेटर
परवेज क़े ने आज से 10 साल पहले एक फैशन फोटोग्राफर के रूप में अपना करियर शुरू किया, लेकिन धीरे-धीरे इन्होंने मॉडल कोऑर्डिनेटर के रूप में खुद की पहचान बना ली। परवेज के आज स्थापित फैशन फोटोग्राफर और मॉडल कोऑर्डिनेटर हैं। शुरुआती दौर में परवेज ने फैशनिस्ता मॉडलिंग एंड फैशन इंस्टीटय़ूट के साथ काफी काम किया। धीरे-धीरे इन्होंने देश के जाने-माने फैशन मॉडल्स अमित रंजन, मींटू तोमर, सिद्घान्त, साहिबा सिंह, सोनल सिंह जैसे जाने-माने मॉडलों के साथ काम किया। परवेज देश-विदेश के कई जाने-माने ब्रांड, इगले शूज, कनेडियन ब्रांड गोर्गी के साथ भी काम कर चुके हैं।
इस क्षेत्र में फैशन फोटोग्राफर और मॉडल कोऑर्डिनेटर की क्या भूमिका होती है?
मॉडल को बनाने में फैशन फोटोग्राफर और मॉडल कोऑर्डिनेटर की सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। मॉडल कोऑर्डिनेटर जहां एक फ्रैशर मॉडल को काम दिलाने में सहायक की भूमिका निभाता है, वहीं फैशन फोटोग्राफर उसका एक अच्छा पोर्टफोलियो बना देता है, ताकि मॉडल को काम मिलना शुरू हो जाये। मॉडल का सिर्फ अच्छा दिखना ही काफी नहीं है, उसे प्रोफेशनली खुद को ‘कैरी’ करना भी आना चाहिए।
मॉडलिंग के लिए युवाओं को कैसे तैयारी करनी चाहिए?
मॉडलिंग के क्षेत्र में आने वाले युवाओं को मैं यही कहना चाहूंगा कि अब इस क्षेत्र का व्यापक विस्तार हो रहा है, इसलिये पूरी तैयारी के साथ इस फील्ड में आएं। शौकिया मॉडल्स की अब इंडस्ट्री को जरूरत नहीं है। अब हमें भी अन्य क्षेत्रों की तरह यहां भी प्रोफेशनल्स की जरूरत है।

Monday, April 30, 2018

बाॅयोफिजिक्स में कैरियर

बाॅयोफिजिक्स उभरता हुआ क्षेत्र है और इसमें जॉब की संभावनाएं भी काफी अच्छी हैं। कैसी मिल सकती है इस फील्ड में एंट्री और क्या है फ्यूचर प्रॉस्पेक्ट, आइए नजर डालते हैं। बाॅयोफिजिक्स, फिजिक्स और बाॅयोलॉजी के बीच का ब्रिज है, जिसमें जैविक प्रक्रिया में भौतिकी के उपयोग का अध्ययन किया जाता है।
इसके अंतर्गत मोल्यूक्यूलर बाॅयोफिजिक्स, फिजियोलॉजिकल बाॅयोफिजिक्स, मेडिकल फिजिक्स, न्यूक्लियर मेडिसिन, जीन- प्रोटीन इंजीनियरिंग, बायो इंफॉर्मेटिक्स आदि का अध्ययन किया जाता है, जिनके विकास से मेडिसिन और मेडिकल तकनीक के विकास को दिशा मिलती है। इसमें करियर के विषय के बारे में लखनऊ के आईटी कॉलेज के बायोफिजिक्स के प्रोफेसर डॉ रवि कुमार बता रहे हैं...

बीमारियों के इलाज में मिलती है मदद

बाॅयोफिजिक्स से जैविक स्तर पर कैंसर सहित विभिन्न बीमारियों के बढ़ने के संबंध में होने वाले अध्ययन में मदद मिलती है। मोल्यूक्यूलर बाॅयोफिजिक्स का दूसरा क्षेत्र है, जिसमें सैद्धांतिक और कम्प्यूटेशनल तकनीक के प्रयोग से अणु के व्यवहार का प्रतिरूप तैयार किया जाता है।
इसका इस्तेमाल बीमारियों के अध्ययन और उनके इलाज के काम आते हैं। बाॅयोफिजिक्स की मदद से संक्रामक बीमारियों की पावरफुल वैक्सीन तैयार की जाती है। इस फील्ड में जो प्रोफेशनल काम करते हैं, उसे ‘बायोफिजिसिस्ट’ कहते हैं।बॉयोफिजिक्स के खास क्षेत्र
मोल्यूक्यूलर बायोफिजिक्स
इस फील्ड में मोल्यूक्यूल्स और पार्टिक्लस के संबंध मे स्टडी किया जाता है।
रेडिएशन बाॅयोफिजिक्स
इस फील्ड में ऑर्गनिज्म पर रेडिएशन जैसे- अल्फा, बीटा, गामा, एक्सरे और अल्ट्रा वायलेट लाइट का क्या असर होता है, इस पर अध्ययन किया जाता है।
साइकोलॉजिकल बाॅयोफिजिक्स
इसमें फिजिकल मेकेनिज्म द्वारा लिविंग ऑर्गनिज्म के व्यवहार और क्रिया के बारे में स्टडी किया जाता है।
मेडिकल बाॅयोफिजिक्स
इसके अंतर्गत मेडिकल ऐप्लिकेशन के क्षेत्र में बाॅयोलॉजिकल प्रोसेस के प्रभाव को जानने के लिए फिजिक्स का इस्तेमाल किया जाता है।
मैथमैटिकल और थ्योरोटिकल बाॅयोफिजिक्स
इसमें मैथमैटिकल और फिजिक्स के थ्योरी के आधार पर लिविंग ऑर्गनिज्म के व्यवहार के बारे में अध्ययन किया जाता है।

योग्यता

बायोफिजिक्स की स्डटी के लिए जरूरी है कि अंडरग्रेजुएट लेवल पर फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी सब्जेक्ट हो। भारत में ऐसे कुछ ही यूनिवर्सिटीज हैं, जो बायोफिजिक्स के अंडर ग्रेजुएट लेवल कोर्स आॅफर करती हैं। वैसे, अधिकतर बायोफिजिसिस्ट अपने करियर की शुरुआत बायोफिजिक्स की डिग्री के बाद ही की है। इसके बाद मास्टर और पीएचडी कर सकते हैं। बायोफिजिक्स कोर्स के अंतर्गत मोल्यूक्यूलर बायोफिजिक्स, मेंमब्रेंस बायोफिजिक्स, न्यूरोबायोफिजिक्स, बायोफिजिक्ट तकनीक, बायोएनर्जेटिक्स, मेडिकल बायोफिजिक्स आदि आते हैं।

इंस्टीट्यूट वॉच

  • आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस, नई दिल्ली
  • महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी, फैकल्टी आफ अप्लाइड साइंस, कोट्यम, केरला
  • यूनिवर्सिटी आफ कल्यानी, नाडिया, पश्चिम बंगाल
  • मणिपुर यूनिवर्सिटी, मणिपुर
  • पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़
  • यूनिवर्सिटी आफ मद्रास, चेन्नई
  • यूनिवर्सिटी आफ मुंबई, मुंबई

कार्यक्षमता

बाॅयोफिजिसिस्ट के लिए क्रिएटिव सोच होना बहुत जरूरी है। फिजिकल वर्ल्ड के प्रति जिज्ञासा होने के साथ-साथ अच्छी राइटिंग और कम्प्यूटर स्किल जरूरी है। फिजिक्स, बाॅयोलॉजी और मैथमैटिक्स विषय पर अच्छी पकड़ होने के साथ-साथ विज्ञान की दुनिया में हो रहे अद्भुत घटनाओं के प्रति दिलचस्पी रखना आवश्यक है। साथ धैर्य, दृढ़ता और काम के प्रति लगन करियर में बुलंदियों पर ले जा सकती है।

जॉब के अवसर

जो छात्र फिजिक्स और बाॅयोलॉजी में रूचि रखते हैं। वह बाॅयोफिजिक्स के क्षेत्र में करियर बना सकते हैं। इस फील्ड में ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट की तुलना में पीएचडी करने वाले छात्रों के लिए काफी संभावनाएं हैं। बाॅयोफिजिसिस्ट बाॅयोफिजिक्स रिसर्चर और साइंटिस्ट के रूप में गवर्नमेंट ऑर्गनाइजेशन में जॉब की तलाश कर सकते हैं। साथ ही, बाॅयोफिजिक्स से संबंधित कंपनियों में भी जॉब के खूब अवसर हैं। फॉर्मास्यूटिकल और हाईटेक बाॅयोलॉजिकल कंपनियां भी इनको हायर करती हैं। मेडिकल और डेंटल कॉलेज में भी लेक्चरर के रूप में जॉब की तलाश की जा सकती है। इसके अलावा, फॉरेंसिक लैब, केमिकल कंपनिज, फूड प्रोसेसिंग प्लांट्स, ड्रग मैन्यूफैक्चर्स, कॉस्मेटिक इंडस्ट्री, फर्टिलाइजर-पेस्टिसाइड कंपनियों में भी इनके लिए जॉब ऑप्शंस होते हैं।

सैलरी पैकेज

इस फील्ड में सैलरी अनुभव और ऑर्गनाइजेशन पर भी निर्भर करती है। हालांकि एंट्री लेवल पर भी अच्छी सैलरी की उम्मीद की जा सकती है। शुरुआती दौर में प्रतिमाह 15-20 हजार रुपए प्रतिमाह सैलरी मिल जाती है। अगर आपका परफॉर्मेंस अच्छा रहता है, तो सैलरी और भी अच्छी हो सकती है, लेकिन जो रिसर्च सेक्टर में काम करते हैं, उनकी सैलरी अच्छी होने से साथ-साथ कई तरह का अलाउंस भी मिलता है।

Sunday, April 29, 2018

आधारिक संरचना प्रबंधन में कॅरियर

हमारा देश बहुत तेजी से आर्थिक विकास की डगर पर आगे बढ़ रहा है। क्रयशक्ति क्षमता के आधार पर तो भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। इसे देखते हुए अपने देश के विकास को गति देने के लिए आधारिक संरचना का द्रुत गति से विकास बहुत जरूरी हो गया है। इस प्रक्रिया में, एक ओर शहरी आधारिक संरचना का विकास तो दूसरी ओर ग्रामीण आधारिक संरचना का विकास जरूरी है। इसमें उन परिष्कृत आधारिक संरचना का विकास तथा प्रबंधन तकनीकों का पता लगाने और उन्हें लागू करने की जरूरत है जो आधुनिकीकरण की बदलती हुई माँग को पूरा करें। दूसरी ओर गाँवों तथा ग्रामीण जनसंख्या को शेष देश से जोड़ने की आवश्यकता है। ग्रामीण परिवहन, ग्रामीण आवास, विद्युत वितरण तथा सिंचाई सुविधाओं की एक सम्पूर्ण नए दृष्टिकोण से समीक्षा की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि सार्वजनिक आधारिक संरचना एवं सार्वजनिक-निजी सहभागिता वाली आधारिक संरचना के अतिरिक्त हमारे पास विकसित विश्व के अनुरूप ढलती निजी आधारिक संरचनाएँ जैसे मकान, दुकान, कार्यालय तथा मॉल हैं। इन सबको देखते हुए हमारे देश की केन्द्र सरकार ने निजी संस्थानों तथा विदेशी प्रत्यक्ष निवेश के लिए आधारिक संरचना उद्योग के दरवाजे खोल दिए हैं जिस पर अब तक सार्वजनिक क्षेत्र का एकाधिकार था। इसे देखते हुए हमारे देश को ऐसे लोगों की जरूरत है जो विभिन्न चुनौतियों का स्थायी समाधान कर सकें। इसके लिए विशेष रूप से आधारिक संरचना प्रबंधकों की जरूरत पड़ती है जो सशक्त तकनीकी विशेषज्ञता तथा व्यवसायिक दक्षता रखते हैं।
सामान्य भाषा में कहें तो आधारिक संरचना प्रबंधन नई भौतिकीय संरचनाओं जैसे सिंचाई सुविधाओं, सड़क एवं रेल नेटवर्क, तेल तथा गैस पाइपलाइनों, ग्रामीण एवं शहरी आवास, विद्युत उत्पादन एवं वितरण एवं दूरसंचार सुविधाएँ स्थापित करने और ऐसी वर्तमान संरचनाओं के रखरखाव के कार्य से संबंधित है। आधारिक संरचना प्रबंधक विभिन्न आधारिक संरचना सेवाओं के साधनों तथा उत्पादन के लिए जिम्मेदार होते हैं। वे संकल्पनात्मक तथा व्यावहारिक स्तर पर आने वाली समस्याओं का समाधान करते हैं। आधारिक संरचना प्रबंधन एक ऐसा विशेषज्ञतापूर्ण क्षेत्र है जो तकनीकी एवं गैर तकनीकी दोनों प्रकार के उम्मीदवारों को अवसर प्रदान करता है। आधारिक संरचना प्रबंधन में एमबीए तथा स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों में स्नातक के उपरांत प्रवेश लिया जा सकता है।
आधारिक संरचना प्रबंधन पाठ्यक्रमों में नई आधारिक संरचनाओं के नियोजन एवं विकास तथा मौजूदा आधारिक संरचनाओं के रखरखाव के साधनों तथा मॉडल का विस्तृत अध्ययन कराया जाता है। इन पाठ्यक्रमों में संसाधनों तथा आधारिक संरचना के प्रभावी उपयोग की पद्धतियाँ भी शामिल की जाती हैं। इन पाठ्यक्रमों में वित्त, मानव संसाधन, विपणन तथा क्षेत्रगत विशिष्ट कौशल का ज्ञान कराया जाता है। पाठ्यक्रमों में शामिल कुछ विषय इस प्रकार हैं- निर्माण प्रबंधन, आधारिक संरचना विकास, संगठनात्मक आचरण, निर्माण प्रबंधन के सिद्धांत, आधारिक संरचना क्षेत्र अर्थव्यवस्था एवं योजना, आधारिक संरचना में आईटी अनुप्रयोग, लेखाकरण तथा संभार तंत्र एवं आपूर्ति चेन।
शैक्षिक पृष्ठभूमि, कार्य अनुभव एवं उद्योग के आधार पर परियोजना प्रबंधक, परियोजना सलाहकार, आईटी प्रबंधक, निर्माण प्रबंधक, सुविधा प्रबंधक, सुविधा कार्य विशेषज्ञ, वित्त प्रबंधक जैसे विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर हैं। इस क्षेत्र में नवोद्योग की भी चमकीली संभावनाएँ हैं। 
आधारिक संरचना प्रबंधन के क्षेत्र में उजला कॅरियर बनाने के लिए व्यापक तकनीकी कौशल तथा संचार कौशल होना आवश्यक है। इस क्षेत्र में अधिकतर कार्यों में सिविल इंजीनियरों, आर्किटेक्ट, वितरकों, लेखाकारों तथा अनुबंध श्रमिकों जैसे अन्य व्यवसायियों से संपर्क स्थापित करना शामिल होता है। इसलिए उम्मीदवार में संचार कौशल होना आवश्यक है। कार्यों में प्रायः विभिन्न साइटों पर कार्य करना तथा कभी-कभी विपरीत माहौल में कार्य करना होता है। इसके लिए लगातार कई घंटों तक कार्य करने के लिए शारीरिक स्वस्थता तथा शारीरिक क्षमता की आवश्यकता होती है। कुछ कार्यों में लगातार स्थान परिवर्तन शामिल होता है। निर्माण के विभिन्न पहलुओं का ज्ञान, समस्या समाधान कौशल, परियोजना प्रबंधन कौशल होना इस क्षेत्र में ऊँचाइयों तक पहुँचाता है। आधारिक संरचना प्रबंधन में उन विद्यार्थियों के लिए बहुत उजले अवसर हैं जो सिविल इंजीनियरी का भी ज्ञान रखते हैं।
गैर इंजीनियरी स्नातक विद्यार्थी वित्त, मानव संसाधन, विधि, विक्रय जैसे विभागों में रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। इस क्षेत्र में कॅरियर शीघ्र उन्नति एवं आकर्षक वेतन के अवसर प्रदान करता है। किसी भी अन्य क्षेत्र की तरह इस क्षेत्र में वेतन पैकेज और अन्य लाभों की बात करें तो वेतन एवं अन्य लाभ पद, कार्य अनुभव आदि पर निर्भर होते हैं। इस क्षेत्र में प्रारंभिक वेतन 15 से 30 हजार रुपये प्रतिमाह के बीच प्राप्त होता है।
आधारिक संरचना प्रबंधन का कोर्स कराने वाले देश के प्रमुख संस्थान इस प्रकार हैं-
  • सिम्बायोसिस प्रबंधन एवं मानव संसाधन विकास केन्द्र, पुणे।
  • ऊर्जा एवं पेट्रोलियम अध्ययन विश्व-विद्यालय, देहरादून।
  • टेरी विश्वविद्यालय, दिल्ली।
  • इनलीड, गुड़गाँव।

Thursday, April 26, 2018

उगाएं धन की वनस्पति

पौधे और फूल न केवल हमारे उद्यानों में सुंदरता फैलाते हैं और हमारे जीवन को ताजगी देते हैं बल्कि हमारी बुनियादी आवश्यकताओं तथा औषधियों के लिए महत्त्वपूर्ण वैज्ञानिक सामग्रियों के रूप में कार्य करते हैं। पौधे ऐसे रासायनिक कारखाने होते हैं जो मनुष्य के लिए उपयोगी सभी प्रकार के उत्पाद देते हैं। भोजन के अतिरिक्त पौधे कागज, भवन सामग्री, द्रव्यों, गोंद, कपड़ों, औषधियों और कई अन्य उत्पादों के लिए कच्चा माल देते हैं। उदाहरण के लिए एलोवेरा पौधा क्रीम तथा चिकित्सा द्रव्यों में प्रयोग में लाया जाता है। इन सब बातों का अध्ययन वनस्पति विज्ञान में किया जाता है। वनस्पति विज्ञान में वनस्पति जगत में पाए जाने वाले सब पेड़-पौधों का अध्ययन होता है। जीव विज्ञान का यह एक प्रमुख अंग है। दूसरा प्रमुख अंग प्राणी विज्ञान है। सभी जीवों को जीवन निर्वाह करने, वृद्धि करने, जीवित रहने और जनन के लिए भोजन या ऊर्जा की आवश्यकता पड़ती है। यह ऊर्जा सूर्य से प्राप्त होती है। सूर्य में परमाणु के विखंडन या तरंगों के रूप में चलकर यह ऊर्जा पृथ्वी पर आती है। केवल पौधों में ही इस ऊर्जा के ग्रहण करने की क्षमता विद्यमान है। पृथ्वी के अन्य सब प्राणी पौधों से ही ऊर्जा प्राप्त  करते हैं। अतः विज्ञान में वनस्पति के अध्ययन का विशिष्ट और बड़े महत्त्व का स्थान है।
प्रमुख शिक्षण संस्थान
* कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर
* हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी, शिमला
* नौणी विश्वविद्यालय, सोलन (हिप्र)
* अमरावती विश्वविद्यालय, अमरावती
* इलाहाबाद विश्वविद्यालय, इलाहाबाद
* आंध्र विश्वविद्यालय वाल्टेयर, विशाखापट्टनम
* गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर (पंजाब)
* अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़
* लखनऊ यूनिवर्सिटी, उत्तरप्रदेश
* कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र
* जम्मू यूनिवर्सिटी, जम्मू
शैक्षणिक योग्यता
साइंस संकाय में बायोलॉजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स विषयों के साथ दस जमा दो उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। स्नातक कोर्स के लिए इस विषय की स्ट्रीम के छात्र दाखिला ले सकते हैं। बीएससी, एमएससी, एमफिल के बाद पीएचडी की उपाधि भी हासिल की जा सकती है।
वेतनमान
वनस्पति विज्ञान में सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। सरकारी क्षेत्र में अध्यापन या शोध के क्षेत्र में सरकारी  मानकों के अनुसार वेतन मिलता है। अध्यापन और शोध के क्षेत्र में आरंभ में लगभग 30 हजार से वेतन शुरू होता है। इसके अलावा प्राइवेट सेक्टर  में  भी कंपनियां अच्छे वेतनमान पर इस फील्ड के एक्सपर्ट्स को रखती हैं।
उत्पत्ति और विकास
वनस्पति जगत के सदस्य अत्यंत सूक्ष्म से लेकर अत्यंत विशालकाय तक होते हैं। इसकी शुरुआत शैवाल पौधे के अध्ययन से शुरू होती है। यह सबसे साधारण और प्राचीनतम वनस्पति है। यह अपना भोजन स्वयं बनाता है। आज कई प्रकार के गूढ़ आकार के भी शैवाल पाए जाते हैं। शैवालों से ही पृथ्वी पर के अन्य सब पौधों के उत्पन्न होने का अनुमान वैज्ञानिकों ने लगाया है। वनस्पतियों के अध्ययन में सबसे पहला कदम पेड़ पौधों का नामकरण और वर्गीकरण है। जब तक उनके नाम का पता न लगे और वे पहचान में न आएं, तब तक उनके अध्ययन का कोई महत्त्व नहीं है। अतः वनस्पति विज्ञान का सबसे पुराना और सबसे अधिक महत्त्व का विभाग वर्गिकी या वर्गीकरण विज्ञान है। इसमें केवल नाम का ही पता नहीं लगता, अपितु पेड़ पौधों के पारस्परिक संबंध का अध्ययन कर उन्हें विभिन्न समूहों में रखा भी जाता है।
अवसर कहां-कहां
विश्वविद्यालयों, कालेजों से वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में स्नातक योग्यता प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए कई प्रकार के रोजगार उपलब्ध हैं। जैसे कि ब्रीडर के रूप में, पार्क रेंजर, पादप रोग विज्ञानी, पारिस्थितिकीविद, प्रोफेसर, अध्यापक, कृषि परामर्शदाता, अनुसंधानकर्ता, उद्यान विज्ञानी, नर्सरी प्रबंधक।
दीर्घकालीन करियर की संभावना
व्यापक शिक्षा तथा अनुभव के आधार पर वनस्पति विज्ञानी बना जा सकता है। उसके बाद किसी वनस्पति विज्ञानी के रूप में उन्नति की संभावना सामान्यतः उसकी विश्वविद्यालय डिग्री पर निर्भर होती है। व्याख्यात्मक प्रकृति विज्ञानी, पर्यावरण सुधार तकनीशियन अथवा अनुसंधान सुविधाओं में प्रयोगशाला तकनीशियन के रूप में कार्य किया जा सकता है। कई व्यक्ति पर्यावरण, बागबानी या कृषि से जुड़े क्षेत्रों में परामर्शदाता के रूप में कार्य करते हैं जबकि अन्य व्यक्ति अनुसंधान तथा अध्यापन के क्षेत्र में कार्य करने का निर्णय भी ले सकते हैं।
पर्यावरण संरक्षक के साथ रोजगारपरक भी
शहरी इलाकों में तबदील हो रहे गांव हमारे भविष्य के लिए सवाल बन गए हैं। जहां पर्यावरण को लेकर कई बड़ी मुश्किलें खड़ी हो रही हैं, वहीं शहरी इलाकों में तबदील हुए गांवों में युवा कृषि को छोड़कर रोजगार तलाश कर रहे हैं। लेकिन रोजगार के अवसर इतने अधिक नहीं हैं कि युवाओं का भविष्य संवर सके। इसी बीच वनस्पति विज्ञान जहां पर्यावरण को बेहतर करने के लिए एक अहम कदम है, वहीं युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्रदान कर रहा है।
स्नातक योग्यता डिग्री वालों के लिए अवसर
निजी क्षेत्र- औषधि कंपनियां, नर्सरी, जैव प्रौद्योगिकी फर्में, खाद्य कंपनियां,  तेल उद्योग, फल उत्पादक, बीज कंपनियां, रसायन कंपनियां, कागज कंपनियां, सरकारी क्षेत्र- भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, भारतीय वन सेवा, कृषि।