Monday, July 9, 2018

ऑटोमोबाइल में करियर

भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से परिवर्तन हुए हैं। भारत में स्वदेशी और विदेशी, दोनों ऑटोमोबाइल कंपनियां, अब अपनी प्रक्रियाओं और प्रौद्योगिकियों में बदलाव लाने पर ध्यान केन्द्रित कर रही हैं ताकि बेहतर उत्पाद तैयार किए जा सकें और बाजार में अपनी भागीदारी बढ़ा सकें। इसे देखते हुए प्रशिक्षित ऑटोमोबाइल इंजीनियरियों की मांग बढ़ गयी है। 2011-12 के आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार सितम्बर 2011 को समाप्त हुई एक वर्ष की अवधि में रोजगार प्रदान करनेवाले उद्योगों में ऑटोमोबाइल उद्योग का तीसरा स्थान था। कैरियर के विकल्प के रूप में ऑटोमोबाइल इंजीनियरी के क्षेत्र में व्यवसायियों के लिए निश्चित रूप से शानदार संभावनाएं हैं। 

ऑटोमोबाइल इंजीनियरी वस्तुतः इंजीनियरी की विभिन्न शाखाओं के तत्वों का सम्मिश्रण है, जैसे मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रोनिक्स, सॉफ्ट और कम्प्यूटर साइंस। 

इस उद्योग में ऑटोमोबाइल के डिजाइन, विनिर्माण, परीक्षण और रख-रखाव जैसे कार्यों को अंजाम देना होता है, सबसे रेखांकित किया जाता है, जिसमें वाहनों के निर्माण के लिए उपयुक्त कल-पुर्जों की डिजाइनिंग, उनका चयन और उनके इस्तेमाल की विदियों का निर्धारण किया जाता है। विभिन्न स्तरों पर उत्पाद की जांच-परख की जाती है। सुरक्षा सुनिश्चित करने और तत्संबंधी स्थिति में सुधार लाने के लिए क्रैश परीक्षणों का भी आयोजन किया जाता है। इसके अतिरिक्त बेचे गए वाहनों के लिए मरम्मत सेवाएं प्रदान करना और बाजार की जरूरतों के मुताबिक वाहनों में निरंतर सुधार और उन्हें अद्यतन बनाने के प्रयास करना भी ऑटोमोबाइल इंजीनियर के कार्यों का हिस्सा है। 

रोजगार


ऑटोमोबाइल उद्योग में वे कंपनियां शामिल हैं, जो बाइकों, स्कूटरों, मोटर साइकलों, ऑटो, कारों, ट्रकों, ट्रैक्टरों, रक्षा वाहनों और बसों का विनिर्माण करती हैं। इस क्षेत्र की कुछ प्रमुख कंपनियों में मारुति, टाटा मोटर्स, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, अशोक लेलैंड, हिन्दुस्तान मोटर्स और बजाज ऑटो, ह्यूंदई, फोर्ड, फिएट, टोयटा, होंडा, स्कोडा, वोल्क्सवैगन, ऑडी, रेनौल्ट और बीएमडब्ल्यू जैसे नाम शामिल हैं। 

ऑटोमोबाइल उद्योग और उसके साथ ऑटोमोबाइल हिस्से पुर्जे (कम्पोनेन्ट) उद्योग, सक्षम ऑटोमोबाइल इंजीनियरों के लिए विविध प्रकार के रोजगार उपलब्ध कराते हैं। डिजाइन, इंजीनियरी, उत्पादन, ऑपरेशन्स, मानव संसाधन प्रबंधन, बिक्री और सेवाएं, विपणन, वित्त, ग्राहक देखभाल, आईटी और अनुसंधान एवं विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। 

ऑटोमोबाइल उद्योग में रोजगार के अवसरों को तीन मुख्य क्षेत्रों में वर्गीकृत किया जा सकता है-डिजाइन, डेवेलपमेंट (विकास) और मैन्युफैक्चरिंग (विनिर्माण)। डिजाइन के अंतर्गत वाहन या कम्पोनेन्ट का खाका तैयार किया जाता है। डेवलपमेंट इंजीनियर खाके का मूल्यांकन करते हैं और मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरों का संबंध वाहन के उत्पादन के साथ है। 

ऑटोमोबाइल इंजीनियरों को सौंपी जाने वाली कुछ भूमिकाओं में ऑटोमोबाइल डिजाइनर, प्रोडक्शन इंजीनियर, ड्राइवर इंस्टूमेंशन इंजीनियर, क्वालिटी इंजीनियर, ऑटोमोटिव तकनीशियन और पेन्टस स्पेशलिस्ट प्रमुख हैं। ऑटोमोबाइल विनिर्माण कंपनियों और ऑटोमोबाइल कंपोनेन्ट कंपनियों के अलावा सर्विस स्टेशनों और परिवहन कंपनियों द्वारा भी ऑटोमोबाइल इंजीनियरों को काम पर रखा जाता है। ऑटोमोबाइल सॉफ्टवेयर परियोजनाओं का संचालन करने वाली, आईटी यानी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियां भी इन व्यवसायियों को रोजगार प्रदान करती हैं, परंतु इसके लिए उन्हें, सॉफ्टवेयर कोर्स करना होता है या सम्बद्ध कार्य का प्रशिक्षण लेना होता है। रोजगार का अन्य विकल्प मरम्मत वर्कशापों या गैराजों की स्थापना है। इस क्षेत्र में अनुसंधान एवं अध्यापन के विकल्प भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में अनुसंधान की संभावना वाले क्षेत्रों में एरोडायनामिक्स, वैकल्पिक ईंधन, चैसिस, इलेक्ट्रॉनिक्स, विनिर्माण, सामग्री, मोटर स्पोर्ट, पावर ट्रेन, रैपिड प्रोटोटाइपिंग, वाहन और पैदल यात्री सुरक्षा या सप्लाई चेन मैनेजमेंट शामिल हैं। 

ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में काम-काज का उत्कृष्ठ पक्ष यह है कि इसमें विभिन्न विभागों में काम करने और ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चर के विभिन्न पहलुओं से संबंधित कौशल हासिल करने के अवसर मिलते हैं। 

पारिश्रमिक


ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में नए स्नातक प्रतिमाह रु. 10,000/- से 15,000/- के बीच अर्जित कर सकते हैं। आईआईटीज, एनआईटीज और बिट्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के स्नातकों को पर्याप्त ऊंचे वेतन पैकेज प्रस्तावित किए जाते हैं।

शैक्षिक योग्यताएं :


ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में डिप्लोमा से लेकर पीएचडी तक के पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इस क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थी ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में बी.ई. या बी.टैक. कोर्स से शुरुआत कर सकते हैं अथवा मैकेनिकल इंजीनियरी में बी.ई या बी.टैक. कोर्स करके बाद में ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में एम.टैक. कर सकते हैं। 

ऑटोमोबाइल इंजिनियरी के अंतर्गत आने वाले कुछ विषयों में थरमोडायनामिक्स, एरोडायनामिक्स, इलेक्ट्रिकल मोशन, कंबस्चन इंजन, व्हीकल चैसीस, इलेक्ट्रिक सिस्टम्स, कंट्रोल सिस्टम्स, फ्लुइड मेकेनिक्स, एमिशन्स, वर्कशाप प्रौद्योगिकी, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, मशीन डिजाइन, कम्प्यूटर एडिड डिजाइन, प्रोटोटाइप क्रीएशंस और एर्गोनोमिक्स शामिल हैं। ये सभी पाठ्यक्रम सैद्धांतिक अध्ययन, व्यावहारिक प्रयोग और स्वयं हाथ से काम करने के प्रशिक्षण का सम्मिश्रण हैं। अधिकतर विद्यार्थी इंटर्नशिप को इन पाठ्यक्रमों का सबसे उपयोग हिस्सा मानते हैं। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थी स्वयं अपने हाथ से कार्य करने का अनुभव प्राप्त करते हैं। इन कार्यों में किसी कार को हविस (हॉइस्ट) पर ऊपर उठाने, एयर फिल्टर, ईंधन पिल्टर, इंजन ऑयल, स्पार्क प्लग बदलने, टायर पंक्चर लगाने से लेकर डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर के साथ काम करने और कंपोनेन्ट्स असेम्बल करने, आदि तक के कार्यों का प्रशिक्षण शामिल होता है। कुछ विद्यार्थी बताते हैं कि मेकेनिकों द्वारा ऐसे टिप्स दिए जाते हैं जिनकी जानकारी अनुभवी ऑटोमोबाइल इंजीनियरों को भी नहीं होती। इंजीनियरी मेकेनिक्स, अप्लाइड थरमोडायनामिक्स, मेकेनिकल इंजीनियरी, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन, आदि विषयों में प्रमाणपत्र और डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। 

डिग्री पाने के इच्छुक डिप्लोमा धारक एएमआईइ परीक्षा दे सकते हैं, जिसका संचालन इंस्टिट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, इंडिया द्वारा किया जाता है। यह व्यावसायिक प्रमाणपत्र स्नातक उपाधि के समकक्ष समझा जाता है। 

कौशल


ऑटोमोबाइल इंजीनियरी पाठ्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन के लिए गणित और विज्ञान विषयों की अच्छी जानकारी उपयोगी सिद्ध होती है। 

मौलिकता ऑटोमोबाइल इंजीनियरी के क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। इसलिए युक्तिसंगत सोच, वस्तुनिष्ठ नजरिया परिश्रमी स्वभाव और अध्यवसाय जैसे गुण उस व्यक्ति में अपेक्षित हैं, जो इस क्षेत्र में रोजगार की अभिलाषा रखते हैं। 

स्कैचिंग और ड्राइंग कौशल सहित सुदृढ़ तकनीकी प्रशिक्षण के अलावा उम्मीदवारों को अभिव्यक्ति कौशल, टीम भावना से काम करने और समस्या समाधान में निपुण होना चाहिए ताकि वे अपने व्यवसाय के प्रति न्याय कर सकें। सीखने की इच्छा और सम्पर्कों का नेटवर्क रखना इस क्षेत्र में तरक्की के लिए मददगार सिद्ध होगा।

ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में पाठ्यक्रम संचालित करने वाले संस्थानों की संख्या अधिक नहीं है। ऑटोमोबाइल कंपनियों में विभिन्न पद भरने के लिए प्रशिक्षित इंजीनियरों की भारी कमी है। अतः इस क्षेत्र में वास्तविक अभिरुचि रखने वाले और प्रतिबद्ध उम्मीदवारों के लिए भविष्य उज्जवल है। 

कॉलेज और पाठ्यक्रमः


कॉलेज
पाठ्यक्रम
पात्रता
प्रवेश
वेबसाइट
अन्ना यूनिवर्सिटी, चेन्नै
ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में बी.ई
10+2
प्रवेश परीक्षा में प्रदर्शित योग्यता
एसआरएम यूनिवर्सिटी जिला कांचीपुरम
ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में बी.टैक
10+2 स्तर की परीक्षा में गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान मुख्य विषय रहे हों और संबद्ध परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों।
प्रवेश परीक्षा में प्रदर्शित योग्यता
भारत यूनिवर्सिटी, चेन्नै
ऑटोमोबोइल इंजीनियरी में एम.टैक
संबद्ध विषय में बी.ई/बी.टैक या समकक्ष डिग्री
प्रवेश परीक्षा/गेट में प्रदर्शित योग्यता
वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टिट्यूट, मुंबई
ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में विशेषज्ञता के साथ मेकेनिकल इंजीनियरी में एम.टैक
मेकेनिकल/ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में बी.ई/बी.टैक
गेट में प्रदर्शित योग्यता
सास्ट्र यूनिवर्सिटी, तंजावुर
ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में 5 वर्षीय बी.टैक+एमटैक समेकित पाठ्यक्रम
गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के साथ 10+2
क्वालिफाइंग परीक्षा/एआईईईई में प्रदर्शित योग्यता
एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा
मेकेनिकल और ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में 5 वर्षीय बी.टैक+एम टैक दोहरी डिग्री पाठ्यक्रम
बीई/बी.टैक/एएमआईई (मेकेनिकल/ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में) परीक्षा 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की हो और 10+2 स्तर पर भी न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों।
प्रवेश परीक्षा में प्रदर्शित योग्यता
आचार्य इंस्टिट्यूट्स, सोलदेवनाहल्ली, बंगलौर
ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में डिप्लोमा
गणित और विज्ञान के साथ दसवीं कक्षा उत्तीर्ण की हो।

इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग स्टॅडीज, हैदराबाद, आंध्रप्रदेश
ऑटोमोबाइल इंजीनियरी में डिप्लोमा
कक्षा दस

नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद
ट्रांस्पोर्टेशन और ऑटोमोबाइल डिजाइन में विशेषज्ञता के साथ डिजाइन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा
बी.ई/बी.टैक/बी.डेज/बी.आर्क या समकक्ष
प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार में प्रदर्शित योग्यता

Saturday, July 7, 2018

फॉरेंसिक अकाउंटिंग में करियर

देश में आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी सत्यम (अब महिंद्रा सत्यम) में हुए बड़े वित्तीय घोटाले का मामला हो या फिर आए दिन सामने आने वाले आर्थिक साइबर अपराधों, मनी लॉन्डरिंग, बीमा, बैंकिंग और निवेश से संबंधित घोटालों आदि के खुलासे की बात, इनकी प्रभावी जांच के लिए फॉरेंसिक अकाउंटिंग की जरूरत होती है। बढ़ते आर्थिक अपराधों के इस दौर में फॉरेंसिक अकाउंटिंग के पेशेवरों का महत्व और उनकी मांग काफी बढ़ गई है। इस कारण इसे भविष्य के लिहाज से रोजगार का एक बेहतरीन विकल्प माना जा सकता है।
क्या है फॉरेंसिक अकाउंटिंगयह अकाउंटिंग की ही एक शाखा है, जिसमें कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों को सुलझाने के लिए अकाउंटिंग के सिद्धांतों के साथ ऑडिटिंग और जांच-पड़ताल के हुनर का इस्तेमाल किया जाता है। यह काम करने वाले पेशेवरों को फॉरेंसिक अकाउंटेंट कहा जाता है। वह अनुभवी ऑडिटर होते हैं और वित्तीय घपलों का पता लगाने के लिए किसी व्यावसायिक संस्थान (कंपनी, फर्म) के खातों (अकाउंट्स) पर निगरानी रखने का कार्य करते हैं। फॉरेंसिक अकाउंटिंग के लिए सबसे जरूरी होती है अकाउंटिंग की अच्छी जानकारी। इसके बाद ऑडिटिंग, रिस्क असेसमेंट और फ्रॉड डिटेक्शन (घपलों को पहचानना) आदि की व्यावहारिक समझ को इस पेशे में आवश्यक माना जाता है।
इस पेशे से जुड़े लोगों को अपने अकाउंटिंग, ऑडिटिंग और खोजबीन के हुनर से आर्थिक घोटालों से संबंधित साक्ष्यों का विश्लेषण करके उनका अर्थ निकालना होता है। किसी मामले की अदालती कार्यवाही में वह बतौर विशेषज्ञ गवाह के रूप में भी योगदान दे सकते हैं। किसी कानूनी विवाद में लिप्त लोगों या फर्मों के मामले में फॉरेंसिक अकाउंटेंट की मुख्य भूमिका संबंधित वित्तीय रिकार्डों (दस्तावेज) की जांच और उनका विश्लेषण करना होता है। इस कार्य के दौरान वह उन सबूतों को भी जुटाते हैं, जो जांच एजेंसियों को कानूनी प्रक्रिया में मदद देते हैं। अपने पेशेवर जीवन में फॉरेंसिक अकाउंटेंट को अकाउंटेंट, डिटेक्टिव और लीगल एक्सपर्ट जैसी कई भूमिकाएं निभानी होती हैं। वह संदिग्ध लगने वाले वित्तीय दस्तावेजों की तलाश में रहते हैं, ताकि वह उन अपराधों का पर्दाफाश कर सकें, जिसमें कोई एक व्यक्ति या छोटे-बड़े व्यापारिक समूह संलिप्त हैं।
 
प्रमुख कार्य
- वित्तीय साक्ष्यों की जांच और उनका विश्लेषण करना।
- साक्ष्यों (वित्तीय) की प्रस्तुति और उनके विश्लेषण में मदद के लिए कंप्यूटर आधारित एप्लिकेशन तैयार करना।
- जांच में मिलने वाले तथ्यों को रिपोर्ट और दस्तावेजों के संग्रह के रूप में प्रस्तुत करना।
- अदालत की कार्यवाही में मदद करना यानी न्यायालय में विशेषज्ञ के रूप में गवाही देना और सबूतों को मजबूत करने के लिए दृश्यात्मक सामग्री उपलब्ध कराना।
जरूरी हैं फॉरेंसिक अकाउंटेंट
आमतौर पर सभी बड़ी अकाउंटिंग फर्मों में फॉरेंसिक अकाउंटेंट की जरूरत होती है। इन फर्मों में उनका कार्य कंपनियों के बीच होने वाले गठजोड़ों और अधिग्रहण समझौतों की जांच करना, विशेष ऑडिट करना, आर्थिक अपराधों तथा टैक्स की गड़बड़ी से संबंधित मामलों की जांच करना होता है। तलाक, व्यापार और दुर्घटनाओं से संबंधित क्लेम के मामलों  की जांच में भी फॉरेंसिक अकाउंटेंट की जरूरत होती है। वह अपनी इच्छा के अनुसार नौकरी के लिए सरकारी या निजी क्षेत्र की कंपनियों का रुख कर सकते हैं।
प्रमुख रोजगारदाता क्षेत्र
- पब्लिक अकाउंटिंग फर्म
- प्राइवेट कॉर्पोरेशंस
- बैंक
- पुलिस एजेंसियां
- सरकारी एजेंसियां
- इंश्योरेंस कंपनियां
- लॉ फर्म
जरूरी गुण- गहन विश्लेषणात्मक कौशल
- जांच-पड़ताल का हुनर
- तथ्यों को बारीकी से जानने की इच्छा
- किसी दबाव में न आते हुए काम को पूरा करने की दृढ़ता
- अपने काम के प्रति पूर्ण निष्ठा
- जिज्ञासा
- रचनात्मक सोच
उपलब्ध पाठ्यक्रम
- पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन फॉरेंसिक अकाउंटिंग
- सर्टिफिकेट कोर्स इन फॉरेंसिक अकाउंटिंग प्रोफेशनल
- सर्टिफाइड एंटी-मनी लॉन्डरिंग एक्सपर्ट
- सर्टिफाइड बैंक फॉरेंसिक अकाउंटिंग
- सर्टिफाइड विजिलेंस एंड इंवेस्टिगेशन एक्सपर्ट
योग्यता 
- किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से बैचलर डिग्री प्राप्त हो
- दो से चार साल का पेशेवर अनुभव हो
- इंडिया फॉरेंसिक द्वारा आयोजित सीएफएपी परीक्षा न्यूनतम 75 फीसदी अंकों के साथ पास हो (सीपीए एक प्रोफेशनल डिग्री है, जो भारत में सीए की तरह है, इसे अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ सर्टिफाइड पब्लिक अकाउंटेंट्स जारी करता है।)
संबंधित संस्थान
- द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया, नई दिल्ली
- द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट्स ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी, त्रिपुरा
- इंडिया फॉरेंसिक, पुणे

Thursday, July 5, 2018

शेयर बाजार, सेंसेक्स में करियर

शेयर बाजार सिर्फ शेयरों में निवेश और लाभ कमाने की इच्छा तक ही सीमित नहीं है। यहां आप रिलेशनशिप मैनेजर से शुरुआत करके टेक्निकल एनालिस्ट तक का सफर तय कर सकते हैं और अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं।
शेयर बाजार में केवल निवेश के जरिए पैसे कमाने का ही अवसर नहीं है, बल्कि अब आप अपने सपनों को करियर का आकार भी दे सकते हैं। मौजूदा समय में रिलायंस कैपिटल, एंजेल ब्रोकिंग, रेलीगेयर, शेयरखान, यूनिकॉन सॉल्युशन, कार्वी और भारती इन्वेस्टमेंट जैसी कई बड़ी कंपनियां हैं, जहां रोजगार के ढेरों मौके हैं। आने वाले दिनों में मुकेश अंबानी जैसे और कई दिग्गज एस्सेट मैनेजमेंट और इक्विटी बाजार में कदम रखने वाले हैं। इसके अलावा पिछले कुछ सालों से विदेशी संस्थागत निवेशक (एफएफआई) भी भारतीय शेयर बाजारों में खूब पैसा लगा रहे हैं। यानी इक्विटी मार्केट, म्युचअल फंड, कमोडिटी बाजार, करेंसी बाजार का और विस्तार होगा। जाहिर है इसे देखते हुए इस क्षेत्र में और बूम आएगा और प्रोफेशनल्स की मांग बढ़ेगी।
इस क्षेत्र में रिलेशनशिप मैनेजर, पोर्टफोलियो मैनेजर, टेक्निकल एंड  फंडामेंटल एनालिस्ट, ट्रेडर और डीलर की मांग बढ़ेगी। अगर आप एमबीए हैं तो भी यह क्षेत्र मुफीद रहेगा। बीएनपी फिनकॉर्प के सीईओ एके निगम का मानना है कि इस क्षेत्र में आने वाले प्रोफेशनल्स को बेसिक सर्टिफेकेशन कोर्स करना तो जरूरी है ही, साथ ही यह भी देखें कि आपका रुझान किस तरफ है। आप इक्विटी मार्केट में जाना चाहते हैं कि कमोडिटी बाजार में या म्युचुअल फंड में। सबसे पहले तो आपको बीएसई या एनएसई से एनसीएफएम के पेपर क्लियर करने होंगे, यानी अगर आप कमोडिटी में कदम रख रहे हैं तो कमोडिटी का पेपर पास करना होगा। सर्टिफिकेशन कोर्स करके आप किसी ब्रोकरेज कंपनी में बतौर रिलेशनशिप मैनेजर जॉब शुरू कर सकते हैं। लेकिन अगर आपको इस क्षेत्र में और आगे जाना है तो प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट पर भी ध्यान देना होगा। यानी फंडामेटल एनालिस्ट बनने के लिए कंपनियों की नेटवर्थ किस क्षेत्र में है, उस क्षेत्र का भविष्य क्या है, कंपनियों की भावी योजनाओं के बारे में मूलभूत जानकारी आदि बातें जानना जरूरी है। टेक्निकल एनालिसिस पर भी ध्यान देना होगा। इसके अलावा इस क्षेत्र में आपको रोजाना अपडेट रहने की जरूरत है कि कंपनी कौन सा नया प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है और वह उस पर कितना निवेश करेगी। इसके अलावा विदेशी शेयर बाजार, कच्चे तेल की कीमतें भी घरेलू शेयर बाजार की दिशा तय करती हैं, इनकी समझ भी जरूरी है।
रिलेशनशिप मैनेजर से होगी शुरुआत
अगर आप इस क्षेत्र में करियर बनाने जा रहे हैं तो सबसे पहले आपको रिलेशनशिप मैनेजर से शुरुआत करनी होगी। रिलेशनशिप मैनेजर का काम ग्राहकों को वित्तीय उत्पादों के बारे में जानकारी देना और डीमैट खोलना और केवाईसी (नो योर क्लाइंट) को पूरा करना होता है। इसमें कुछ ग्राहक ऑफिस आकर निवेश करते हैं तो कुछ मामलों में आपको संबधित व्यक्ति के घर जाकर फार्म भरना होगा। इस तरह से आपकी लोगों के प्रति जानकारी बढ़ेगी और कंपनी का विश्वास भी हासिल होने लगेगा। एक समय आपके पास निवेशकों की लंबी फेहरिस्त होगी। इसके बाद पोर्टफोलियो मैनेजर बन सकते हैं। इसके लिए आपकी इक्विटी, कमोडिटी, म्युचुअल और डेट मार्केट की गहरी समझ जरूरी है। तभी आप निवेशकों का पैसा सुरक्षित रख पाएंगे।
किसी एक क्षेत्र में निवेश करना बेहतर तरीका नहीं माना जा सकता। कोई भी पोर्टफोलियो बनाने के लिए उसमें इनका कॉम्बीनेशन जरूरी है। एक पोर्टफोलियो मैनेजर निवेशक के पैसे को डायवर्सिफाइड करके अच्छा रिटर्न दिलाने का काम करता है। यानी किसी क्षेत्र में गिरावट का दौर चल रहा है तो उसको दूसरे क्षेत्र से पूरा करना। एक संतुलित पोर्टफोलियो ही अच्छे पोर्टफोलियो मैनेजर की पहचान है। कुछ पोर्टफोलियो मैनेजर तो हर महीने 30 हजार से डेढ़ लाख रुपए प्रति महीने तक कमाते हैं।
इसी तरह से जब आप शेयर बाजार में कुछ साल काम कर लेते हैं तो कंपनियों के बारे में अच्छी-खासी जानकारी जुटा लेते हैं तो आप उस क्षेत्र का टेक्निकल एनालिसिस करने लगते हैं। आज टेक्निकल एनालिस्ट की बाजार में बहुत मांग है। अगर आपको बाजार के उतार-चढ़ाव की अच्छी-खासी समझ हो गई है तो आप खुद भी निवेश करके पैसा बना सकते हैं और अपना और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं। यानी आपके दोनों हाथों में लड्डू होना तय है।
फैक्ट फाइल
स्टॉक बाजार में करियर के लिए कोर्स हैं अनेक
बीएसई (बांबे स्टॉक एक्सचेंज) ट्रेनिंग इंस्टीटय़ूट बीटीआई के नाम से  जाना जाता है। यह पूंजी बाजार पर 3 महीने का पार्टटाइम सर्टिफिकेट प्रोग्राम -बीएसई सर्टिफिकेशन ऑन सिक्योरिटीज मार्केट्स (बीसीएसएम) जमनालाल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के साथ मिल कर चलाता है। यह वित्तीय बाजार में काफी लोकप्रिय कार्यक्रम है। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुंबई विश्वविद्यालय की ओर से सर्टिफिकेट मिलता है। यह कोर्स कोई भी ग्रेजुएट सब-ब्रोकर, इन्वेस्टमेंट कंसल्टेंट, पोर्टफोलियो मैनेजर, डिपॉजिटरीय प्रोफेशनल्स, डीपी बैंक, इंश्योरेंस कंपनियां, म्युचुअल फंड, कस्टोडियन, क्लीयरिंग हाउस और फाइनेंशियल इंस्टीटय़ूट एवं मैनेजमेंट के छात्र कर सकते हैं। अभ्यर्थी बीटीआई या क्षेत्रीय कार्यालयों में टेस्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कोर्स
एडवांस प्रोग्राम ऑन डेरिवेटिव्स
एडवांस प्रोग्राम ऑन स्टॉक मार्केट
अकाउंटिंग ऑफ फाइनेंशियल इंस्ट्रुमेंट एंड डेरिवेटिव्स
अस्बा (एप्लीकेशन सपोर्टेड बाय ब्लॉक्ड अमाउंट)
बेसिक कोर्स ऑन स्टॉक मार्केट
कमोडिटी एंड कमोडिटी डेरिवेटिव्स
स्टॉक एनालिसिस
पूंजी बाजार से जुड़े करीब 40 कोर्स हैं। ज्यादा जानकारी के लिए बीएसई की वेबसाइट पर लॉगइन कर सकते हैं।
वेबसाइट:  www.bseindia.com
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की ओर से 1998 से सर्टिफिकेट कोर्स सर्टिफिकेशन इन फाइनेंशियल मार्केट्स (एनसीएफएम) कोर्स चलाया जा रहा है। आप ऑनलाइन टेस्ट देना चाहते हैं तो एनएसई की वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं। एनएसई ने देशभर के बड़े शहरों में अपने टेस्ट सेंटर बनाए हैं, इनके माध्यम से भी टेस्ट दे सकते हैं।
फाइनेंशियल मार्केट्स,
डेरिवेटिव्स मार्केट,
कैपिटल मार्केट,
सिक्योरिटीज मार्केट,
डेब्ट मार्केट,
करेंसी मार्केट,
डिपॉजिटरी
ऑपरेशंस मॉडय़ूल,
एएमएफआई (म्युचुअल फंड) मॉडय़ूल।
बेवसाइट : www.nseindia.com
एक्सपर्ट व्यू
बाजार की समझ जरूरी
अतुल गुप्ता
ब्रांच हेड ब्रोकरेज फर्म रेलीगेयर
वैसे तो शेयर बाजार में काम करने के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सर्टिफिकेट प्रोग्राम 10+2 के बाद किए जा सकते हैं, लेकिन मेरा मानना है कि पूंजी बाजार में करियर बनाने के लिए ग्रेजुएशन होना जरूरी है। केवल सर्टिफिकेट कोर्स करने से ही काम नहीं चल सकता। यह आपको किसी ब्रोकरेज कंपनी के साथ करियर शुरू करने का मौका तो देता है, लेकिन इस क्षेत्र में आने के लिए सबसे जरूरी चीजें हैं मेहनत, लगन और धैर्य

Monday, July 2, 2018

लिक्विड इंजीनियरिंग में कैरियर

निजी कंपनियों के भारतीय पेट्रोलियम कारोबार में प्रवेश करने से लिक्विड इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए कॅरियर के और अधिक अवसर उत्पन्न होने लगे हैं... 

लिक्विड इंजीनियरिंग का संबंध मुख्य रूप से पेट्रोलियम पदार्थों से है। इन दिनों पेट्रोलियम पदार्थों की आवश्यकता जीवन में काफी बढ़ गई है। इसके बिना कई दैनिक कार्य संभव नहीं हैं। इस क्षेत्र में भारत एशिया के तेल और प्राकृतिक गैस बाजार में बड़ा खिलाड़ी बनकर उभर रहा है। इस समय भारत में इस क्षेत्र से लाखों लोग प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से जुड़े हैं। 

बढ़ती जरूरत
हमारे देश में जिन क्षेत्रों का बहुत तेजी से विकास हो रहा है, पेट्रोलियम और ऊर्जा उनमें से एक है। भारत की बड़ी इंडस्ट्रीज में पेट्रोलियम इंडस्ट्री का क्रम सबसे ऊपर आता है। तेल एवं प्राकृतिक गैस आयोग तथा अन्य तेल कंपनियां इस क्षेत्र में भारी लाभ अर्जित रही हैं। पेट्रोलियम और विभिन्न पेट्रो प्रोडक्ट्स के बढ़ते इस्तेमाल के कारण इस फील्ड में कुशल पेशेवरों की काफी मांग रही है।

कार्य प्रकृति
तेल उद्योग को अपस्ट्रीम (अन्वेषण और उत्पादन) तथा डाउनस्ट्रीम (रिफाइनिंग, मार्केटिंग और वितरण) क्षेत्रों में वर्गीकृत किया गया है, जिसमें सभी स्तरों पर कॅरियर निर्माण के शानदार अवसर उपलब्ध हैं। लिक्विड (पेट्रोलियम) उद्योग के तहत भूगर्भशास्त्रियों, जियो फिजिस्ट और पेट्रोलियम इंजीनियरों के लिए अपस्ट्रीम गतिविधियों एवं केमिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन और प्रोडक्शन इंजीनियरों के लिए डाउनस्ट्रीम गतिविधियों में कॅरियर के विकल्प उपलब्ध हैं। पेट्रोलियम इंजीनियर विभिन्न क्षेत्रों में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, ठेकेदारों और ड्रिलिंग स्टाफ के साथ मिलकर काम करते हैं। 

कोर्स कैसे-कैसे 
लिक्विड (पेट्रोलियम) इंजीनियरिंग के कोर्स अंडरग्रेजुएट तथा पोस्ट ग्रेजुएट दोनों स्तरों पर संचालित किए जाते हैं। बीटेक के 4 वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र तथा गणित विषयों में 10+2 परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। एमटेक पाठ्यक्रम पेट्रोलियम, पेट्रोकेमिकल, केमिकल तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए खुला है। यह जरूरी नहीं कि इस सेक्टर का द्वार केवल पेट्रोलियम इंजीनियरों के लिए ही खुला है। मार्केटिंग और प्रबंधन क्षेत्र के युवाओं के लिए भी इसमें काफी अवसर हैं। 


मौके कहां-कहां
पेट्रोलियम से संबंधित स्नातकों के लिए कॅरियर निर्माण के तमाम उजले अवसर उपलब्ध हैं। पेट्रोलियम इंजीनियरों की बढ़ती मांग का ही परिणाम है कि इन्हें अच्छे वेतन पर आकर्षक रोजगार देने के लिए पेट्रोलियम कंपनियां हमेशा तैयार रहती हैं।

चूंकि सारी दुनिया में सुरक्षित तथा किफायती ऊर्जा संसाधनों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है, इसलिए इन प्रोफेशनल की मांग का सिलसिला आगामी दशकों में भी जारी रहेगा। पेट्रोलियम उत्पादन कंपनियों, कंसल्टिंग इंजीनियरिंग कंपनियों, कुओं की खुदाई करने वाली कंपनियों के साथ-साथ ओएनजीसी, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम तथा रिलायंस पेट्रोकेमिकल्स के अलावा रिसर्च और शैक्षणिक संस्थानों में आकर्षक वेतनमान पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।

इस क्षेत्र में पैसों की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम इंजीनियरों के लिए प्रोफेशनल कॅरियर के अलावा रिसर्च के क्षेत्र में भी अच्छे अवसर� हैं। वह रिसर्च लैब में बतौर साइंटिस्ट या रिसर्च फेलो के रूप में अनुसंधान तथा विकास कार्य कर सकते हैं। विदेशों, खास तौर पर खाड़ी देशों में भी पेट्रोलियम इंजीनियरों के लिए कॅरियर निर्माण के ढेरों अवसर मौजूद हैं। 

मुख्य संस्थान
राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी, रायबरेली
इंडियन ऑयल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम मैनेजमेंट, गुड़गांव
इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम मैनेजमेंट, गांधीनगर
इंडियन स्कूल ऑफ माइंस, धनबाद
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम, देहरादून
इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी, गांधीनगर

Sunday, July 1, 2018

फोटोग्राफी में बनाए कॅरि‍यर

फोटोग्राफी एक कला है जिसमें विजुअल कमांड के साथ-साथ टेक्निकल नॉलेज भी जरूरी है। फोटोग्राफी एक बेहतर कॅरि‍यर ऑप्शन साबित हो सकता है उन सभी छात्रों के लिए जिन्हें नेचर से प्यार है। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी एक ऐसी फील्ड है जहां एक तरफ घने जंगलों के बीच खूंखार जानवरों को अपने कैमरे में कैद करने व उनके अलग-अलग मूवमेंट्स को दुनिया के सामने लाने का रोमांच है तो वहीं दूसरी तरफ इस क्षेत्र में खतरे भी कम नहीं हैं।
 
फोटोग्राफी एक क्रिएटिव क्षेत्र है जिसमें वर्तमान में बेहतर कॅरि‍यर की संभावनाएं मौजूद हैं। एक अच्छा वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर बनने के लिए बेसिक फोटोग्राफी की जानकारी होना बेहद जरूरी है। हालांकि एक साधारण डिजिटल कैमरा लेकर शौकिया तौर पर शुरुआत की जा सकती है। एक-दो साल का अनुभव हो जाने के बाद डिजिटल एसएलआर ख़रीद कर प्रोफेशनली इस क्षेत्र में एंट्री की जा सकती है।
सैलरी पैकेज
अभी तक यह क्षेत्र हमारे देश में ज्यादा फेमस नहीं था तो कमाई के साधन भी सीमित थे, लेकिन ग्लोबलाइजेशन के बाद अब इस क्षेत्र में अच्छा पैसा कमाया जा सकता है। किसी संस्थान से जुड़ने पर आसानी से 10 से 20 हजार रुपए प्रतिमाह की कमाई हो सकती है। एक अनुभवी वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर प्रतिमाह आसानी से एक लाख रुपए कमा सकता है। इसके अलावा कुछ सीनियर फोटोग्राफर्स भी अपने असिस्टेंट रखते हैं, जो न केवल सिखाते हैं बल्कि 10 से 12 हजार रुपए का स्टाइपेंड भी देते हैं।योग्यता
फोटोग्राफी एक क्रिएटिव क्षेत्र है जिसमें वर्तमान में बेहतर करियर की संभावनाएं मौजूद हैं। बारहवीं या ग्रेजूएशन करने के बाद इस क्षेत्र में प्रवेश लिया जा सकता है। फोटोग्राफी का कोर्स सरकारी और निजी स्तर पर कई संस्थान कराते हैं। एक अच्छा वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर बनने के लिए बेसिक फोटोग्राफी की जानकारी होना बेहद जरूरी है। 

कोर्स और संस्थान
किसी भी सरकारी या निजी संस्थान से फोटोग्राफी का कोर्स करने के बाद इस क्षेत्र में प्रवेश किया जा सकता है। हालांकि भारत में अभी इस क्षेत्र के लिए कोई स्पेशलाइज्ड कोर्स उपलब्ध नहीं है। फोटोग्राफी में डिप्लोमा और सर्टिफिकेट दो तरह के कोर्स कराए जाते हैं।

1. इंडियन इंस्टीट्यूट फॉर डेवलपमेंट इन एजुकेशन एंड एडवांस्ड स्टडीज, अहमदाबाद । 
2. कॉलेज ऑफ आर्ट्स, तिलक मार्ग, दिल्ली एजेके मास कम्युनिकेशन सेंटर, जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली ।
3. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद । 
4. सेंटर फॉर रिसर्च आर्ट ऑफ फिल्म्स ऐंड टेलीविजन नई दिल्ली । 
5. दिल्ली स्कूल ऑफ फोटोग्राफी । 6. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फोटोग्राफी, मुंबई

Thursday, June 28, 2018

सुगंध चिकित्सा में करियर

करियर के क्षेत्र में आ रहे बदलावों के चलते आज ऐसे विकल्पों का बोलबाला है, जो अपने आप में विशेषज्ञता रखते हैं। यह विकल्प पूरी तरह से प्रोफेशनल होते हैं। इन्हीं में से एक विकल्प है सुगंध चिकित्सा (स्मैल थैरेपी) का। ब्रिटेन और यूरोप में लोकप्रियता हासिल करने के बाद सुगंध चिकित्सा ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। 

जहाँ तक भारत की बात की जाए तो हमारी सभ्यता में प्राचीनकाल से ही सुगंध चिकित्सा का बोलबाला रहा है। भारत इत्र, सुगंधित तेलों और इनका उत्पादन करने वाली इंडस्ट्री का अपना एक विशेष महत्व है। आयुर्वेद में सुगंधित तेलों से शरीर की मालिश करने की विधि का उपयोग होता है इसके अलावा इत्र, धूप, अगरबत्ती जैसी वस्तुएँ भी भारतीय सभ्यता से बहुत लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। 

आज सुगंध चिकित्सा न सिर्फ इलाज, बल्कि रोजगार के लिहाज से भी भारत में व्यापक संभावनाओं भरे विकल्प के तौर पर विकसित हो रही है। 

नेचुरल चीजों के प्रति बढ़ते रुझान के कारण आज सेहत सुधार में भी सुगंध चिकित्सा का इस्तेमाल किया जाने लगा है। भारत में सुगंध चिकित्सा के माध्यम से प्रकृति की ओर वापसी की धारणा को फिर से प्रचलित करने का श्रेय अगर किसी को दिया जाए तो इस कतार में शहनाज हुसैन, ब्लॉसम कोचर और भारती तनेजा जैसे नाम उभकर सामने आते हैं, जिन्होंने आम आदमी को ऐसे विकल्प दिए, जिनके चलते वह एक बार फिर से प्राकृतिक उत्पादों में विश्वास करने लगा है। 

प्रकृति के प्रति इसी लगाव के कारण आज भारत के प्राकृतिक उत्पादों की माँग भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी खूब देखने को मिल रही है। वर्तमान में आलम यह है कि विज्ञान के विकास के चलते आज यह क्षेत्र बेहद विस्तृत हो गया है और एक इंडस्ट्री के रूप में तब्दील हो चुका है। 

आज भारी संख्या में लोग अपनी बीमारियों का इलाज प्राकृतिक सुगंध चिकित्सा में खोज रहे हैं। आम और खास आदमी की इसी बढ़ती रूचि के कारण सुगंध चिकित्सा आज एक रोजगार विकल्प का रूप ले चुकी है। 


सुगंध चिकित्सा के लगातार बढ़ते प्रभाव के कारण आज देश के कई शिक्षण संस्थानों ने इस विद्या का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया है। आज न केवल सरकारी, बल्कि कई गैर सरकारी संस्थान भी सुगंध चिकित्सा से जुड़े डिग्री, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स चला रहे हैं। इन संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया उसी तरह की होती है, जैसे कि अन्य प्रोफेशनल या परंपरागत कोर्सों के लिए होती है।  
इस थेरेपी से जुड़े सर्टिफिकेट स्तर के पाठक्रम में दाखिले के लिए शैक्षणिक योग्यता बारहवीं है। लेकिन अगर आप डिग्री या डिप्लोमा कोर्स करना चाहते हैं तो अधिकांश शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए आवेदक के पास बारहवीं कक्षा में रसायन विज्ञान विषय होना जरूरी है। सुगंध चिकित्सा के कई प्रोफेशनल पाठक्रमों में केवल कैमिस्ट्री विषय के साथ स्नातक उत्तीर्ण छात्रों को ही प्रवेश दिया जाता है।

सुगंध चिकित्सा का प्रशिक्षण प्राप्त कर आप एक सुगंध चिकित्सक के रूप में कार्य कर सकते हैं। प्रशिक्षण के उपरांत आप सुगंध चिकित्सक, सुगंधित पदार्थ विक्रेता, परामर्शदाता, सुगंधित पदार्थ के उत्पादन और व्यापार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस तरह अगर सही मायनों में देखें तो यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें आपको अपनी क्षमताओं और रुचि के अनुसार काम करने का मौका मिलता है। 

सुगंध चिकित्सा का कोर्स करने के उपरांत वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति का इस्तेमाल कर इलाज करने वाले अस्पतालों, अनुसंधान और विकास संगठन, सुगंधित तेल का बड़े पैमाने पर उत्पादन करने वाली कंपनियों, स्पा सेंटर, पांच सितारा होटलों, खानपान के क्षेत्र में, औषधि और पौष्टिक आहार बनाने वाली कंपनियों तथा सौंदर्य प्रसाधन उद्योग में रोजगार की बहुत उजली संभावनाएं हैं। 
किसी प्रतिष्ठित संस्थान से सुगंध विज्ञान में प्रशिक्षण लेने के बाद सुगंध चिकित्सक के रूप में स्वयं का क्लिनिक शुरू किया जा सकता है, जिसमें सौंदर्य की साज-संभाल के अलावा अन्य रोगों का इलाज किया जा सकता है। सुगंध चिकित्सक के अलावा आप सुगंधित पदार्थ परामर्शदाता और इसके उत्पादन और व्यापार के क्षेत्र में भी कार्य कर सकते हैं। 

कहाँ से करे कोर्स-

शहनाज हुसैन वुमंस इंटरनेशनल स्कूल ऑफ ब्यूटी, ग्रेटर कैलाश, नई दिल्ली।

पिवोट पाइंट ब्यूटी स्कूल, कैलाश कॉलोनी, नई दिल्ली।

दिल्ली स्कूल ऑफ मैनेजमेंट सर्विस, आकाशदीप बिल्डिंग, नई दिल्ली।

सुगंध और स्वाद विकास केंद्र, मार्कण्ड नगर, कन्नौज, उत्तर प्रदेश ।

केलर एजुकेशन ट्रस्ट, वीजी वूसे कॉलेज, मुंबई।

Sunday, June 24, 2018

कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में करियर

आज के दौर में संचार जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। चाहे मोबाइल हो या टीवी यह हर इनसान की जरूरत है। क्या आप ऐसे जीवन की कल्पना कर सकते हैं जहाँ मोबाइल काम ना करे। अपने मन पंसद प्रोग्रामों को देखने के लिए आपके पास टेलीविजन ही ना हो। ऐसे जीवन की कल्पना करना भी आपको कितना डरावना लगता है ना। 

आपकी सुविधाओं को हकीकत में बदलने का काम किया है इलेक्ट्रॉनिक और कम्युनिकेशन इंजीनियरों ने। इनकी कला की बदौलत ही आज हर व्यक्ति पूरी दुनिया से जुड़ा हुआ है। अगर आप चाहें तो इस क्षेत्र में अपना भविष्य तलाश सकते हैं।

इलेक्ट्रॉनिक और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग का क्षेत्र बहुत ही विस्तृत व चुनौतीपूर्ण है। इसके अंतर्गत माइक्रोवेव और ऑप्टिकल कम्युनिकेशन, डिजिटल सिस्टंस, सिग्नल प्रोसेसिंग, टेलीकम्युनिकेशन, एडवांस्ड कम्युनिकेशन, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इंजीनियरिंग की यह शाखा रोजमर्रा की जिंदगी में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है। साथ ही इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिकल, पॉवर सिस्टम ऑपरेशंस, कम्युनिकेशन सिस्टम आदि क्षेत्रों में भी इसके महत्व को कम करके नहीं आंका जा सकता।

इस क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले छात्रों को इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक करना होगा। विभिन्न इंस्टिट्यूट छात्रों केलिए ढेर सारे विकल्प प्रस्तुत करता है। इस स्ट्रीम में छात्र विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं या दोहरी डिग्री भी कर सकते हैं। 

कम्युनिकेशन इंजीनियरों का मुख्य काम होता है कि वे न्यूनतम खर्चे पर सर्वश्रेष्ठ संभावित हल उपलब्ध करवाए। इस तरह वे रचनात्मक सुझाव निकालने में सक्षम हो पाते हैं। वे चिप डिजाइनिंग और फेब्रिकेटिंग के काम में शामिल होते हैं, सेटेलाइट और माइक्रोवेव कम्युनिकेशन जैसे एडवांस्ड कम्युनिकेशन, कम्युनिकेशन नेटवर्क साल्यूशन, एप्लिकेशन ऑफ डिफरेंट इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में काम करते हैं और इसलिए कम्युनिकेशन इंजीनियरों की सार्वजनिक और निजी दोनों ही क्षेत्रों में अच्छी खासी मांग होती है।

इंजीनियरिंग की इस ब्रांच में पेशेवरों के लिए नित नए दरवाजे खुलते रहते हैं। कम्युनिकेशन इंजीनियर टेलीकम्युनिकेशन, सिग्नल, सैटेलाइट और माइक्रोवेव कम्युनिकेशन आदि क्षेत्रों में काम की तलाश कर सकते हैं। कम्युनिकेशन इंजीनियरों को टीसीएस, मोटोरोला, इन्फोसिस, डीआरडीओ, इसरो, एचसीएल, वीएसएनएल आदि कंपनियों में अच्छी खासी सैलरी पर नौकरी मिलती है। 

एक सर्वे के मुताबिक इंजीनियरिंग क्षेत्र बहुत तेजी से बढ़ने वाले क्षेत्रों में से एक है। सर्वे के अनुसार अगले 10 सालों में इंजीनियरिंग के क्षेत्र की विकास दर 13.38 प्रतिशत होगी। 2007 में हुए ग्रेजुएट एक्जिट का सर्वे कहता है कि कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग पर मंदी का असर ना के बराबर हुआ है। इस क्षेत्र में अभी भी 86 प्रतिशत इंजीनियर काम कर रहे हैं और आने वाले समय में इनकी भारी माँग रहेगी। ब्यूरो ऑफ लेबर स्टेटिक्स की रिपोर्ट का मानना है कि इंजीनियरिंग एक ऐसा क्षेत्र है जो बहुत तेजी से विकास कर रहा है। 

इस क्षेत्र में इंजीनियर को 3.5 से 4 लाख रुपए प्रतिवर्ष औसतन वेतन मिल सकता है। अधिकतम वेतन 12 लाख रुपए प्रतिवर्ष तक हो सकता है।

कम्युनिकेशन इंजीनियर बनने की चाह रखने वाले छात्र इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, खड़गपुर, दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कालीकट से प्रोफेशनल कोर्स कर सकते हैं।