Monday, November 2, 2015

एनजीओ सेवा कीजिए मेवा लीजिए

एनजीओ- नॉन गवर्नमेंटल ऑर्गनाइजेशन यानी गैर सरकारी संगठन। एनजीओ किसी मिशन के तहत चलाए जाते हैं। सामाजिक समस्याओं को हल करना और विभिन्न क्षेत्रों में विकास की गतिविधियों को बल देना एक एनजीओ का मुख्य उद्देश्य होता है। कार्यक्षेत्र के रूप में कृषि, पर्यावरण, शिक्षा, संस्कृति, मानवाधिकार, स्वास्थ्य, महिला समस्या, बाल-विकास आदि में से कोई भी चुना जा सकता है। यह एक ऐसा क्षेत्र है, जहां आप नाम और दाम, दोनों कमा सकते हैं।
वह जमाना गया, जब इस क्षेत्र में आमतौर पर वे ही लोग आते थे, जो खुद के संसाधनों या सिर्फ दान वगैरह के बूते समाजसेवा करना चाहते थे। अब एनजीओ रोजगार के बढ़िया साधन बन चुके हैं। कई बार कई दूसरी नौकरियों से भी अच्छे वेतनमान पर काम यहां मिल सकता है। किसी अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले एनजीओ में बात बन जाए तो फिर बात ही क्या है। समाज सेवा का सुकून तो इसमें है ही।
इस क्षेत्र की विशिष्टता यही है कि रोजगार का साधन होने के बावजूद समाजहित की भावना इसमें सर्वोपरि होनी चाहिए। यह उन लोगों के लिए अच्छा क्षेत्र है, जो सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील हों, समाज हित के विभिन्न पहलुओं पर गहरी निष्ठा, लगन और रुचि के साथ काम करना चाहते हों और सिर्फ पैसा कमाना ही जिनका मकसद न हो।
बहुत बड़ा है एनजीओ संसार
एनजीओ के प्रति आकर्षण का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि मौजूदा समय में हमारे देश में सक्रिय सूचीबद्घ एनजीओ की संख्या एक रिपोर्ट के मुताबिक 33लाख के आसपास है। यानी हर 365 भारतीयों पर एक एनजीओ। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा एनजीओ हैं, करीब 4.8 लाख। इसके बाद दूसरे नंबर पर आंध्रप्रदेश है। यहां 4.6 लाख एनजीओ हैं। उत्तर प्रदेश में 4.3 लाख, केरल में 3.3 लाख, कर्नाटक में 1.9 लाख, गुजरात व पश्चिम बंगाल में 1.7-1.7 लाख, तमिलनाडु में 1.4 लाख, उड़ीसा में 1.3 लाख तथा राजस्थान में एक लाख एनजीओ सक्रिय हैं। इसी तरह अन्य राज्यों में भी बड़ी तादाद में गैर सरकारी संगठन काम कर रहे हैं। दुनिया भर में सबसे ज्यादा सक्रिय एनजीओ हमारे ही देश में हैं।
धन की बात करें तो दान, सहयोग और विभिन्न फंडिंग एजेंसियों के जरिये एनजीओ क्षेत्र में अरबों रुपया आता है। अनुमान है कि हमारे देश में हर साल सारे एनजीओ मिल कर 40 हजार से लेकर 80 हजार करोड़ रुपये तक जुटा ही लेते हैं। सबसे ज्यादा पैसा सरकार देती है। ग्यारहवीं योजना में सामाजिक क्षेत्र के लिए 18 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा गया था। दूसरा स्थान विदेशी दानदाताओं का है। सिर्फ सन् 2005 से 2008 के दौरान ही विदेशी दानदाताओं से यहां के गैर सरकारी संगठनों को 28876 करोड़ रुपये (करीब 6 अरब डॉलर) मिले। इसके अलावा कॉरपोरेट सेक्टर से भी सामाजिक दायित्व के तहत काफी धन गैर सरकारी संगठनों को प्राप्त होता है।
कैसे करें पढ़ाई
एनजीओ क्षेत्र की व्यापकता को देखते हुए आसानी से समझा जा सकता है कि अब एनजीओ प्रबंधन कितना महत्त्वपूर्ण काम बन चुका है। देश में कई संस्थान और विश्वविद्यालय हैं, जो बाकायदा एनजीओ प्रबंधन से जुड़े पाठ्यक्रम चला रहे हैं। 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक हों तो एनजीओ प्रबंधन के पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं। अनुभवी एनजीओ प्रोफेशनल, सामाजिक कार्यकर्ता और स्वयंसेवी भी अलग-अलग तरह के कोर्स कर सकते हैं। इन पाठ्यक्रमों में जिन विषयों के बारे में खासतौर से बताया जाता है, वे हैं—सामुदायिक विकास, सामाजिक उद्यमशीलता, वैश्विक मुद्दों की समझ, पर्यावरण शिक्षा, सूचना प्रबंधन, प्रशासनिक और वित्तीय प्रबंधन, नेतृत्वशीलता आदि। यों एनजीओ चलाने के लिए किसी खास शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है, परंतु जब कार्यकुशलता, व्यवस्थित प्रबंधन की बात आती है, खासतौर से रोजगार की संभावनाओं के संदर्भ में, तो एनजीओ प्रबंधन से जुड़े ये कोर्स विशेष उपयोगी हो जाते हैं।
समाज कल्याण में मास्टर डिग्री (एमएसडब्ल्यू), समाजविज्ञान या ग्रामीण प्रबंध में कोई भी मास्टर डिग्री एनजीओ क्षेत्र में आगे बढ़ने की दृष्टि से उपयोगी है। समाज कल्याण में बीए, एमए या बीएसडब्ल्यू भी किए जा सकते हैं। जो युवा अध्ययन जारी रखना चाहते हैं वे एमफिल या पीएचडी भी कर सकते हैं। भारतीय समाज कल्याण एवं व्यवसाय प्रबंधन संस्थान (कोलकाता), टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (मुंबई), दिल्ली विश्वविद्यालय, राजस्थान विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय आदि डिप्लोमा और डिग्री के कई पाठय़क्रम संचालित कर रहे हैं। जो छात्र एनजीओ क्षेत्र में जाना चाहते हैं, उन्हें चाहिए कि बारहवीं के बाद समाजविज्ञान विषय क्षेत्र से कोई एक विषय चुन कर पढ़ाई करें।
मौके कहां-कहां
एनजीओ प्रबंधन के कोर्सों के बाद ऑपरेशनल और एडवोकेसी, दोनों तरह के एनजीओ में काम के अच्छे अवसर हैं। ऑपरेशन एनजीओ में काम करना उनके लिए बेहतर है, जिनमें वित्त प्रबंधन, मीडिया प्रबंधन वगैरह की खास काबिलियत हो। एनजीओ एडवोकेसी का काम भी इससे कुछ अलग नहीं है, पर जो लोग सामाजिक कामों के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम बढ़िया ढंग से संभाल सकते हैं, उनके लिए यह अच्छी जगह है। कुव्वत हो तो इस क्षेत्र में काम की तमाम संभावनाएं हैं।
एनजीओ मैनेजर, कम्युनिटी सर्विस प्रोवाइडर, एनजीओ प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, एनजीओ ह्यूमन रिसोर्स और फाइनेंस मैनेजर जैसे कई रूपों में आप काम पा सकते हैं। मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर, फिक्की, एसओएस विलेज, एफएआरएम, अमर ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट, प्रयास वगैरह में अच्छे वेतनमान पर काम मिल सकता है। मौजूदा समय में एड्स अवेयरनेस प्रोजेक्ट, ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यक्रम, चाइल्ड एब्यूज प्रिवेंशन कमेटी स्ट्रीट चिल्ड्रन एजुकेशन, ड्रग रिहेबिलिटेशन सेंटर, सेक्स वर्कर फोरम आदि में भी काम के काफी अवसर हैं।
रोजगार की संभावना को इस बात से समझिए कि दुनिया भर में लगभग दो करोड़ ऐसे एनजीओ पेशेवर हैं, जिन्हें बाकायदा वेतन दिया जाता है। इस के अलावा उल्लेखनीय काम के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत भी किया जा सकता है।
टाटा इंस्टीटय़ूट ऑफ सोशल साइंसेज से पढ़े हुए मैनेजमेंट प्रोफेशनल राहुल सिंह एनजीओ के क्षेत्र में युवाओं के लिए काफी बड़ी संभावनाएं देखते हैं। वे कहते हैं कि वर्तमान में जब बड़ी-बड़ी कंपनियां भी अपना सामाजिक दायित्व महसूस करने लगी हैं तो ग्रासरूट एनजीओ के लिए उनका आर्थिक सहयोग भी बढ़ रहा है। उनका मानना है कि विकास के नए तौर-तरीकों के चलते हमारे मूल्यों में जिस तरह से गिरावट आ रही है, ऐसे में एनजीओ की भूमिका काफी बढ़ गई है। जाहिर है नौजवानों के लिए इस क्षेत्र में संभावनाएं बढ़ेंगी। वे कहते हैं कि बिहार जैसे राज्य में कंपनियों का जाना अब शुरू हो रहा है तो यहां जमीनी तौर पर काम कर रहे एनजीओ के लिए काफी मौके होंगे। ‘नवधान्य’ की कर्ताधर्ता डॉ. वंदना शिवा छोटे आकार वाले जमीनी तौर पर काम कर रहे गैर सरकारी संगठनों में युवाओं के लिए अच्छे अवसर देखती हैं।
वेतन मिल सकता है बढ़िया
एनजीओ में काम करने वालों को मौजूदा समय में वेतन के अच्छे मौके हैं। यहां वेतन का निर्धारण इस आधार पर होता है कि कार्य का क्षेत्र कैसा है, किस प्रकार का है और उसका स्तर क्या है। फिर भी अंतरराष्ट्रीय किस्म के गैर सरकारी संगठन बढ़िया वेतन दे सकते हैं। ये संगठन विश्व भ्रमण के खूब मौके उपलब्ध कराते हैं। फिलहाल काबिलियत के हिसाब से 10-15 हजार से लेकर एक लाख से ऊपर तक का वेतन एनजीओ क्षेत्र में मिल सकता है। वेतन के अलावा विभिन्न मुद्दों पर किसी एनजीओ से प्रोजेक्ट वर्क के तौर पर रिसर्च, पुस्तक लेखन, फील्ड वर्क संबंधी कुछ काम लेकर भी धन कमाने के यहां काफी अवसर हैं।
बांध लीजिए गांठ
याद रखिए, यदि गैर सरकारी संगठनों के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना है तो आप में सामूहिकता के माहौल में काम करने का अनुभव जरूर होना चाहिए। लोगों से संवाद करने, उन्हें प्रेरित करने का माद्दा तो होना ही चाहिए। स्थानीय भाषा के साथ अंग्रेजी जैसी अंतरराष्ट्रीय संवाद की भाषा का ज्ञान आपके काम को आसान बना सकता है। यानी आप काम में कुशल हों तो इस क्षेत्र में आपका भविष्य उज्ज्वल है।
एनजीओ प्रबंधन के कोर्स कहां-कहां
एनजीओ प्रबंधन का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान-
1. टाटा इंस्टीटय़ूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई
2. दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली
3. एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एनजीओ मैनेजमेंट, नोएडा, उत्तर प्रदेश
4. मदुरै कामराज विश्वविद्यालय, मदुरै, तमिलनाडु
5 अन्नामलाई विश्वविद्यालय, अन्नामलाई नगर, तमिलनाडु
6. लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ, उत्तर प्रदेश
7. सेंटर ऑफ सोशल इनीशिएटिव एंड मैनेजमेंट, हैदराबाद
8. भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, गांधीनगर, गुजरात
9. जेवियर इंस्टीटय़ूट ऑफ सोशल साइंसेज, रांची
10. ग्रामीण प्रबंधन संस्थान, आणंद
अपना एनजीओ ऐसे बनाएं
एक समूह बना कर आप अपना एनजीओ बना सकते हैं। एनजीओ का निबंधन दरअसल हमारे देश में कई कानूनों के तहत होता है, जैसे कि इंडियन ट्रस्ट एक्ट (1982), पब्लिक ट्रस्ट एक्ट (1950), इंडियन कंपनीज एक्ट (1956-धारा- 25), रिलीजियस एंडोमेंट एक्ट  (1863), चेरीटेबल एंड रिलीजियस ट्रस्ट एक्ट (1920), मुस्लिम वक्फ एक्ट (1923), वक्फ एक्ट (1954), पब्लिक वक्फ—एक्सटेंशन ऑफ लिमिटेशन एक्ट (1959) आदि।
वैसे हमारे देश में एनजीओ बनाना ज्यादा कठिन नहीं है। बिना लाभ-हानि के काम करने वाले एनजीओ कंपनी एक्ट धारा-25 के तहत ट्रस्ट, संस्था, सोसायटी या प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में पंजीकृत कराए जा सकते हैं।
खूब हैं विदेश जाने के मौके
यह ऐसा क्षेत्र है, जहां विदेशों में भी काम के काफी अवसर हैं। यूनिसेफ, यूनाइटेड नेशन, यूनेस्को, ओसीडी, विश्वबैंक, नाटो, विश्व स्वास्थ्य संगठन, एमनेस्टी इंटरनेशनल, रेडक्रॉस, ग्रीनपीस, कॉमनवेल्थ ह्यूमन राइट, एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन, यूनाइटेड नेशन एजुकेशनल साइंटिफिक एंड कल्चरल ऑर्गनाइजेशन जैसी नामी संस्थाओं के अलावा दूसरी अन्य वैश्विक स्तर पर काम कर रही संस्थाओं के साथ जुड़ कर भी काम किया जा सकता है। यदि आप अपने ही देश में काम कर रहे हों तो भी विदेशों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के बुलावे के तौर पर विदेश यात्रा का अवसर मिल सकता है। जो एनजीओ प्रबंधन की पढ़ाई विदेश में करके अपना करियर संवारना चाहते हैं, उनके लिए कुछ नामी विदेशी संस्थान हैं—टेंपल युनिवर्सिटी (जापान), कैस बिजनेस स्कूल (लंदन), एनजीओ मैनेजमेंट स्कूल (बेसिंस, लंदन)।

Sunday, November 1, 2015

स्पेस में भी अनलिमिटेड चांस

सुनीता विलियम्स और कल्पना चावला, इन्हें आज भला कौन नहीं जानता, लेकिन इस नाम और शोहरत के पीछे है स्पेस के प्रति इनका लगाव और स्पेस साइंस का अनलिमिटेड स्कोप। अगर आप साइंस स्टूडेंट हैं और 12वीं के बाद इंजीनियरिंग के क्षेत्र में जाना चाहते हैं तो स्पेस साइंस के क्षेत्र में उम्दा करियर का आगाज कर सकते हैं। आज भारत खुद इस फील्ड में जानामाना नाम है।

स्कोप
विभिन्न विषयों के जानकार स्पेस साइंस के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर सकते हैं, जैसे- एस्ट्रोफिजिक्स, गैलैक्टिक साइंस, स्टेलर साइंस, रिमोट सेंसिंग, हाइड्रोलॉजी, कार्टोग्राफी, नॉन अर्थ प्लैनेट्री साइंस, बायॉलॉजी ऑफ अदर प्लेनैट्स, एस्ट्रोनॉटिक्स, स्पेस कोलोनाइजेशन, क्लाइमेटोलॉजी आदि। आगे चलकर स्पेस साइंस में स्कोप का बढ़ना तय है, देखा जाए तो इस फील्ड में डिमांड सप्लाई के बीच गैप है। इस फील्ड में स्पेस साइंटिस्ट के अलावा मेट्रोलॉजिकल सर्विस, एनवायरनमेंटल मॉनिटरिंग, एस्ट्रोनॉमिकल डाटा स्टडी आदि के साथ भी जुड़ा जा सकता है।

योग्यता
अब तो आप 12वीं के बाद इसरो द्वारा आयोजित इंजीनियरिंग एग्जाम पास कर सीधे अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की सोच सकते हैं। इस फील्ड में काम करने के लिए विभिन्न विषयों के जानकारों की जरूरत होती है, जैसे- मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्यूनिकेशन और कंप्यूटर इंजीनियरिंग। अगर आप ऑलरेडी बी. टेक या एमएससी हैं, तब भी आगे स्पेस साइंस से जुड़े सब्जेक्ट्स में स्पेशलाइजेशन कर इस फील्ड में आ सकते हैं। मटीरियल साइंस, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, मेडिसिन, साइकोलॉजी आदि के स्टूडेंट्स के लिए भी इस फील्ड में स्कोप है। इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग का अनुभव रखने वालों को भी रोजगार के मौके मिलते हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल आदि सब्जेक्ट्स में सटिर्फिकेट कोर्स करने वालों के लिए भी अवसर होते हैं।

सैलरी
नैशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर, विक्रम सारा भाई स्पेस सेंटर, सतीश धवन स्पेस सेंटर आदि के अलावा विभिन्न सरकारी संस्थानों में साइंटिस्टों की जरूरत होती है। इन्हें सभी तमाम सुविधाओं के साथ अच्छा-खासा वेतन भी दिया जाता है। किसी खास प्रॉजेक्ट पर काम करने वाली टीम में फ्रेशर को एक रिसर्चर के तौर पर शामिल किया जा सकता है। इसरों द्वारा समय समय पर विभिन्न क्षेत्र के साइंटिस्ट/इंजीनियर के लिए भतीर् चलती रहती है। भारत से बाहर नासा में भी भारतीय काफी संख्या में हैं और अच्छा नाम कर रहे हैं।

इंस्टीट्यूट्स
भारत में अब कई यूनिवसिर्टियों और इंस्टीट्यूट्स में स्पेस साइंस और इससे जुड़े सब्जेक्ट्स जैसे, रिमोट सेंसिंग, कार्टोग्राफी, हाइड्रोलॉजी, मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड प्रोसेसिंग, एटमोसफरिक साइंस, क्लाइमेटोलॉजी वगैरह की पढ़ाई उपलब्ध है। हालांकि इस फील्ड में ग्रैजुएशन, पीजी और रिसर्च प्रोग्राम्स के लिए साल 2007 में 'इंस्टिट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नॉलजी' की स्थापना की गई। इस इंस्टिट्यूट में एवियोनिक्स और एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में बी.टेक. के अलावा पांच वर्षीय इंटिग्रेटिड मास्टर्स इन एप्लाइड साइंस प्रोग्राम भी चलाया जाता है। इसरो भी स्पेस साइंस से जुड़े कई कोर्स कराता है। इसके अलावा पुणे यूनिवर्सिटी से स्पेस साइंस में एमएससी की डिग्री ली जा सकती है। गुजरात और आंध्र यूनिवर्सिटी में स्पेस साइंस में पीजी डिप्लोमा कोर्स भी है। विदेश में भी ऐडमिशन लिया जा सकता है।

इंस्टिट्यूट्स

- इंस्टिट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नॉलजी, तिरुवनंतपुरम।

- एमएससी स्पेस साइंस - पुणे यूनिवर्सिटी

- पीजी डिप्लोमा स्पेस साइंस- गुजरात और आंध्र यूनिवर्सिटी

- एम. टेक रिमोट सेंसिंग - अन्ना यूनिवर्सिटी

- एम. टेक रिमोट सेंसिंग - आईआईटी मुंबई

- एम. टेक रिमोट सेंसिंग - रूड़की यूनिवर्सिटी

- एमएससी कार्टोग्राफी - मद्रास यूनिवर्सिटी

- एम. एससी एटमोसफेरिक साइंस - कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी

- एम. एससी क्लाइमेटोलॉजी - पुणे यूनिवर्सिटी

- एम. टेक हाइड्रोलॉजी - आंध्र यूनिवर्सिटी

- डिप्लोमा इन हाइड्रोलॉजी - रुड़की यूनिवर्सिटी

- कैलिफोर्निया इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नॉलजी, अमेरिका

- यूनिवर्सिटी ऑफ कोलोरैडो, अमेरिका

- अमेरिकन इंस्टिट्यूट ऑफ एयरोनॉटिक्स एंड एस्ट्रोनॉटिक्स, यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना

- स्टैनफर्ड यूनिवर्सिटी, अमेरिका

Friday, October 30, 2015

रेशम उद्योग में करियर

रेशम मनुष्य के परिचित सबसे पुराने तन्तुओं में से एक है और दुनिया में सबसे अधिक प्यारा तन्तु है । अपनी भव्यता की वजह से रेशम वस्त्र सदियों से निरपवाद रूप से वस्त्रों की रानी के रूप में विख्यात है । विलासिता, लालित्य, किस्म, प्राकृतिक चमक, रंगों की ओर सहज आकर्षण और चटकीला रंग, हल्के वजन, कमजोर गर्मी प्रवाहक तत्व, लचीलापन तथा उत्कृष्ट वस्त्र विन्यास इसकी कुछ विशेषताएं हैं ।भारत में, रेशम को प्राचीन काल से एक पवित्र तन्तु माना जाता है और कोई भी धार्मिक समारोह रेशम के उपयोग के बिना पूरा नहीं होता ।
सम्भावनाएं
रेशम उद्योग के विस्तार को देखते हुए इसमें रोजगार की काफी संभावनाएं हैं और आने वाले दिनों में इसका कारोबार और फलेगा-फूलेगा । फैशन उद्योग के काफी करीब होने के कारण भी इसमें हमेशा अवसर बने रहते हैं । देश में लम्बी अवधि में कच्चे सिल्क और कपास की उपलब्धता सुनिश्चित करने की रणनीति के तहत कपड़ा मंत्रालय इन उत्पादों की खरीद विदेश से करने की योजना बना रहा है । 

सिल्क उत्पादन के मामले में भारत का स्थान विश्व में दूसरा है, जो कुल वैश्विक उत्पादन में करीब 18 फीसदी का योगदान करता है लेकिन दुनिया में सिल्क का सबसे बड़ा उपभोक्ता है ।  भारत में मलबरी सिल्क उत्पादन करने वाले प्रमुख राज्य हैं कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर । कुल सिल्क उत्पादन में इन राज्यों की हिस्सेदारी कुल मिलाकर 92 फीसदी है । साल 2010-11 में देश में 1,63,060 टन कच्चे सिल्क का उत्पादन हुआ था ।
योग्यता
विभिन्न विश्वविद्यालयों में सेरिकल्चर के पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जहां इसके विभिन्न पहलुओं से रू-ब-रू होकर छात्र न सिर्फ सिल्क उत्पादन में अपना योगदान दे सकते हैं, बल्कि अपने करियर को भी एक बेहतरीन सिल्की टच दे सकते हैं ।

कोर्स 
बी.एससी. इन सेरिकल्चर या बी.एससी. इन सिल्क टैक्नोलॉजी जैसे कोर्स कहीं तीन साल तो कहीं चार साल की अवधि के हैं । इन कोर्सों के तहत सिल्क प्रोडक्शन के बारे में छात्रों को पूरी जानकारी दी जाती है । पहले वर्ष में छात्रों को फाऊंडेशन कोर्स पढ़ना होता है । उसमें बॉयोलॉजी, कैमिस्ट्री, फिजिक्स, इलैक्ट्रॉनिक्स, एन्वायरनमैंटल साइंस आदि की पढ़ाई होती है । इसके बाद बॉटनी, जूलॉजी, कैमिस्ट्री के साथ सेरिकल्चर की पढ़ाई होती है ।  

इसी दौरान छात्रों को मृदा विज्ञान के बारे में भी बताया जाता है । बी.एससी. या एम.एससी. कोर्सों में प्रैक्टीकल पर भी काफी बल दिया जाता है । कालेज या संस्थान सिल्क उत्पादन के बारे में जानकारी देने के लिए मल्बरी गार्डन से युक्त होते हैं । मल्बरी सिल्क कीट की खुराक है । गार्डन में कीट पालन, कुकुन बनाने की प्रक्रिया और फिर उससे सिल्क के रेशे बनाने की विधि से छात्रों को अवगत कराया जाता है । इसके अलावा सिल्क की क्वालिटी , डाइंग व उसकी प्रिटिंग प्रक्रिया के बारे में भी बखूबी जानकारी दी जाती है ।

दाखिला
सेरिकल्चर में बी.एससी. में दाखिला 12वीं में प्राप्त हुए अंकों के आधार पर होता है । छात्र के लिए यह जरूरी है कि उसने 12वीं में भौतिकी, रसायन और बॉयोलॉजी (बॉटनी) की पढ़ाई की हो । कई संस्थानों में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है और फिर तय सीटों के मुताबिक दाखिला दिया जाता है । 

बी.एससी. कोर्स पूरा करने के बाद छात्र आगे एम.एससी.भी कर सकते हैं । वे बॉयोटैक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, बॉटनी, जूलॉजी, जैनेटिक्स आदि में एम.एससी. कर विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं । लाइफ साइंस के अन्य छात्रों की तरह ही सेरिकल्चर के छात्रों को भी इन विषयों में एम.एससी. स्तर पर बराबर अवसर मिलता है । इसके बाद रिसर्च के मौके भी उपलब्ध होते हैं । 

रोजगार के अवसर
इस फील्ड में बी.एससी. करने के बाद छात्र चाहें तो आगे की पढ़ाई कर सकते हैं, अन्यथा वे टैक्सटाइल डिजाइन, फैशन टैक्नोलॉजी, एक्सपोर्ट हाऊस, स्मॉल स्केल इंडस्ट्री आदि में काम कर सकते हैं । एम.एससी. व पी.एचडी. करके अध्यापन क्षेत्र में भी जा सकते हैं । इसके अलावा साइंटिस्ट बनने के अवसर भी मिल सकते हैं ।

कई सरकारी संस्थानों, जैसे दिल्ली स्थित सैंट्रल सिल्क बोर्ड, सिल्क एक्सपोर्ट प्रमोशन कौंसिल, नाबार्ड, कृषि विज्ञान केन्द्र आदि में भी मौके मिल सकते हैं । प्रत्येक राज्य में सेरिकल्चर निदेशालय भी होते हैं, जहां प्रोजैक्ट मैनेजर, सहायक निदेशक, रिसर्च ऑफिसर, मार्कीटिंग अधिकारी आदि के रूप में काम करने का मौका मिलता है । यदि छात्र चाहें तो कोर्स करने के बाद खुद अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं ।

केन्द्रीय रेशम प्रौद्योगिक अनुसंधान संस्थान, बेंगलूर मडिवाला, बेंगलूर में स्थित यह देश का एक प्रमुख रेशम पर शोध करने तथा प्रशिक्षण प्रदान करने वाला सरकारी संस्थान है । इसके प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लक्ष्य रेशम उत्पादन विभाग के कर्मचारियों से लेकर उद्यमियों, छात्रों, फैशन डिजाइनरों, धागाकारों, रंगाईकारों, एंठनकारों, बुनकरों, निचले स्तर के कार्यकारों आदि को प्रशिक्षण दिलाना है । संस्थान द्वारा प्रस्तुत प्रशिक्षण कार्यक्रम में केन्द्रीय रेशम बोर्ड और जापान अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता अभिकरण के संयुक्त रूप से प्रायोजित तृतीय देशी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शामिल हैं ।
अन्य प्रमुख संस्थान
- शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर साइंस एंड टैक्नोलॉजी, जम्मू
- दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली
- बाबा साहब भीमराव अंबेदकर यूनिवर्सिटी, लखनऊ
- यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर साइंसेज, बेंगलूर
- सैंट्रल सेरिकल्चर रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीच्यूट, मैसूर

अनुसंधान में सुनहरा भविष्य

जैसे-जैसे समय बीत रहा हैं वैसे वैसे मानव की समस्या भी विकट होती जा रही है। हर दिन एक नई समस्या से उसे दो चार होना पड़ता है। ऐसे में शोध की महत्ता स्वत: ही पैदा हो जाती है। हालांकि मानव की सोच विविधता वाली होती है और उसकी रूचि, प्रकृति, व्यवहार, स्वभाव और योग्यता भिन्न - भिन्न होती है। इस लिहाज से अनेक जटिलताएं भी पैदा हो जाती है। इस लिहाज से मानवीय व्यवहारों की अनिश्चित प्रकृति के कारण जब हम उसका व्यवस्थित ढंग से अध्ययन कर किसी निष्कर्ष पर आना चाहते हैं तो वहां पर हमें शोध का प्रयोग करना होगा। इस तरह सरल शब्दों में कहें तो सत्य की खोज के लिए व्यवस्थित प्रयत्न करना या प्राप्त ज्ञान की परीक्षा के लिए व्यवस्थित प्रयत्न भी शोध कहलाता है। तथ्यों कर अवलोकन करके कार्य- कारण संबंध ज्ञात करना अनुसंधान की प्रमुख प्रक्रिया है। 
किसी भी विषय पर अच्छा काम कर उसे उपयोगी और महत्वपूर्ण बनाया जा सकता है। वैसे इन दिनों मानविकी और समाज विज्ञानों में दलित, आदिवासी, स्त्री, भूमंडलीकरण, गरीबी, निजीकरण, उदारीकरण, बाजारवाद, किसान आदि से जुड़े विषयों का चलन है। प्राकृतिक विज्ञानों में कोई भी नई खोज या प्रयोग महत्वपूर्ण होता है जिसमें नए और उत्तेजक निष्कर्ष निकल रहे हों। चिकित्सा के क्षेत्र में नित-नई खोजें इसी प्रक्रिया का परिणाम हैं। माइक्रोबायोलॉजी और नैनो टैक्नोलॉजी इन दिनों प्राकृतिक विज्ञानों संबंधी शोधकार्यो में लोकप्रिय विषय हैं।
शोध का प्रमुख लक्ष्य वैज्ञानिक पद्वति के प्रयोग द्वारा प्रश्नों के उत्तर खोजना है इसका उद्देश्य अध्ययनरत समस्या के अंदर छुपी हुई यर्थाथता का पता लगाना या उस सबकी खोज करना है जिसकी जानकारी समस्या के बारे में नहीं है। वैसे प्रत्येक शोध के अपने विशेष लक्ष्य होते है फिर भी सामाजिक शोध को निम्नलिखित प्रकारों में विभाजित किया हैं- 
1. किसी घटना के बारे में जानकारी प्राप्त करना या इसके बारे में नवीन ज्ञान प्राप्त करना- इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए की जाने वाली शोध को अन्वेषणात्मक अथवा निरूपणात्मक शोध कहते है।
2. किसी व्यक्ति परिस्थिति या समूह की विशेषता का सही चित्रण करने के लिए की जाने वाली शोध को वर्णनात्मक शोध कहते है।
3. किसी वस्तु या घटना के घटित होने की आवृत्ति निर्धारित करना या किसी अन्य वस्तु या घटना के साथ संबंध स्थापित करने के लिए निदानात्मक शोध उपयोग में लाई जाती है।
4. विभिन्न चरो में कार्य कारण संबंधों वाली उपकल्पनाओं का परीक्षण करने के लिए उपकल्पना परीक्षण अनुसंधान या प्रायोगिक शोध उपयोग में लाई जाती है।
आज अध्यापन के अलावा दूसरे क्षेत्रों में विशेषज्ञों की बढ़ती मांग ने शोध के प्रति रुझान बढ़ाया है। आज विश्वविद्यालयी शोध के गिरते स्तर और शोधार्थियों को पेश आ रही मुश्किलों को ध्यान में रखते हुए शोध के बारे में एक बुनियादी समझ बनाना जरूरी हो गया है।
बढ़ता रुझान
नामी शोध संस्थानों से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले वर्षो में शोध उपाधियों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। जवाहरलाल नेहरू विश्व-विद्यालय में जहां पांच साल पहले सामान्यत: एम.फिल़ और डायरेक्ट पीएच़ डी. में प्रवेश के लिए आवेदन करने वालों की संख्या क्रमश: 100-150 और 10-15 हुआ करती थी, वहीं अब यह संख्या 500-1000 और 50-100 तक पहुंच गई है। शोध उपाधियों हेतु बढ़ते रुझान के दो प्रमुख कारण हैं- रोजगार के लिए शोध की बढ़ती अनिवार्यता और पिछले वर्षो में शुरू हुई विभिन्न शोधवृत्तियां। अच्छे उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्यापन के लिए तो शोध अनिवार्य हो गया है।
इसके साथ ही निजी एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों, गैर सरकारी संगठनों आदि में भी शोध उपाधि धारकों को वरीयता दी जाती है। सभी बड़े संस्थानों में रिसर्च एण्ड डवलपमेंट (आरएंडडी) विभाग होता है, इसके अलावा निजी संस्थानों और कंपनियों में 'कॉपरेरेट सोशल रेसपॉन्सबिलिटीÓ विभाग होता है, जहां पीएचडी धारकों को वरीयता दी जाती है। गैर सरकारी संगठनों में भी इनकी जरूरत होती है।
विषय चयन 
ठ्ठविषय आपकी रुचि का हो, न कि किसी का थोपा हुआ क्योंकि थोपे हुए विषय पर आप न तो अच्छा शोध कर सकते हैं और न ही बाद में साक्षात्कार में अपेक्षित जवाब दे सकते हैं।
ठ्ठविषय समयसामयिक महत्व का होना चाहिए। ऐसे विषय का चुनाव करें जिसकी आप साक्षात्कार में प्रासंगिकता स्पष्ट कर सकें। 
ठ्ठविषय में अधिक फैलाव से बचना चाहिए। विषय सीधे समस्या पर केंद्रित हो, इसलिए विषय चुनने से पहले समस्या की पड़ताल करें। उदाहरण के लिए अगर आपको भूमंडलीकरण से संबंधित विषय लेना है तो 'दुनिया पर भूमंडलीकरण का प्रभावÓ की जगह किसी छोटे क्षेत्र पर भूमंडलीकरण के खास प्रभाव का अध्ययन ज्यादा अच्छा विषय होगा।
निदेशक का चुनाव
जेएनयू जैसे कुछ विश्वविद्यालय गाइड (शोध निर्देशक) के चयन का अधिकार शोधार्थी को देते हैं। कई विश्वविद्यालयों में सीटों की उपलब्धता के आधार पर गाइड शोधार्थी का चयन करते हैं। अगर शोधार्थी के पास चयन की छूट हो तो गाइड के रूप में ऐसे व्यक्ति का चुनाव करना चाहिए जिसका विशेषज्ञता क्षेत्र आपके शोध विषय से संबंधित हो।
सारांश निर्माण 
सिनॉप्सिस या शोध प्रारूप शोध का पहला चरण है। कुछ विश्वविद्यालयों में प्रवेश के वक्त ही शोध प्रारूप ले लिया जाता है। सिनॉप्सिस आपके भावी शोध की रूपरेखा प्रस्तुत करती है, इसलिए इसे बहुत सावधानी से बनाएं। विषय की बुनियादी जानकारी जरूरी है। अपने क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण किताबें पढऩे के बाद ही सिनॉप्सिस बनाएं। 
अध्याय विभाजन 
क्षेत्र, उद्देश्य और संभावनाएं : इसमें शोधार्थी अपने विषय को स्पष्ट करता है और संबंधित विषय में शोध की उपादेयता सिद्ध करता है। एक हाइपोथीसिस (शोध परिकल्पना) प्रस्तुत करता है कि शोध के संभावित परिणाम कितने महत्वपूर्ण हो सकते हैं।
शोध की वर्तमान स्थिति : इसमें शोधार्थी को अपने विषय से संबंधित अब तक हुए शोध कार्यो का ब्यौरा देना पड़ता है। नई दिल्ली स्थित भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एसोशिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज) ने भारतीय विवि. में हुए तमाम शोध कार्यो के विषयों का एक वृहद कैटलॉग बनाया है। इससे शोधार्थी यह जान पाता है कि अपने शोध विषय जुड़े क्षेत्र में कहां कहां शोध कार्य हो चुका है। विषय के संबंध में सीनियर्स से बात करना भी अच्छा रहेगा। 
शोध विषय में नवीनता : शोधार्थी का विषय और भावी शोध कार्य कैसे अलग और नया है, यह शोधार्थी को सिनॉप्सिस के इस हिस्से में स्पष्ट करना चाहिए। कई बार शोध का विषय पुराने विषय से बहुत मेल खाता है, ऐसी स्थिति में शोधार्थी को अपने कार्य की भिन्नता को विस्तृत रूप से बताना अनिवार्य होग।
शोध विधि : यह शोध में अपनाई जाने वाली पद्धति है। यह हमारे विषय और अनुशासन पर निर्भर करता है कि हमें कौन सी शोध पद्धति ज्यादा उपयोगी लगेगी। तुलनात्मक, समाजशास्त्रीय, ऐतिहासिक, मनोवैज्ञानिक आदि पद्धतियां मानविकी संबंधी शोधकार्यों में प्रचलित हैं।
अध्याय योजना : इसे आप अपने भावी शोध प्रबंध का मूलाधार कह सकते हैं। यह उन रेखाओं का नाम है जिनमें रंग भरकर हम मुकम्मल तस्वीर बनाते हैं। अच्छी अध्याय योजना बनाने के लिए विषय की समुचित जानकारी होना जरूरी है। सामान्यत: एम.फिल़ में दो या तीन अध्याय होते हैं और पीएचड़ी़  में पांच से सात अध्याय होते हैं। शुरुआती अध्याय विषय से जुड़े सैद्धांतिक प्रश्नों से टकराते हैं और बाद के मूल विषय और समस्या से। अंत में निष्कर्ष या उपसंहार लिखने की परंपरा है।
संदर्भ ग्रंथ सूची : शोध कार्य के दौरान उपयोग में लाई गई किताबों की सूची को संदर्भ ग्रंथ सूची या बिबलियोग्राफी कहते हैं। कुछ शोध विषयों में हम कुछ पाठ (टेक्स्ट) का अध्ययन करते हैं। ऐसे शोध प्रबंध में हम संदर्भ ग्रंथ सूची को दो भागों में बाँटते हैं- प्राथमिक ग्रंथ (प्राइमरी सोर्स) और सहायक ग्रंथ (सैकेंडरी सोर्स)। इनमें किताबों के अलावा उपयोग में लाई गई पत्र-पत्रिकाएं, विश्वकोश, जर्नल, वेबसाइट आदि का भी ब्यौरा देना चाहिए।
शोधार्थी को अपने विषय का नयापन और महत्ता साबित करते हुए संभावित शोध का एक खाका पेश करना होता है। सिनॉप्सिस बनाने में शोधार्थी अपने गाइड की मदद ले सकते हैं। गाइड की सहमति के बाद विभाग के रास्ते विश्वविद्यालय की शोध समिति तक आपकी सिनॉप्सिस जाती है।
ऐसे होगी राह आसान 
पिछले वर्षों में शोध के प्रति रुझान बढऩे का एक कारण यह भी है कि इस बीच भारत सरकार द्वारा नई-नई शोधवृत्तियां (फैलोशिप) शुरू की गईं हैं तथा यूजीसी की जूनियर रिसर्च फैलोशिप और सीनियर रिसर्च फैलोशिप को भी बढ़ाया गया है।
पहले विद्यार्थियों की समझ थी कि बेरोजगारी में शोध के लिए व्यर्थ समय और धन क्यों खर्च करें, लेकिन बढ़ती फैलोशिपों ने इस सोच को बदला है। वैसे भी सरकारी शोध संस्थानों में मानविकी आदि के क्षेत्रों में शोध में ज्यादा खर्चा नहीं आता है। विज्ञान संबंधी शोधों के लिए अतिरिक्त फैलोशिपों और कंटीजेंसी की व्यवस्था की गई है। इसलिए अब शोध करना आर्थिक दृष्टि से आसान हुआ है।
प्रमुख संस्थान
मानविकी और समाज विज्ञानों के क्षेत्र में-
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली  ल्ल दिल्ली विश्वविद्यालय, नई दिल्ली 
द्यहैदराबाद विश्वविद्यालय, हैदराबाद 
टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई  ल्ल इलाहाबाद विश्वविद्यालय, इलाहाबाद 
कलकत्ता विश्वविद्यालय, कोलकाता
प्राकृतिक विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंसेज, बंगलूरू 
आईआईटी, दिल्ली, मुंबई, चैन्नई, कानपुर, रुड़की आदि। 
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, दिल्ली (पूसा) 
स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, चंडीगढ़, (चिकित्सा) 
एम्स, नई दिल्ली

Wednesday, October 28, 2015

फोरेंसिक साइंस में करियर

आजकल अपराधिक घटनओं में लगातार इजाफा हो रहा है। लेकिन अपराधी कितने भी शातिर क्यों न हों, वे कोई न कोई सुराग छोड ही जाते हैं। और इन्हीं सूक्ष्म से सूक्ष्म साक्ष्य के सहारे फोरेंसिक एक्सपर्ट अपराधियों को बेनकाब करने में सफल हो जाते हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट विज्ञान के सिद्धांतों और नई तकनीकों का उपयोग करते हुए क्राइम का इन्वेस्टिगेशन करते हैं। इसके लिए एक्सपर्ट ब्लड, बॉडी फ्लूड, हेयर, फिंगरप्रिंट, फूटप्रिंट, टिशू आदि की मदद लेते हैं। आमतौर पर फोरेंसिक एक्सपर्ट पुलिस के साथ मिल कर ही काम करते हैं।
हाल के वर्षो में कुछ प्रमुख विश्वविद्यालयों में भी फोरेंसिक साइंस से संबंधित कोर्स शुरू हो गए हैं, जो कि कुछ वर्ष पहले तक नहीं था। इससे यही जाहिर होता है कि आज इस कोर्स की बहुत ज्यादा पॉपुलरिटी है। अमूमन गवर्नमेंट कॉलेजों या विश्वविद्यालयों में फोरेंसिक साइंस से संबंधित कोर्स की फीस प्राइवेट इंस्टीटयूट की तुलना में काफी कम होती है, लेकिन इन दिनों जिस तरह से आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है, उससे फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की डिमांड काफी बढ गई है।
 इनके लिए रोजगार के अवसरों की अब कोई कमी नहीं है। गवर्नमेंट सेक्टर के साथ-साथ प्राइवेट संस्थानों में भी नौकरी की भरपूर संभावनाएं मौजूद हैं। आज करीब-करीब हर राज्य में फोरेंसिक लैब हैं। केवल यही नहीं, रीजनल और मोबाइल लैब्स की संख्या भी बढती जा रही है। वैसे, कुछ लैब में फोरेंसिक से जुडे स्टूडेंट्स को कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर भी रखा जाने लगा है। ऐसे में इस क्षेत्र से जुडे लोगों के लिए रोजगार की फिलहाल कोई समस्या नहीं है। खास बात यह है कि इन दिनों इस प्रोफेशन के प्रति युवाओं में बेहद क्रेज देखा जा रहा है।

कैसे मिलेगी एंट्री
फोरेंसिक साइंस में एंट्री के लिए साइंस बैकग्राउंड का होना जरूरी है। यदि आप साइंस सब्जेक्ट से 10+2 कर चुके हैं, तो फोरेंसिक साइंस में ग्रेजुएशन कर सकते हैं। ग्रेजुएशन के बाद फोरेंसिक साइंस और क्रिमिनोलॉजी में एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स में भी एंट्री ले सकते हैं। फोरेंसिक साइंस से मास्टर डिग्री कोर्स करने के लिए स्नातक में फिजिक्स, केमिस्ट्री, जूलोजी, बॉटनी, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, बी.फार्मा, बीडीएस और अप्लायड साइंस में से किसी एक में 60 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। इसके अलावा, फोरेंसिक स्पेशलिस्ट (जो मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम करते हैं) बनने के लिए एमबीबीएस की डिग्री जरूरी है। इसके बाद फोरेंसिक साइंस में एमडी भी कर सकते हैं।

प्रमुख उपलब्ध कोर्स

देश में प्रमुख शिक्षण संस्थानों में फोरेंसिक साइंस से जुडे कई तरह के कोर्स उपलब्ध हैं :
u डिप्लोमा इन फोरेंसिक साइंस ऐंड क्रिमिनोलॉजी 

u बीएससी इन फोरेंसिक साइंस 

u पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन क्रिमिनोलॉजी ऐंड पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन

u एमएससी इन फोरेंसिक साइंस

u एमएससी इन क्रिमिनोलॉजी ऐंड फोरेंसिक साइंस

u एमएससी इन साइबर फोरेंसिक्स ऐंड इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी

u एमए क्रिमिनोलॉजी ऐंड क्रिमिनल जस्टिस।

कहां मिलेगी नौकरी

फोरेंसिक एक्सपर्ट के लिए गवर्नमेंट और प्राइवेट ऑर्गनाइजेशन में जॉब की अच्छी संभावनाएं हैं। यदि गवर्नमेंट एजेंसी की बात करें, तो फोरेंसिक साइंटिस्ट के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन (सीबीआई), स्टेट पुलिस फोर्स के क्राइम सेल में, गवर्नमेंट व स्टेट फोरेंसिक लैब, प्राइवेट डिटेक्टिव एजेंसी आदि में काम करने का भरपूर मौका है। इसके अलावा, फोरेंसिक टीचर के रूप में भी करियर बनाने का भरपूर अवसर होता है। वैसे, गवर्नमेंट ऑर्गनाइजेशन में फोरेंसिक एक्सपर्ट को तकरीबन आठ से 10 हजार रुपये प्रति माह शुरू में सैलॅरी मिल जाती है। हालांकि, प्राइवेट एजेंसी में फोरेंसिक एक्सपर्ट की सैलॅरी आकर्षक होती है।

फोरेंसिक साइंस में स्पेशलाइज्ड फील्ड

इस क्षेत्र में आप निम्न क्षेत्र में स्पेशलाइजेशन कर सकते हैं : क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन, फोरेंसिक पैथोलॉजी/ मेडिसिन, फोरेंसिक एंथ्रोपालॉजी, फोरेंसिक डेंटिस्ट्री, क्लिनिकल फोरेंसिक मेडिसिन, फोरेंसिक एंटोमोलॉजी, फोरेंसिक सेरालॉजी, फोरेंसिक केमिस्ट, फोरेंसिक इंजीनियर, फोरेंसिक आर्टिस्ट व स्कल्पचर, टॉक्सिकोलॉजी आदि।

शिक्षण संस्थान

u इंस्टीट्यूट ऑफ फोरेंसिक साइंस ऐंड क्रिमिनोलॉजी, बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी


u डिपार्टमेंट ऑफ फोरेंसिक साइंस, पंजाब यूनिवर्सिटी



u दिल्ली यूनिवर्सिटी


u डॉ. भीमराव अम्बेदकर यूनिवर्सिटी, आगरा

u लोक नायक जयप्रकाश नारायण नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ क्रिमिनोलॉजी ऐंड फोरेंसिक साइंस, दिल्ली

u गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी, दिल्ली

Thursday, October 22, 2015

फैशन की दुनिया में करियर

ऐसी है फैशन की दुनिया, जहां कभी शाम ढलती ही नहीं है। यही वजह है कि आज के युवाओं में फैशन को लेकर पैशन है। दिल्ली फैशन वीक, पेरिस, मिलान और न्यूयॉर्क में आकर्षण परिधानों में रैंप पर कैटवॉक करती हुई मॉडल और हर डिजाइन पर लोगों की तालियों की बरसात! सही में यही डिजाइनर की सफलता की कहानी बयां करती है। लोगों को सुंदर बनाने का जुनून आपमें है, तो फैशन डिजाइनिंग का क्षेत्र आपका इंतजार कर रहा है। आज भारतीय फैशन की दुनिया से निकलकर रितु बेरी, मनीष मलहोत्रा, रोहित बल जैसे तमाम डिजाइनर दुनिया भर में अपने हुनर का डंका बजा रहे हैं।

एंट्री
इस क्षेत्र में कदम रखने के लिए फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करना जरूरी है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, पर्ल के अलावा और भी कई इंस्टीट्यूट्स हैं, जहां से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया जा सकता है। फैशन डिजाइनिंग के अंडर ग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन के लिए 12वीं पास होना जरूरी है। निफ्ट जैसे इंस्टीट्यूट में एडमिशन के लिए रिटेन एग्जाम, ग्रुप डिसक्शन और पर्सनल इंटरव्यू के दौर से गुजरना पड़ता है। पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में प्रवेश के लिए किसी भी विषय में स्नातक होना आवश्यक है।

फैशन डिजाइनिंग का क्षेत्र तीन ब्रांचों में विभाजित है-गारमेंट डिजाइन, लेदर डिजाइन और एक्सेसरीज व ज्यूलॅरी डिजाइन। इसके अलावा, फैशन बिजनेस मैनेजमेंट, फैशन रिटेल मैनेजमेंट, फैशन मार्केटिंग, डिजाइन प्रोडक्शन मैनेजमेंट आदि कोर्स में विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं। इन सभी क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त संस्थानों से ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स किए जा सकते हैं।

फैशन डिजाइनिंग का क्रेज
टीवी सीरियल और फिल्म के दीवानों की देश में कमी नहीं है। खासकर टीवी सीरियल की पैठ तो आज घर-घर में हो चुकी है। टीवी सीरियल्स और फिल्मों में डिजाइन कपड़ों को देख कर लोगों का के्रज फैशन के प्रति अब देखते ही बनता है। यह भी एक वजह है, जिससे पिछले कुछ वर्षों में फैशन इंडस्ट्री में काफी उछाल आया है। उद्योग चैंबर एसोचैम के मुताबिक, भारतीय फैशन इंडस्ट्री वर्ष 2012 तक 7 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर जाएगी। जिस तरह से लोगों में आज फैशन एक्सेसिरीज के प्रति दीवानगी बढ़ती जा रही है, उससे इस क्षेत्र का फलक और बड़ा होने की उम्मीद है।

फैशन की दुनिया
अक्सर लोगों को यह लगता है डिजाइनर सपनों की दुनिया में विचरण करते रहते हैं। लेकिन असलियत यह है कि उसका काम काफी चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि बाजार की मांग के अनुरूप किसी खास प्रोडक्ट, सीजन और प्राइस को ध्यान में रखकर उसे काम करना पड़ता है। पिछले कुछ वर्षों में यह क्षेत्र तेजी से बदला है। देखा जाए, तो कुछ साल पहले तक भारत में एक भी ऐसा फैशन डिजाइनर नहीं था, जिसे वैश्विक स्तर पर पहचाना जाए। लेकिन आज रितु कुमार, रितु बेरी, रोहित बहल, सुनीत वर्मा, जेजे वालिया, तरुण तहिलियानी जैसे नामों की चर्चा दुनिया भर में होती है। रितु बेरी ने तो हॉलीवुड की बड़े स्टार निकोलस किडमन और कैट होम्स के कपड़े भी डिजाइन कर चुकी हैं।

नौकरी के मौके
क्रिएटिव लोगों के लिए यहां मौकों की कमी नहीं है। फैशन डिजाइनिंग का जॉब काफी चकाचौंध भरा होता है। यहां हमेशा कुछ नया करने की चुनौती होती है। इस समय फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में गारमेंट और एक्सेसरीज डिजाइनर की काफी डिमांड है। फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करने के बाद फैशन हाउस और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में रोजगार के अच्छे अवसर हैं। यहां आप प्रोडक्शन, फैशन मार्केटिंग, डिजाइन प्रोडक्शन मैनेजमेंट, फैशन मीडिया, क्वालिटी कंट्रोल, फैशन एक्सेसिरीज डिजाइन और ब्रांड प्रमोशन में काम कर सकते हैं। इसके अलावा, कॉस्ट्यूम डिजाइनर, फैशन कंसल्टेंट, टेक्निकल डिजाइनर, ग्राफिक डिजाइनर, प्रोडक्शन पैटर्न मेकर, फैशन कॉर्डिनेटर आदि के रूप में भी शानदार करियर बना सकते हैं।

जरूरी तैयारी
इस फील्ड में एंट्री करने के पहले यह जरूरी है कि अपना एक पोर्टफोलियो कर लें। इसके लिए जरूरी है कि आप किसी प्रोफेशनल फोटोग्राफर के पास जाकर अपनी कुछ अच्छी तस्वीरें खिंचवाएं, ताकि आपका अच्छा पोर्टफोलियो तैयार हो सके। आप इस पोर्टफोलियो को किसी एडवरटाइजिंग एजेंसी, जरूरत के मुताबिक मॉडलों को उपलब्ध कराने वाली कोऑर्डिनेटिंग एजेंसी या किसी फैशन डिजाइनर को दिखाकर अपनी मॉडलिंग की राह आगे बढ़ा सकते हैं। मॉडलिंग में विकल्प मॉडलिंग कई तरह की होती है। व्यापक तौर पर इसे रैंप मॉडलिंग, टेलीविजन मॉडलिंग और प्रिंट मॉडलिंग बांटा जा सकता है।

टेलीविजन मॉडलिंग: इसमें आपको मूवी कैमरों के सामने मॉडलिंग करनी पड़ती है। जिसका इस्तेमाल टीवी विज्ञापनों, सिनेमा, वीडियो, इंटरनेट आदि में किया जाता है। प्रिंट मॉडलिंग: इसमें स्टिल फोटोग्राफर्स मॉडल्स की तस्वीरें उतारते हैं, जिनका इस्तेमाल अखबार, ब्रोशर्स, पत्रिकाओं, कैटलॉग, कैलेंडरों आदि में किया जाता है।

शोरूम मॉडलिंग: शोरूम मॉडल्स आमतौर पर निर्यातकों, गारमेंट निर्माताओं और बड़े रिटेलरों के लिए काम करते हुए खरीदारों के सामने फैशन के नवीनतम रुझानों को प्रदर्शित करते हैं।

रैंप मॉडलिंग: इसमें मॉडल्स को दर्शकों के सामने गारमेंट्स व ऐसेसरीज प्रदर्शित करनी होती है। यह प्रदर्शनी, फैशन शो या किसी शोरूम की बात भी हो सकती है। रैंप मॉडल की खड़े होने, चलने की शैली और बॉडी लैंग्वेज बेहतर होनी चाहिए।

सैलॅरी की चमक
फैशन डिजाइनिंग में सैलॅरी भी काफी बेहतर है। शुरू-शुरू में आपकी सैलॅरी 10,000 से 14,000 रुपये महीने हो सकती है। लेकिन दो-तीन साल में जब आप डिजाइनिंग में कुशल हो जाते हैं, तो सैलॅरी काफी बढ़ जाती है। जब आप इस फील्ड में एक बार जाने-पहचाने नाम बन जाते हैं, तो लाखों में कमाई कर सकते हैं।

इंस्टीट्यूट वॉच
-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद
-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन डिजाइन, चंडीगढ़
-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, नई दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता, हैदराबाद, चेन्नई, गांधीनगर, बेंगलुरु
-नॉर्थ इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, मोहाली
-पर्ल एकेडमी ऑफ फैशन, नई दिल्ली
-गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ गारमेंट टेक्नोलॉजी
-एफडीडीआई, नोएडा
-सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन

Tuesday, October 20, 2015

वकालत में करें करियर को पेटेंट

सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाने का जज्बा सिर्फ गिने-चुने प्रोफेशन में ही है। इन्हीं में से एक ‘लॉ’ भी है। लॉ का महत्त्व वैसे तो हमेशा से ही रहा है, परन्तु जिस हिसाब से लोगों में अपने अधिकारों एवं कानून को लेकर जागरूकता बढ़ी है, वकालत के पेशे ने भी उड़ान भरनी शुरू कर दी है। भारत में सस्ती लॉ सुविधाओं के चलते विदेशी संस्थाएं भी भारतीय वकीलों की ओर देख रही हैं। यही वजह है कि आज वकालत का प्रोफेशन अपने बूम पर है। संजीव चंद की रिपोर्ट
39 वर्षीय बृजेश चन्द्र कौशिक इलाहाबाद हाईकोर्ट में सिविल एवं साइबर कानून विशेषज्ञ के रूप में जाने जाते हैं। उनका वकालत तक का सफर भी काफी रोचक रहा है। इस बारे में कौशिक बताते हैं कि ‘बीएससी एवं एमएससी कैमिस्ट्री में करने के पश्चात सिविल सेवाओं की तैयारी की ओर कदम बढ़ाया। कई बार इंटरव्यू के दौर से भी गुजरा, लेकिन इंटरव्यू देने के बाद भी सफल न होने की वजह से मेरा रुझान धीरे-धीरे सामाजिक चिंतन की ओर होने लगा। फिर इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मैंने एलएलबी की तथा लॉ प्रोफेशन में प्रवेश किया।’ शुरुआती कुछ संघर्षो के बाद आज वे सफल हैं तथा अपने प्रोफेशन से खुश भी हैं।
उनका कहना है कि लॉ में करियर बनाने के बाद मेरी सिविल सेवाओं में असफलता की जो टीस थी, वह काफी हद तक कम हो गई। आज भी मैं इसमें बेहतर संभावनाओं की तलाश में रहता हूं। उनका मत है कि इस प्रोफेशन में शुरुआती दौर में हर वकील को कई झंझावातों से होकर गुजरना पड़ता है। इन्हीं झंझावातों से जूझ कर एक पेशेवर वकील बनने का सपना पूरा हो पाता है। इसमें दो राय नहीं कि लॉ का क्षेत्र हमेशा उपयोगी रहा है, क्योंकि समाज में विभिन्न प्रकार के अपराधों की संख्या बढ़ रही है। इनके नियंत्रण के लिए तमाम तरह के कानून बनाए गए हैं। उन कानूनों की जानकारी रखने वाले पेशेवर वकीलों की मांग दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। आज के दौर में कम्प्यूटर क्रांति की वजह से साइबर अपराधों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ है। इनके नियंत्रण के लिए साइबर कानून, साइबर न्यायालय इत्यादि बनाए गए हैं।
भारत की लीगल एजुकेशन में हमेशा बदलाव आते रहते हैं। कई यूनिवर्सिटीज एवं नेशनल लॉ स्कूल मिल कर इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं। बार काउंसिल ऑफ इंडिया एवं यूजीसी की सहायता से इसकी गुणवत्ता को निखारा जा रहा है। यही कारण है कि देश में लीगल एजुकेशन में हालिया कुछ वर्षों में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। हालांकि किसी भी संस्थान का पाठय़क्रम या विषय अन्य लॉ स्कूलों से अलग नहीं होते, परंतु संस्थान विशेष में पढ़ाई का तरीका उसे अपने आप में अनोखा बनाता है। सुप्रीम कोर्ट के वकील एसके उपाध्याय का कहना है कि ‘मल्टीनेशनल कंपनियां अच्छे पैकेज पर वकीलों को अपने यहां रखती हैं। भारत के कोर्स की मान्यता विदेशों में भी है। बस वहां के लोकल लॉ का अध्ययन आवश्यक हो जाता है। जिन-जिन देशों में इंग्लैंड का शासन रहा है, वहां सीआरपीसी एवं आईपीसी संबंधी धाराएं समान रूप से लागू होती हैं।’ इस प्रोफेशन में सफल होने के बारे में श्री उपाध्याय बताते हैं कि ‘एक वकील के पास लॉ का ज्ञान, इंटरप्रीटेशन ऑफ लॉ, अभिव्यक्ति की क्षमता आदि की विशेषज्ञता का विकास होना अधिक मायने रखता है। तभी एक अच्छे वकील के रूप में आप देश-विदेश की विभिन्न लॉ फर्मो को अपनी सेवाएं देकर उचित पारिश्रमिक एवं सम्मान दोनों हासिल कर सकते हैं। इसमें थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल नॉलेज काफी कारगर होती है। वैसे भी यह प्रोफेशन हमेशा से फलदायी रहा है। भारत और विदेशों में बड़ी लॉ फर्मो के आने और आकर्षक सेलरी देने के कारण कई छात्र कानून की शिक्षा ले रहे हैं।’
लॉ में हैं अनेक शाखाएं
लॉ के अंतर्गत आने वाले कोर्स का स्ट्रक्चर काफी फैला हुआ है। इसमें कई विषयों को शामिल किया जाता है। एक वकील अथवा जज को कई विषयों का ज्ञान रखना पड़ता है। अपनी विशेषज्ञता के हिसाब से वे अपनी फील्ड भी चुनते हैं। इसके सब्जेक्ट को लेकर रोचकता इसीलिए बनी रहती है, क्योंकि इसमें हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस, इकोनॉमिक्स तथा एनवायरमेंट जैसे विषयों में से किसी एक का चयन करना पड़ता है। कुछ शाखाएं इस प्रकार हैं-
कॉरपोरेट लॉ- वर्तमान समय में वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए कॉरपोरेट लॉ की उपयोगिता बढ़ गई है। इसके तहत कॉरपोरेट जगत में होने वाले अपराधों के लिए उपाय या कानून बताए गए हैं। कॉरपोरेट कानूनों के बन जाने से कॉरपोरेट जगत में होने वाले अपराधों को रोकने तथा कॉन्ट्रेक्ट नेगोसिएशन, फाइनेंस प्रोजेक्ट, टैक्स लाइसेंस और ज्वॉइंट स्टॉक से संबंधित काम किए जाते हैं। इसमें वकील किसी फर्म से जुड़ कर उसे कॉरपोरेट विधि के बारे में सलाह देते हैं।
पेटेंट अटॉर्नी- पेटेंट अटॉर्नी, पेटेंट लॉ का काफी प्रचलित शब्द है। इसका मतलब है कि एक ऐसा अधिकार, जिसके तहत कोई व्यक्ति अपना पूर्ण स्वामित्व रखता है। बिना उसकी मर्जी या सहमति के कोई अन्य व्यक्ति उस अधिकार का प्रयोग नहीं कर सकता। यदि वह अधिकार किसी दूसरे व्यक्ति को स्थानांतरित (आंशिक या पूर्ण रूप से) करता है तो इसके बदले उस फर्म या व्यक्ति से कॉन्टेक्ट करता है।
साइबर लॉ- हर क्षेत्र में कंप्यूटर के बढ़ते उपयोग से साइबर क्राइम का भी ग्राफ बढ़ा है। आज इस कानून का विस्तार आम आदमी के साथ-साथ लॉ फर्म, बैंकिंग, रक्षा आदि कई क्षेत्रों में हो रहा है। इस कानून के तहत साइबर क्राइम के मुद्दों और उस पर कैसे लगाम लगाई जा सकती है, इसकी जानकारी दी जाती है।
क्रिमिनल लॉ- इसे लॉ की दुनिया का सबसे प्रचलित कानून माना जाता है। इस कानून से हर छात्र का सामना पड़ता है। हालांकि इसमें भी शुरुआती चरण में कई तरह की दिक्कतों से दो-चार होना पड़ता है, परन्तु एक बार नाम हो जाने पर फिर सरपट दौड़ शुरू हो जाती है।
फैमिली  लॉ- यह क्षेत्र महिलाओं का पसंदीदा क्षेत्र है। इसके अंतर्गत पर्सनल लॉ, शादी, तलाक, गोद लेने, गाजिर्यनशिप एवं अन्य सभी पारिवारिक मामलों को शामिल किया जा सकता है। लगभग सभी जिलों में फैमिली कोर्ट की स्थापना की जाती है, ताकि पारिवारिक मामलों को उसी स्तर तक सुलझाया जा सके।
बैंकिंग लॉ- जिस तरह से देश की विकास दर में वृद्धि हो रही है, ठीक वैसे ही बैंकिंग क्षेत्र का दायरा भी बढ़ रहा है। इसमें खासतौर पर लोन, लोन रिकवरी, बैंकिंग एक्सपर्ट आदि से संबंधित कार्यो का निपटारा होता है।
टैक्स लॉ- इस शाखा के अंतर्गत सभी प्रकार के टैक्स जैसे इनकम टैक्स, सर्विस टैक्स, सेल टैक्स से जुड़े मामलों को वकीलों की सहायता से निपटाया जाता है।
कब कर सकते हैं कोर्स
इसमें प्रवेश की पहली सीढ़ी 10+2 के बाद ही मिल जाती है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) द्वारा प्रायोजित पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एलएलबी कोर्स में छात्रों को बुनियादी चीजों को लेकर स्पेशलाइजेशन तक की जानकारी दी जाती है, जबकि ग्रेजुएशन  के पश्चात एलएलबी (तीन वर्षीय, पार्टटाइम/फुलटाइम) तथा उसके बाद एलएलएम (2 वर्षीय) में दाखिला आसान हो जाता है। बीए एलएलबी में छात्र को किसी स्पेशलाइज्ड फील्ड जैसे कॉरपोरेट लॉ, पेटेंट लॉ, क्रिमिनल लॉ, साइबर लॉ, फैमिली लॉ, बैकिंग लॉ, टैक्स लॉ, इंटरनेशनल लॉ, लेबर लॉ, रीयल एस्टेट लॉ आदि में विशेषता हासिल करनी होती है।
कोर्स के प्रश्चात छात्र को एक से दो वर्ष तक इंटर्नशिप या किसी वरिष्ठ अधिवक्ता के सहायक के रूप में काम करना पड़ता है। उसके बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया या अन्य किसी संस्था में रजिस्ट्रेशन कराया जाता है।
आवश्यक स्किल्स
इस प्रोफेशन की सबसे खास बात यह है कि इसमें छात्र जीवन से ही जुझारू प्रवृत्ति अपनानी पड़ती है। किताबों एवं घटनाओं से निरंतर जुड़े रहना किसी भी प्रोफेशनल को आगे ले जाता है। रिसर्च एवं एनालिसिस के आधार पर ही किसी विषय पर कमांड हासिल हो सकती है, इसलिए मेहनत करने से भागे नहीं।
एक एडवोकेट के रूप में आपको मृदुभाषी, वाकपटु, मेहनती तथा लीडर जैसे गुण भी अपनाने पड़ते हैं। महज परीक्षा पास करने से ही एक अच्छा वकील नहीं बना जा सकता, बल्कि तार्किक, धैर्यवान, एकाग्रता, बहस करने की क्षमता, आत्मविश्वास तथा पिछले केसों के बारे में अच्छी जानकारी रखने वाला भी होना चाहिए। आपके पास एक अच्छी लाइब्रेरी तथा किताबों का संग्रह भी आवश्यक है।
एंट्रेंस एग्जाम का स्वरूप
ज्यादातर बड़े संस्थानों में दाखिला एंट्रेंस एग्जाम के ही जरिये मिलता है। यह एक ऑब्जेक्टिव टाइप पेपर होता है, जिसमें रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, न्यूमेरिक एप्टीटय़ूड, लीगल एप्टीटय़ूड एवं राजनीति शास्त्र से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। थोड़ी- सी मेहनत से ही उम्मीदवार इसमें सफलता हासिल कर सकता है, पर लॉ के क्षेत्र में जाने का फायदा तभी है, जब आपकी इसमें विशेष रुचि हो। दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी ने अपनी प्रवेश तिथियां घोषित कर दी हैं, जबकि 2008 के पश्चात सात नेशनल लॉ स्कूल मिल कर कॉमन लॉ एडमिशन टैस्ट का आयोजन करते हैं, जिसके पश्चात अंडरग्रेजुएट व पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम में प्रवेश मिलता है।
प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाएं
विगत कुछ वर्षो से लॉ के प्रोफेशन में काफी बदलाव आया है। इसमें अच्छे छात्रों के चयन के लिए लगभग सभी बड़े संस्थानों ने एंट्रेंस एग्जाम की प्रथा शुरू कर दी है। इसलिए अच्छे लॉ कॉलेज में पढ़ने की संभावना तभी बन पाएगी, जब एंट्रेंस एग्जाम पास करेंगे। कुछ एंट्रेंस एग्जाम एवं उसे कराने वाले संस्थान निम्न हैं-
क्लैट (कॉमन लॉ एडमिशन टैस्ट)
एसएसएलसी, पुणे (सिम्बायोसिस सोसायटी लॉ कॉलेज)
फैकल्टी ऑफ लॉ, दिल्ली यूनिवर्सटिी
क्यूएलटीटी (क्वालिफाइड लॉयर्स ट्रांसफर टैस्ट)
एमिटी लॉ स्कूल, दिल्ली

कैसे लें लॉ कॉलेज की जानकारी
जहां एक ओर नामी लॉ कॉलेजों की भरमार है, वहीं फर्जी संस्थानों की भी कमी नहीं है। ऐसे फर्जी संस्थान विज्ञापन के माध्यम से अपने संस्थान का 100 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्शाते हैं, इसलिए एडमिशन से पूर्व उस संस्थान की सत्यता की जांच-परख अवश्य कर लें। कोई भी इच्छुक छात्र, जो लॉ में अपना करियर बनाना चाहता है या वह संस्थान के बारे में जानकारी हासिल करना चाहता है तो ‘बार काउंसिल ऑफ इंडिया’ उसकी मददगार साबित हो सकती है। यह संस्थान कानूनी शिक्षा एवं व्यवसाय के साथ-साथ कानूनों में सुधार लाने के लिए अपने परामर्श भी देता है। इसकी वेबसाइट

वकालत के पेशे के लिए भारत का माहौल कैसा है?
देखा जाए तो यह काफी अच्छा प्रोफेशन है, क्योंकि इसमें एक वकील के रूप में कई विषयों की जानकारी होती है। मंदी के दौर में जहां हर प्रोफेशन प्रभावित हुआ, वहां लॉ प्रोफेशन पर कोई असर नहीं पड़ा। पिछले कुछ सालों में इसमें कई बदलाव देखने को मिले हैं। आने वाले समय में यह फील्ड और भी कारगर हो सकती है।
किस तरह के गुण एक वकील को औरों से अलग बनाते हैं?
हालांकि शुरुआती दिनों में इस पेशे में काफी संघर्ष की स्थिति है, लेकिन एक-दो वर्षो के संघर्ष के बाद स्थिति पूरी तरह काबू में आ जाती है। लॉ की अच्छी एवं अपडेट जानकारी, कम्युनिकेशन स्किल्स, ऑन द स्पॉट जवाब देने की योग्यता जैसे गुण एक वकील को अलग श्रेणी में खड़ा कर सकते हैं।
शुरुआती चरण में किस तरह की दिक्कतें आती हैं?
करियर शुरू करने पर सबसे बड़ी दिक्कत पैसे की आती है। यदि पारिवारिक बैकग्राउंड वकालत की है तो काफी फायदा पहुंचता है। एक लंबा वक्त उन्हें अपनी पहचान बनाने में लग जाता है तथा सीनियरों का सहयोग अथवा उनसे काम मिलने में परेशानी आती है, इसलिए इसमें धैर्य की बहुत जरूरत होती है।
दो-तीन साल प्रैक्टिस के बाद वकील कैसे आगे बढ़ सकता है?
हालांकि हाईकोर्ट अथवा सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करने में वकील को कई तरह की दिक्कतें आनी स्वाभाविक हैं, इसलिए उन्हें कोशिश करनी चाहिए कि वे लोअर कोर्ट से ही अपनी प्रैक्टिस शुरू करें। 2-3 साल के बाद रुचि विकसित हो जाने के बाद अपनी फील्ड का चुनाव कर सकते हैं।
विदेशों में वकालत में कितनी संभावनाएं हैं?
सच कहा जाए तो भारत से ज्यादा विदेशों में वकालत में संभावनाएं मौजूद हैं। आजकल बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने विदेशी लोगों को यहां प्रैक्टिस की इजाजत दे रखी है। इसी तरह से यहां के लोग भी विदेशों में जाकर प्रेक्टिस कर रहे हैं। अभी इसमें और भी खुला परिदृश्य नजर आएगा। साथ ही कई सारी एमएनसी एवं लॉ फर्म भी भारत आ चुकी हैं।
रजिस्ट्रेशन संबंधी प्रक्रिया क्या है?
जैसे ही छात्र अपना कोर्स पूरा करते हैं, उन्हें अपने अटेंडेंस सर्टिफिकेट के साथ स्टेट बार काउंसिल में अप्लाई करना होता है। उसके बाद उन्हें प्रैक्टिस संबंधी लाइसेंस दे दिया जाता है।
..........................................................................................................................................
प्रमुख संस्थान
नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (एनएलएसआईयू)
29 अगस्त सन् 1987 में स्थापित संस्थान लीगल एजुकेशन, लीगल रिसर्च एवं ट्रेनिंग का खास गढ़। संस्थान में ही छात्र-टीचर्स के रहने की व्यवस्था।
संस्थान के फुल टाइम प्रोग्राम के छात्रों को एसबीए मेंबर होना जरूरी है।
पता - एनएलएसआईयू, पो. बॉ. - 7201, नागरभावी, बेंगलुरू-560072
वेबसाइट - www.nis.ac.in
अन्य प्रमुख संस्थान
- एनएएलएसएआर, हैदराबाद
वेबसाइट - www.nalsar.ac.in
- एनयूजेएस, कोलकाता
वेबसाइट - www.nugs.edu
 -  एनएलयू, जोधपुर
वेबसाइट - www.nlujodhpur.ac.in
- फैकल्टी ऑफ लॉ, (डीयू), दिल्ली
वेबसाइट - www.du.ac.in
- एमिटी लॉ स्कूल, नई दिल्ली,
वेबसाइट - www.amity.edu
- फैकल्टी ऑफ लॉ (बीएचयू), वाराणसी,
वेबसाइट - www.bhu.ac.in
- फैकल्टी ऑफ लॉ (एएमयू), अलीगढ़
वेबसाइट - www.amu.ac.in
कोचिंग संस्थान
- करियर लॉन्चर (एलएसटी)
वेबसाइट - www.careerlauncher.com
- पीटी एजुकेशन
वेबसाइट - www.pteducation.com
- श्रीराम लॉ एकेडमी
वेबसाइट - www.lawentrancecoaching.com
स्कॉलरशिप
देश में मिलने वाली स्कॉलरशिप-एनएलएसआईयू स्कॉलरशिप, हेमंत नरिचानिया स्कॉलरशिप, ललित भसीन स्कॉलरशिप एवं शंकर रामा मेमोरियल ट्रस्ट स्कॉलरशिप। विदेशों में लॉ से संबंधित स्कॉलरशिप- अमेरिकन बार एसोसिएशन, यूनिफिकेशन ऑफ प्राइवेट लॉ (यूएनआईडीआरओआईटी) रोम आदि हैं। कुछ प्रमुख वेबसाइट भी निम्न हैं- www.nelliemae.com, www.accessgroup.org लॉ एवं एचआर मिनिस्ट्री से भी सहायता मिलती है।
एजुकेशन लोन
लॉ सरीखे प्रफेशनल कोर्स के लिए देश व विदेश में पढ़ाई के लिए कई राष्ट्रीयकृत बैंक 10 से लेकर 20 लाख तक एजुकेशन लोन उपलब्ध कराते हैं। हालांकि फॉरेन एजुकेशन को लेकर कुछ शर्तें जरूर हैं। इलाहाबाद बैंक, आंध्रा बैंक, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया, विजया बैंक प्रमुखता के साथ लोन देते हैं।
नौकरी के अवसर
इसमें प्रोफेशनल्स को सरकारी एवं प्राइवेट, दोनों ही सेक्टर में जॉब के अवसर मिलते हैं। प्राइवेट सेक्टर में जहां एडवोकेट, लीगल कंसल्टेंट, टीचर, राइटर, लीगल एजवाइजर आदि बनने का रास्ता खुलता है, वहीं सरकारी सेक्टर में सॉलीसिटर, लीगल कंसल्टेंट, (पार्टटाइम व फुलटाइम), लॉ ऑफीसर, असिस्टेंट एडवाइजर, डिप्टी लीगल एडवाइजर के रूप में अवसर सामने आते हैं। लॉ सर्विस कमीशन एवं स्टेट पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षा पास करने के बाद मुंशफ एवं प्रमोशन के पश्चात उप न्यायाधीश, जिला एवं सत्र न्यायाधीश बना जा सकता है। एडवोकेट के रूप में हाइकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट तक का रास्ता अख्तियार किया जा सकता है।
वेतन
इसमें प्रारम्भ में किसी भी प्रेक्टिशनर को 5 से 7 हजार रुपए प्रतिमाह मिलते हैं। एक-दो साल का अनुभव होने पर प्रोफेशनल्स को 10-12 हजार प्रतिमाह तक आसानी से मिल जाते हैं, जबकि प्राइवेट प्रेक्टिशनर्स को इस क्षेत्र में अच्छा पारिश्रमिक मिलता है। गवर्नमेंट सर्विस के अंतर्गत जब प्रोफेशनल्स सब जज के रूप में नियुक्त होते हैं तो 8-12 लाख रुपये प्रतिवर्ष का पैकेज लेते हैं।
सेलरी की सीमा काफी कुछ संस्थान, फर्म्स अथवा कंपनी पर निर्भर करती है।